Punjab Special Intensive Revision: मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ एसआईआर प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) अनिंदिता मित्रा की राज्य में सत्ता पक्ष और विपक्ष के राजनीतिक दल, दोनों ही तारीफ कर रहे हैं।

मित्रा की कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल, बीजेपी और आम आदमी पार्टी के नेताओं ने तारीफ की है। यह तारीफ ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (एसआईआर) के बाद फाइनल वोटर लिस्ट जारी होने पर की गई।

चारों राजनीतिक दलों के नेताओं ने कहा कि मित्रा ने उनकी चिंताओं को सुना, सवालों के जवाब दिए और एसआईआर प्रक्रिया के दौरान उठाए गए मुद्दों को हल किया। हालांकि, बाद में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेताओं ने कहा कि उनकी तारीफ पंजाब में एसआईआर की प्रक्रिया को संभालने के तरीके के लिए थी। उन्होंने कहा कि इसे एसआईआर प्रक्रिया के समर्थन के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।

एसआईआर के खिलाफ दिल्ली और कई अन्य जगहों पर विपक्षी पार्टियां विरोध प्रदर्शन कर रही हैं।

117 विधानसभा सीटों की फाइनल वोटर लिस्ट जारी

पंजाब में सोमवार को सभी 117 विधानसभा सीटों की फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी गई। पंजाब में कुल 2,01,00,727 वोटर हैं जबकि 13 अगस्त को जारी ड्राफ्ट लिस्ट में यह संख्या 1,93,94,435 थी। ड्राफ्ट लिस्ट के मुकाबले 3.64 प्रतिशत की बढ़ोतरी है।

फाइनल वोटर लिस्ट में 1,03,76,026 पुरुष वोटर, 97,24,195 महिला वोटर और 506 थर्ड-जेंडर वोटर शामिल हैं। दावे और आपत्तियों के चरण के दौरान कुल 7,97,263 वोटर जोड़े गए।

शिरोमणि अकाली दल के प्रवक्ता अर्शदीप सिंह कलेर ने एसआईआर की प्रक्रिया का स्वागत करते हुए कहा कि पंजाब में इसे लेकर कुछ आशंकाएं थीं। कलेर ने कहा, “हमने हर बैठक में मुख्य चुनाव अधिकारी के सामने अपनी बातें रखीं। उन्होंने हर बात को ध्यान से सुना और जहां जरूरत थी, वहां सुधार किए।”

कलेर ने कहा कि फाइनल लिस्ट में लगभग 2.01 करोड़ वोटर हैं और यह प्रक्रिया सही ढंग से पूरी हुई। उन्होंने उन लोगों के नाम हटाने का भी जिक्र किया जो कहीं और चले गए थे या अब पात्र नहीं थे। अकाली नेता ने नए वोटर जोड़ने की बात भी कही।

बीजेपी ने क्या कहा?

पंजाब बीजेपी लीगल सेल के चेयरमैन एन.के. वर्मा ने कहा कि यह प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में पूरी हुई। उन्होंने कहा, “बीजेपी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और अकाली दल के प्रतिनिधियों ने फाइनल लिस्ट पर कोई आपत्ति नहीं जताई और इस प्रक्रिया को संभालने के लिए मित्रा की तारीफ की।”

आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता फेरी सोफत ने कहा कि उनकी पार्टी ने जून से ही सीईओ के सामने एसआईआर से जुड़े मुद्दे उठाए थे और उन्हें संतोषजनक जवाब मिले थे। सोफत ने कहा कि राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त लगभग 90,000 बीएलए की भागीदारी से इस प्रक्रिया में मदद मिली। उन्होंने पंजाब सरकार द्वारा बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को दिए गए सहयोग का भी जिक्र किया। बीएलओ को इस काम (रिवीजन) पर ध्यान देने के लिए दूसरे सरकारी कामों से मुक्त कर दिया गया था।

सोफत ने कहा कि यह तारीफ खास तौर पर पंजाब में एसआईआर प्रक्रिया को संभालने के तरीके के लिए थी और इसका मतलब यह नहीं था कि आम आदमी पार्टी को दूसरी जगहों पर एसआईआर को लेकर कोई चिंता नहीं है।

पंजाब में एसआईआर की प्रक्रिया पारदर्शी- कांग्रेस

कांग्रेस प्रवक्ता हरदीप सिंह किंगरा ने कहा कि पंजाब में एसआईआर की प्रक्रिया पारदर्शी है और राजनीतिक दलों को हर चरण में जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि व्हाट्स ऐप ग्रुप में उनके उठाए गए सवालों का तुरंत जवाब दिया जाता था। किंगरा ने कहा कि कभी-कभी तो आधी रात को भी मित्रा सवालों के जवाब देने में काफी एक्टिव रहती थीं।

किंगरा ने कहा कि मित्रा ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया था कि मौजूदा सूची में गड़बड़ियों को ‘फॉर्म 6’ के जरिये भी ठीक किया जा सकता है। उन्होंने इस बात पर आपत्ति जताई कि उनकी बातों का यह मतलब निकाला गया कि कांग्रेस एसआईआर प्रक्रिया का समर्थन कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया का एक वर्ग उनकी बातों को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रहा है।

किंगरा ने कहा कि उन्होंने एसआईआर की तारीफ नहीं की है। सीईओ अनिंदिता मित्रा ने अच्छा काम किया है और क्या इसकी तारीफ नहीं होनी चाहिए? मित्रा ने कहा कि वह आधी रात को भी हमारे संदेशों का जवाब देती थीं।

यह भी पढ़ें- ‘ज्ञानेश कुमार के पास ऐसी क्या जानकारी है जो सरकार उन्हें बचा रही?’

कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं ने आरोप लगाया है कि पूरा देश आपातकाल जैसी स्थिति का सामना कर रहा है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।