पंजाब में कांग्रेस के अंदर इस वक्त खींचतान चल रही है। इसी बीच शनिवार को पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने अपने समर्थकों के साथ चंडीगढ़ में पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल से मुलाकात की। चन्नी गुट के कांग्रेस नेताओं से मुलाकात के बाद भूपेश बघेल ने कहा कि पार्टी में कोई झगड़ा नहीं है, लेकिन उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वर्तमान पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को हटाने पर कोई चर्चा नहीं हुई है।
भूपेश बघेल ने कहा कि राणा (कांग्रेस विधायक राणा गुरजीत) ने हमें बुलाया था। वे एक वरिष्ठ नेता हैं। मैंने सभी साथियों से बात की और उनसे मिला। उन्होंने अपनी राय रखी और हाई कमान के फ़ैसले पर किसी को कोई आपत्ति नहीं है। सभी हाई कमान के साथ हैं।
बघेल ने कहा कि मेरे साथियों ने कुछ बातें उठाईं और मैंने उन सभी को भरोसा दिलाया कि मैं सभी के हितों का ध्यान रखूंगा। किसी को भी इसलिए नुकसान नहीं होना चाहिए क्योंकि उन्हें किसी बड़े नेता का समर्थन नहीं है। अगर कोई उम्मीदवार जीतने की काबिलियत रखता है, तो उसे निश्चित रूप से टिकट मिलेगा। साथियों ने कुछ मुद्दे उठाए, जिन्हें मैं हाई कमान तक पहुंचाऊंगा। कोई भी नाराज नहीं है। उन्होंने आगे कहा, “पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर राजा वड़िंग को बदलने के बारे में ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई।”
क्या विवाद था?
बता दें, कांग्रेस ने 1 जुलाई को ऐलान किया था कि अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पंजाब यूनिट के अध्यक्ष बने रहेंगे और जालंधर के सांसद चन्नी कैंपेन कमिटी के चेयरमैन होंगे। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष न बनाए जाने से नाराज बताए जा रहे पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी, बघेल से नहीं मिले। भूपेश बघेल सोमवार को पंजाब पहुंचे थे और राज्य के नेताओं और पदाधिकारियों के साथ लगातार बैठकें कर रहे थे। हालांकि, चन्नी के करीबी कई नेता भी इन बैठकों से दूर रहे। बता दें, पंजाब में फरवरी 2027 में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित है।
‘पंजाब में सीएम का उम्मीदवार बनाया जाए…’, चरणजीत सिंह चन्नी को मिला बड़े दलित नेता के परिवार का साथ
पंजाब कांग्रेस में चल रही उथल-पुथल के बीच पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को पूर्व केंद्रीय मंत्री बूटा सिंह के परिवार का समर्थन मिला है। बूटा सिंह केंद्र की सरकार में गृह मंत्री रहे और सिख राजनीति के बड़े चेहरे थे। बूटा सिंह के बेटे सरबजोत सिंह और बेटी गुरकीरत कौर ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी से उनके घर पर मुलाकात की। पढ़ें पूरी खबर।
