केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 30 मार्च 2026 को घोषणा की कि देश नक्सल मुक्त हो चुका है। इसके लिए उन्होंने 31 मार्च 2026 की डेडलाइन दी थी। लोकसभा में नक्सलियों के खात्मे को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान गृहमंत्री अमित शाह ने जवाब दिया। अमित शाह के निशाने पर नक्सलियों के समर्थक भी रहे। उन्होंने कहा कि इस देश में जितना पाप बंदूक थामने वालों ने किया, उतना ही इसमें भागीदार उनका समर्थन करने वाले हैं।
नेल पॉलिश पाते ही रो पड़ती है नक्सली बच्ची- अमित शाह
अमित शाह ने कहा कि जब कैंप में जाते हैं और वहां पर स्थिति को देखते हैं तो आंख में आंसू वाले दृश्य सामने आते हैं। उन्होंने बताया, “किसी नक्सली बच्ची को नेल पॉलिश देते हैं तो वह लगाते-लगाते रो पड़ती है। जब उसके ट्यूटर पूछते हैं कि क्यों रो रही हो, तब बताती है कि जीवन में पहली बार नेल पॉलिश लगाया है। बच्ची बताती है जब 7 साल की थी तभी उठा ले गए और तबसे पैंट शर्ट और बूट पहन कर घूम रही हूं। मेहंदी हाथ में लगाती है, उसकी खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहता है।”
बच्ची के ह्यूमन राइट की चिंता कौन करेगा?- शाह
अमित शाह ने कहा कि जिसको भी नक्सलवादियों का खात्मा अन्याय की घटना लगती है, उनसे मेरा निवेदन है कि कैंप में जाइए और देखिए कि नक्सलवादियों ने क्या किया है। उन्होंने कहा, “यहां पर बैठकर चर्चा करना कि उनकी सुनो, इनकी मानो, किसी के पास कोई जवाब है? 15000 बच्चों का जीवन बर्बाद कर दिया। यहां सारे बुद्धिजीवी अर्बन नक्सल जाकर कैंप में देखें कि उन्होंने क्या किया है। आप तो ऐसे ही कोर्ट के प्रोटेक्शन में बैठकर आर्टिकल लिखते हैं, वहां जीवन के जीवन उजड़ गए और किसी को परवाह नहीं? अपने आप को ह्यूमन राइट का चैंपियन मानते हैं, 32 साल की बच्ची का मेहंदी न लगाने के ह्यूमन राइट की चिंता कौन करेगा? इसकी चिंता नरेंद्र मोदी करेंगे। इनका अधिकार जो छिन गया, उसका हिसाब कभी ना कभी देना पड़ेगा।”
अमित शाह ने कहा कि मैं तो हिंदू हूं, कर्मों को मानता हूं और जिन्होंने भी नक्सलियों का समर्थन किया है, वह भी पाप के उतने ही भागीदार हैं, जितना बंदूक थामने वाले।
(यह भी पढ़ें- राहुल गांधी कई बार नक्सलियों के हमदर्दों के साथ देखे गए- अमित शाह)
अमित शाह ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपने लंबे राजनीतिक करियर में कई बार नक्सलवादियों के हमदर्दों के साथ देखे गए हैं। पढ़ें पूरी खबर
