इंडिया गठबंधन के खिलाफ बीजेपी देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्राएं निकाल रही है। गुरुवार को केंद्रीय गहमंत्री अमित शाह हरियाणा के करनाल में ऐसी ही एक पदयात्रा में शामिल हुए जहां उन्होंने एक सभा को भी संबोधित किया। इस दौरान उनके निशाने पर राहुल गांधी रहे।

अमित शाह ने राहुल गांधी से अपनी विदेश यात्राओं का ब्योरा लोगों के सामने रखने की मांग की और कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष होने के नाते जनता को इस बारे में जानने का अधिकार है।

अमित शाह ने कहा, “आप (राहुल गांधी) अभी वियतनाम से लौटे हैं, लेकिन इस बारे में बात नहीं करते। पारदर्शिता होनी चाहिए… राहुल जी, कृपया अपनी सभी विदेश यात्राओं का ब्योरा जनता को दीजिए। आप वियतनाम में कितने दिन रहे, किससे मिले, वहां क्यों गए और आपका कार्यक्रम क्या था।”

‘जनता को जानने का अधिकार है’

अमित शाह ने कहा, “आप एक संवैधानिक पद पर हैं। जनता को इस बारे में जानने का अधिकार है, क्योंकि आप लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं।” बता दें कि राहुल गांधी के वियतनाम जाने को लेकर खूब सियासत हुई थी। राहुल का यह दौरा इसलिए चर्चाओं में रहा था क्योंकि वह ऐसे समय विदेश गए थे जब देश में SIR और चुनाव आयोग में कथित अनियमितताओं को लेकर विपक्ष बीजेपी पर हमलावर था।

‘मेरा युवा मोर्चा का अध्यक्ष ही काफी है’

केंद्रीय गृह मंत्री ने इस दौरान राहुल गांधी की उन चुनौतियों का भी जवाब दिया जो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगातार दे रहे हैं जिसमें वह कह रहे हैं कि पीएम मोदी उनके साथ ओपन बहस करें। शाह ने राहुल गांधी की इन बातों का जवाब देते हुए कहा, “राहुल जी अगर आपको सड़कों पर चर्चा करने का इतना शौक है तो हमें कोई आपत्ति नहीं है। आप (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी जी से बहस करने के लिए कहते हैं … मोदी जी को छोड़िए। हरियाणा में किसी चौराहे को चुन लीजिए, हमारा युवा मोर्चा अध्यक्ष आपसे बहस करेगा।”

‘नाच न जाने आंगन टेढ़ा’

अमित शाह ने ईवीएम के मुद्दे को लेकर भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें (राहुल गांधी) लगता है कि सभी ईवीएम खराब हैं, तो उनकी पार्टी के विधायकों ने केरलम में उन्हीं मशीनों से चुनाव जीतने के बाद शपथ क्यों ली। उन्होंने तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश का भी उल्लेख किया, जहां कांग्रेस सत्ता में है। शाह ने कहा, “राहुल जी, उत्तर प्रदेश में एक कहावत है – ‘नाच न जाने आंगन टेढ़ा’। देश की जनता अब आपको स्वीकार नहीं करती, इसे मान लीजिए।”

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी के खिलाफ नहीं होगी FIR, सिखों की सुरक्षा पर बयान को हाईकोर्ट ने माना अभिव्यक्ति की आजादी का हिस्सा

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश देने से इनकार कर दिया है। मामला साल 2023 में अमेरिका दौरे के दौरान भारत में सिख समुदाय की सुरक्षा को लेकर दिए गए उनके बयान से जुड़ा है। कोर्ट ने कहा कि एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि होने के नाते राहुल गांधी को किसी समुदाय की चिंताओं और अधिकारों को उठाने का अधिकार है। साथ ही, किसी जनप्रतिनिधि के विचारों से असहमति होना अपने आप में अपराध नहीं है। यहां पढ़ें पूरी खबर…