समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रविवार को अखिलेश यादव ने कहा है कि 2022 में उत्तर प्रदेश के अंदर उनकी सरकार इसलिए नहीं बनी क्योंकि जिन लोगों ने 2019 में वोट दिया था, उन्हें 2022 में वोट देने का मौका नहीं दिया गया और इसीलिए हम चुनाव हार गए।
लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अखिलेश ने चुनाव आयोग पर निष्पक्ष होकर चुनाव प्रक्रिया को नहीं कराने का आरोप लगाया। अखिलेश ने कहा, “हमने 2017 में ज्यादा ध्यान नहीं दिया। हमें भरोसा था कि इलेक्शन कमीशन निष्पक्ष रहेगा और अपनी क्रेडिबिलिटी से कोई समझौता नहीं करेगा।”
‘2022 के चुनाव में हुई थी गड़बड़ी’
अखिलेश ने आगे कहा कि 2022 के चुनावी नतीजों के बाद उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सम्मेलन में भी इस मुद्दे को उठाया था और कहा था कि समाजवादी पार्टी के समर्थकों के वोट जानबूझकर मतदाता सूची से हटाए गए। अखिलेश के मुताबिक, 2022 के चुनावी नतीजे आने के बाद उन्हें यह एहसास हुआ कि चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी की गई थी। अखिलेश ने इस दौरान बीजेपी पर भी वोटर लिस्ट में बेईमानी करने का आरोप लगाया।
’24 में हराया था, 27 में भी हराएंगे’
अखिलेश यादव ने दो दिन पहले रायबरेली में जो बयान दिया था उसे दोहराते हुए उन्होंने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव हमने सतर्कता से लड़ा इसलिए हमने वह चुनाव जीता, इसलिए मैं कहना चाहता हूं कि 2027 में हर सीट पर 27 हजार वोट बढ़ाकर बीजेपी को हराएंगे। अखिलेश ने इस दौरान कहा कि ’24 में हराया था, 27 में भी हराएंगे’।
चुनाव आयोग को लेकर क्या है ताजा विवाद?
बता दें कि अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर जो आरोप लगाया है वह चुनाव आयोग को लेकर ताजा विवाद से जुड़ा हुआ है जो कि मतदाता सूची के Special Intensive Revision (SIR) से जुड़ा है। दरअसल, 25 सितंबर 2026 को इंडियन एक्सप्रेस की इन्वेस्टिगेशन में यह बात सामने आई थी कि चुनाव आयोग के दो सदस्यों—सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी—ने पिछले करीब 10 महीनों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े SIR और मतदाता सूची संबंधी फैसलों पर कम से कम 14 बार औपचारिक आपत्तियां दर्ज कराई थीं।
रिपोर्ट में कुछ फैसलों को लेकर उन्होंने प्रक्रिया और अधिकार क्षेत्र से जुड़े सवाल उठाए जाने की बात कही है। इस विवाद को लेकर अब हंगामा काफी बढ़ गया है। यूपी चुनाव (2027) से पहले वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया पर राजनीतिक दल सवाल उठा रहे हैं और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: ‘मैं जिस रथ से चलकर आया हूं, इसी तरह के रथ पर भगवान ने गीता का पाठ दिया था’, अखिलेश बोले- इस बार लाइन एकदम साफ है…
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को रायबरेली से अपने ‘PDA रथ’ के जरिए 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अभियान की शुरुआत की। बछरावां से शुरू हुई इस यात्रा के दौरान अखिलेश यादव ने PDA को पीड़ित, दुखी और अपमानित लोगों से जोड़ते हुए भाजपा पर निशाना साधा। यहां पढ़ें पूरी खबर…
