दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन ने एक बड़ी जनसभा की। इसमें हजारों लोग आए हुए थे। इंडिया गठबंधन की रैली में 20 से अधिक दल शामिल थे। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव भी इसमें शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे थे। रैली को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान पर तंज कसा, जिसमें उन्होंने कहा था यूपी में बीजेपी की सरकार अंगद का पैर है।
अखिलेश यादव ने रविवार को भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग ‘अंगद का पैर’ कहने की बात करते हैं, उन्हें समझना चाहिए कि जब जमीन ही नहीं बची है तो पैर कहां रखेंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें खुशी है कि काशी की जनता ने डबल इंजन की सरकार को ‘डबल जीरो’ दिया है।
उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची से नाम काटे जाने का मुद्दा उठाते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, “जब रामलीला मैदान में जनसभा होने जा रही थी तो उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से कहा गया कि 1.27 लाख हिंदू भाइयों के वोट काट दिए गए हैं। यानी हर विधानसभा में 31 हजार वोट कम हुए हैं। सच्चाई यह है कि हार का ठीकरा किसी और पर फोड़ने की कोशिश की जा रही है।”
‘जब जमीन ही नहीं बची तो अंगद का पैर कहां रखेंगे’
अखिलेश यादव ने गृह मंत्री अमित शाह के हालिया बयान का हवाला देते हुए कटाक्ष किया कि जब नीचे जमीन नहीं बची है तो अंगद का पैर कहां रखेंगे।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ में बीते 30 अक्टूबर को भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा की स्थिति की तुलना रामायण के पात्र अंगद के पैर से की है। उन्होंने कहा था कि उत्तर प्रदेश में भाजपा अंगद का पांव है, जिसे कोई हिला नहीं सकता। भाजपा फिर से सरकार बनाने जा रही है, इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए।
अमित शाह के बयान का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “उत्तर प्रदेश के जरिये सत्ता में आए लोगों को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा, क्योंकि यूपी वाले उन्हें करारा जवाब देकर विदाई देंगे।”
पश्चिम बंगाल चुनाव का अखिलेश यादव ने किया जिक्र
अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वहां चुनाव लूटा गया और चुनाव से पहले विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कराकर वोट डलवाए गए। उन्होंने कहा, “हम इंडिया गठबंधन के लोग रुकने वाले नहीं हैं। हम 2022 में सरकार नहीं बना पाए तो इसकी वजह यह चोरी है। जो लोग विश्वगुरु बनने की बात करते थे, वे मतदाता सूची में चोरी करते हैं। लोग लोकतंत्र को बचाने जा रहे हैं और इसकी शुरुआत उत्तर प्रदेश से होगी। रामलीला मैदान ‘लोकतंत्र की हल्दीघाटी’ बन गया है, नया इतिहास लिखा जा रहा है। ‘परिवर्तन’ कभी भी आ सकता है। अगली पीढ़ी उन पर बरसाई गई हर लाठी और दिए गए हर जख्म का बदला लेगी, भाजपा खुद को बचा नहीं पाएगी।”
यह भी पढ़ें- इंडिया गठबंधन की रैली के जवाब में बीजेपी का ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ मार्च
इंडिया गठबंधन की दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली के जवाब में भाजपा ने दिल्ली और हरियाणा समेत देश के कई राज्यों में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजिकता हटाओ’ मार्च किया। रोहतक में इस मार्च की अगुवाई भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने की। उनके साथ राष्ट्रीय लोकदल के मुखिया और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी समेत कई भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। पढ़ें पूरी खबर
