पश्चिम बंगाल में मतदान से एक दिन पहले गृह मंत्री अमित शाह ने दमदम और हावड़ा में जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान अमित शाह ने विपक्षियों पर जमकर निशाना साधा। शाह के निशाने पर सबसे ज्यादा राज्य की मुख्यमंत्री और टीएमसी की मुखिया ममता बनर्जी रहीं। अमित शाह ने कहा कि ममता दीदी कहती हैं कि 7 बजे के बाद माताएं घर से बाहर न निकलें। उन्होंने कहा कि आप भाजपा सरकार बना दो, मोदी जी के हाथ मजबूत करो। रात को एक छोटी सी बच्ची भी स्कूटी से बाहर निकल पाए और किसी गुंडे की आंख उठाकर देखने की हिम्मत न हो। शाह ने लोगों को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की जनता से कई वादे भी किए।

जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि भाजपा सरकार आने के बाद लव जिहाद और लैंड जिहाद दोनों बंद हो जाएंगे। सरकारी कर्मचारियों को सातवां वेतन आयोग का फायदा और डीए मिलेगा। किसानों को 6,000 की जगह 9,000 रुपये किसान सम्मान निधि का देंगे। विधवाएं, वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांगों का पेंशन 2,000 रुपये करेंगे। उन्होंने कहा कि सिंडिकेट से मुक्त कराने का काम भी भाजपा करेगी।

बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए शाह ने कहा कि बंगाल में सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी की है, हम भाजपा सरकार बनने के बाद 4 बड़ी इंडस्ट्रियल टाउनशिप बनाएंगे। शाह ने कहा कि जो उद्योग ममता के सिंडिकेट के कारण बाहर गए हैं, उन्हें फिर से बंगाल में शुरू करवाएंगे।

अमित शाह ने बंगाल की जनता से कहा कि आप यहां भाजपा सरकार बना दो, UCC लाकर चार शादी हम समाप्त कर देंगे। हर गर्भवती महिला को भाजपा सरकार 21,000 रुपये देगी और महिलाओं के लिए बस यात्रा मुफ्त करेगी। उन्होंने कहा कि जहां जहां भाजपा का शासन आया है, हमने माताओं की सुरक्षा की चिंता की है।

गृह मंत्री ने लोगों से कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बना दो, हर दीदी के अकाउंट में हर महीने 3,000 रुपये हम जमा कराएंगे। बेरोजगार युवाओं के बैंक अकाउंट में भी 3,000 रुपये जमा करने का काम भाजपा करेगी। हर साल एक लाख युवाओं को नौकरी पारदर्शिता के साथ घर पर बैठकर अपॉइंटमेंट लेटर मिले, ऐसा काम भाजपा करेगी।

शाह ने कहा कि ये घुसपैठिए बंगाल के युवाओं की नौकरी खा रहे हैं, गरीबों का राशन खा रहे हैं और देश की सुरक्षा पर भी सवाल खड़ा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आप 5 तारीख को भाजपा सरकार बना दो, 6 तारीख से घुसपैठियों का पलायन शुरू हो जाएगा।

भाजपा के दिग्गज नेता ने कहा कि अब समय आ गया है- मां, माटी, मानुष का नारा लेकर संत्रास की राजनीति करने वाली ममता बनर्जी को हटाने का। उन्होंने बंगाल को गुंडों के भरोसे छोड़ दिया है। उनका एकमात्र लक्ष्य है- अपने भतीजे को मुख्यमंत्री बनाना। शाह ने कहा कि ममता बनर्जी लोगों को गुमराह कर रही हैं कि बंगाल का मुख्यमंत्री बाहरी होगा।

शाह ने कहा कि अगर राज्य में भाजपा सत्ता में आती है तो मैं आज कहकर जाता हूं, बंगाल का मुख्यमंत्री बंगाल में ही जन्मा हुआ होगा, बंगाली भाषी, बंगाल में पढ़ा हुआ ही होगा। लेकिन वो भाइपो नहीं, भाजपा का कार्यकर्ता होगा।

अयोध्या में राम मंदिर का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि साढ़े 500 साल से मुगल, अंग्रेज, कांग्रेसी, और टीएमसी वाले राम मंदिर नहीं बनाने दे रहे थे। आप सभी ने मोदी जी को दूसरी बार प्रधानमंत्री बनाया और मोदी जी ने अयोध्या में राम मंदिर बनाकर जय श्रीराम कर दिया और ममता दीदी, अपने चेले हुमायूं कबीर से बंगाल में बाबरी मस्जिद बनवाना चाहती है। शाह ने कहा लेकिन आप चिंता मत करो, मैं कहकर जाता हूं कि ममता दीदी जितना जोर लगाना है लगा लो… भाजपा बंगाल में बाबरी मस्जिद कभी नहीं बनने देगी।

अमित शाह ने कहा कि बाड़ बनाने के लिए BSF को 600 एकड़ भूमि चाहिए। ममता दीदी नहीं दे रही है। गृह मंत्री ने कहा कि मैं आपसे वादा करता हूं कि आप भाजपा सरकार बना दो, हम 45 दिन में बाड़ बनाने के लिए BSF को पूरी भूमि देने का काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि 4 मई को काउंटिंग होगी और दीदी हो जाएंगी – टाटा, बाय-बाय! शाह ने कहा कि एक लंबे समय के बाद बंगाल के अंदर सुशासन की शुरुआत होने वाली है। कवि गुरु की कल्पना, महर्षि अरविंद की कल्पना और डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की कल्पना का सोनार बांग्ला बनाने की शुरुआत भाजपा की सरकार करेगी।

बंगाल चुनाव: ‘जय श्री राम बोलना भी सीखिए’, हिमंता बिस्वा सरमा ने ममता बनर्जी पर कसा तंज

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बुधवार को बंगाल की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पार्टी की प्रमुख ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्हें चुनाव वाले पश्चिम बंगाल में हिंदुओं को दरकिनार करने की याद दिलाई। उन्होंने ममता बनर्जी पर जय श्री राम की अनदेखी करते हुए इंशाल्लाह के नारे लगाने का आरोप लगाया। पढ़ें पूरी खबर।