संसद के मानसून सत्र में जारी गतिरोध के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अमित शाह का भाषण नहीं बल्कि छात्रों पर हुई कार्रवाई का जवाब चाहता है।

राहुल गांधी ने कहा, ”विपक्ष ने साफ कहा है कि हमें अमित शाह का लेक्चर नहीं सुनना। जब मैं ‘हम’ कहता हूं तो मेरा मतलब देश की युवा पीढ़ी से है। छात्रों पर गोली किसने चलवाई? कीलों वाली लाठियों से छात्रों को पीटने का आदेश किसने दिया? क्या यह आदेश अमित शाह ने दिया था? अगर दिया है तो उन्हें इस्तीफा देना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि खड़गे जी और मैंने प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी और पूरे विपक्ष ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि हम जवाब चाहते हैं।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस और आरएसी (RAF) दोनों गृह मंत्रालय के अधीन आते हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, ”क्या यह आदेश अमित शाह ने दिया था या नहीं? अगर दिया था तो वे दोषी हैं और उन्हें इस्तीफा देना चाहिए। अगर नहीं दिया तब भी उन्हें इस्तीफा देना चाहिए।”

कांग्रेस सांसद ने गृह मंत्री पर संसद से बचने का आरोप लगाते हुए कहा, ”सवाल यह नहीं है कि अमित शाह संसद आते हैं या नहीं। सवाल यह है कि वह पिछले 20 दिनों से गायब हैं। वह संसद नियमित आते-जाते थे। लेकिन सदन में नहीं आए। देश के गृह मंत्री में सदन में आकर जवाब देने का साहस नहीं है।”

‘लापता, भगोड़े यह भाषा सही नहीं’, संसद में गतिरोध पर अमित शाह का जवाब

संसद के मानसून सत्र में जारी गतिरोध के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है लेकिन विपक्ष संसद चलने नहीं देना चाहता।

अमित शाह ने कहा कि छात्रों के प्रदर्शन समेत हर मुद्दे पर सरकार चर्चा के लिए तैयार है और वह विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने को तैयार हैं। उन्होंने कहा, ”सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है।”