केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को ऐलान किया कि बीजेपी पंजाब में अकेले विधानसभा चुनाव लड़ेगी। अमित शाह ने पंजाब के मोगा में ‘बदलाव रैली’ को संबोधित किया। काफी वक्त से अटकलें लग रही थी कि बीजेपी अपने पूर्व सहयोगी शिरोमणि अकाली दल (बादल) के साथ विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन कर सकती है लेकिन अमित शाह ने इस तरह की तमाम अटकलों को खारिज कर दिया है।

पंजाब में फरवरी, 2027 में विधानसभा के चुनाव होने हैं।

अमित शाह ने बीजेपी के लिए समर्थन मांगते हुए कहा, “मैं पंजाब के लोगों से अपील करने आया हूं। बीजेपी पहले पंजाब में अकालियों के जूनियर पार्टनर के तौर पर सरकार का हिस्सा थी। जब भी हम आपके सामने आए, हम छोटे भाई की भूमिका में आए।” शाह ने कहा कि बीजेपी अब अपनी सरकार बनाने के लिए जी-जान लड़ाने जा रही है।

अमित शाह ने रैली में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा, “मैं पंजाब की माताओं, बहनों और बुजुर्गों समेत सभी से आशीर्वाद लेने आया हूं। हमें अपना आशीर्वाद दें। राज्य को मादक पदार्थों की समस्या से अगर कोई छुटकारा दिला सकता है तो वह सिर्फ नरेंद्र मोदी और बीजेपी हैं।”

पंजाब में डबल इंजन वाली सरकार की जरूरत- शाह

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, “हमने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 खत्म किया। आज नक्सलवाद खत्म होने की कगार पर है। अगर पंजाब को मादक पदार्थों की समस्या से छुटकारा दिलाना है, तो उसे बीजेपी की डबल इंजन वाली सरकार की जरूरत है।”

अमित शाह ने कहा, “आज पंजाब कर्ज, मादक पदार्थों की समस्या, धर्म परिवर्तन, भ्रष्टाचार और गैंगस्टरों के आतंक के कारण बर्बाद हो गया है।” शाह ने कहा कि पंजाब को बेरोजगारी से छुटकारा दिलाने में मदद के लिए कांग्रेस, अकाली दल और आम आदमी पार्टी को कई मौके दिए गए।

अमित शाह की रैली के लिए मोगा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मोगा पंजाब के राजनीतिक रूप से अहम मालवा इलाके में आता है। मालवा में पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में से 69 सीटें आती हैं।

यह भी पढ़ें- बंगाल में ममता पर जमकर बरसे अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ टीएमसी पर घुसपैठियों को संरक्षण देने, सामाजिक तनाव बढ़ाने और चुनावी लाभ के लिए जानबूझकर सीमा सुरक्षा को कमजोर करने का आरोप लगाया। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।