Akhilesh Yadav on Keshav and Brajesh: बुध पूर्णिमा के दिन उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक ने साथ मिलकर एक वीडियो बनाया था और जनता को बधाई दी थी। इस मुद्दे पर यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने केशव-बृजेश पाठक का वीडियो शेयर करते हुए बैकग्राउंड म्यूजिक बदला और तंज कसा कि दो स्टूल मिलकर कुर्सी नहीं बन सकते हैं।

दरअसल, अखिलेश यादव ने केशव-बृजेश का जो वीडियो शेयर किया है। इस क्लिप में एक क्लासिक बॉलीवुड फिल्म का बैकग्राउंड संगीत बज रहा था, जिसके बोल लोगों को धोखेबाजों और कुकर्म करने वालों से सावधान रहने की चेतावनी दे रहे थे। अखिलेश यादव के तंज पर दोनों उपमुख्यमंत्रियों की प्रतिक्रियाएं आई हैं, जिसके चलते सोशल मीडिया पर तीखा वार-पलटवार देखने को मिला।

दोनों नेताओं पर तीखा तंज

इसके अलावा अपने एक अन्य पोस्ट में अखिलेश यादव ने बीजेपी की आंतरिक कलह के दावों को हवा दी है। उन्होंने लिखा, “यहां भी राजनीति, पहले अपना नाम लिखा फिर उनका। बीजेपी में ये चल क्या रहा है? एक-दूसरे को पीछे धकेलने की साज़िश ही बीजेपी की असली सच्चाई है, वैसे दिखावे के लिए साथ चलते हैं. कृपापात्र पोस्टिंग पर बैठे लोगों को किसी अन्य ‘जीते हुए’ के साथ ऐसा अपमानजनक व्यवहार नहीं करना चाहिए. ये जो दिखाने को चलते हमक़दम हैं दरअसल यही एक-दूसरे का ग़म हैं अब हमें दूसरे ‘उप मुख्यमंत्री’ (DCM) या कहें ‘प्रतीक्षारत मुख्यमंत्री’ (WCM) की प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा है।”

केशव प्रसाद मौर्य ने किया प्रहार

केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि उनकी और ब्रजेश पाठक की सफल और प्रभावी जोड़ी से विपक्ष की बेचैनी स्वाभाविक है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान वंचित, श्रमिक और पिछड़े वर्गों पर अत्याचार हुए, जिन्हें प्रदेश की जनता भूली नहीं है।केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वे चंद्रगुप्त मौर्य की विरासत का प्रतिनिधित्व करते हैं और अखंड भारत के निर्माण के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वे गौतम बुद्ध की शांति, समता और न्याय की शिक्षाओं से प्रेरणा लेते हैं।

मौर्य ने शाक्य, कुशवाहा, मौर्य, सैनी और अन्य वंचित वर्गों का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि उनके साथ हुए अन्याय का उत्तर लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में जनता कमल खिलाकर जवाब देगी और 2047 तक विकसित भारत तथा विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को पूरा किया जाएगा।

बृजेश पाठक ने भी अखिलेश पर किया प्रहार

वहीं अखिलेश यादव के पोस्ट पर दूसरे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने लिखा कि तुष्टीकरण और कुत्सित राजनीति आपकी वही पुरानी नीति है, जनता सब जानती है। यह नया उत्तर प्रदेश है यहां विकास भी है, जनता का विश्वास भी है, साथ भी है और आशीर्वाद भी है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “आज के नए उत्तर प्रदेश की सुपर जोड़ी की चर्चा सब जगह है. इसलिए अखिलेश जी मैं आपकी परेशानी को समझ सकता हूं।”

बृजेश पाठक ने कहा, “मेरे परम मित्र और पारिवारिक सदस्य श्री केशव प्रसाद मौर्य और मेरे घर के दरवाजे जनता जनार्दन की सेवा के लिए 24 घंटे खुले हैं। हम बातों से ज्यादा धरातल पर कार्य करने में भरोसा रखते हैं। तुष्टीकरण और कुत्सित राजनीति आपकी वही पुरानी नीति है, जनता सब जानती है। कुर्सी मोह से ग्रसित कुत्सित राजनीति का जनता पर असर नहीं होने वाला है। यह नया उत्तर प्रदेश है यहां विकास भी है, जनता का विश्वास भी है, साथ भी है और आशीर्वाद भी है।”

बृजेश ने दी अखिलेश को सलाह

अखिलेश यादव की बातों को फर्जी बताते हुए बृजेश पाठक ने लिखा, “मेरी आपको सलाह है कि फर्जी बयानों में कुछ नहीं रखा है, जनता सब कुछ जानती है। चुनावों में जनता लगातार आपको आईना दिखाती रहती है और आगामी चुनावों में भी दिखाएगी। हम भगवान बुद्ध के शांति, बंधुत्व और सौहार्द के पथ पर सबका साथ, सबका विकास की विचारधारा के साथ अग्रसर हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की पूर्ति लिए दृढ़संकल्पित हैं। जनता के विश्वास और आशीर्वाद से भाजपा पुनः 2027 में सरकार बनाने वाली है। बता दें कि अखिलेश यादव पहले भी स्टूल का जिक्र करते हुए दोनों डिप्टी सीएम बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य पर तंज कसते रहे हैं।

‘महंगाई, बेरोजगारी, बेकारी व मंदी पर निंदा प्रस्ताव कब?’ सिलेंडर के दाम बढ़ने पर अखिलेश यादव का सरकार पर तंज

असम, पश्चिम बंगाल समेत चार राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव खत्म होते ही आम आदमी की जेब का खर्च बढ़ गया है। शुक्रवार से कमर्शियल और पांच किलो वाले सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए हैं। इस पर विपक्षी पार्टी सपा के प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा है। पढ़िए पूरी खबर…