राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर पूर्व मु्ख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शुक्रवार को भाजपा और यूपी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने एक्स पर अपने आधिकारिक हैंडल पर लिखा कि अब भाजपा के साम्राज्य का अंत होगा।
सपा प्रमुख ने यह पोस्ट राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार आठों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने के बाद किया है।
भाजपा का ‘लंकाकांड’ अयोध्या में ही होगा- सपा प्रमुख
अखिलेश यादव ने कहा, “भाजपा का ‘लंकाकांड’ (भाजपा की हार) अयोध्या में ही होगा। आखिर दानभक्तों का मुखौटा उतर ही गया क्योंकि प्रभु की अलौकिक शक्ति ने चमत्कार दिखा ही दिया। अब भाजपाइयों के अहंकार की चमचमाती लंका के साम्राज्य का भी अंत होगा और लंकाधिपति का भी।”
भाजपा का काल बनकर आया अमृतकाल
आगे लिखा, “भाजपा के लिए यह ‘अमृतकाल’ काल बनकर आया है। ये सरकार तो कहती थी कि इसके राज में इस्तीफे नहीं होते हैं। चढ़ावा चंदा दान चोरी से आहत जनता कटाक्ष करते हुए कह रही है कि भाजपा वाले कह रहे हमने कहा था कि इस्तीफा नहीं होगा, हमने इस्तीफा नहीं ‘त्यागपत्र’ दिया है।”
एक-दूसरे के पोल खोलेंगे- अखिलेश
आगे लिखा, “अभी तो भाजपा वाले और उनके साथियों के काले कारनामों, करतूतों और कारगुजारियों को ये प्रथम अध्याय खुला है। बंटवारे की इस लड़ाई में अब इनकी पार्टी (भाजपा), संघ (RSS), सभा, परिषद, वाहिनी और ट्रस्ट की टोली एक-दूसरे की पोल खोलेगी, इससे पहले कि ये लोग चोरी के माल से भरा अपना झोला-बोर लेकर इधर-उधर न भागें, बॉर्डर बंद कर दिए जाएं। अभी तो शुरुआत है, अब तो केयर फंड (पीएम केयर फंड) के साथ-साथ अनरजिस्टर्ड लोगों को अपने कुकृत्यों का हिसाब भी देना होगा। भगवान के ऑडिट से भाजपाई-गिरोह बन नहीं पाएगा।”
धर्मेंद्र प्रधान पर भी साधा निशाना
आगे उन्होंने नीट पेपर लीक मामले को लेकर कहा, “नीट छात्र भी कह रहे हैं कि जब इस्तीफे शुरू हो गए हैं तो ‘लीकाधिपति’ (शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान) का भी करवा दीजिए।”
इससे पहले भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए अखिलेश यादव ने कहा था कि जनता कह रही है कि पहले एसआईटी के बहाने सारे सबूत साफ कर दिए और पक्का कर लिया कि किसे फंसाना है और किसे नहीं। इसके बाद एफआईआर दर्ज की है। लगता है SIT को पहले रिपोर्ट बनाकर दे दी गई होगी और उसके हिसाब से जाँच की गई होगी मतलब निष्कर्ष पहले निकाल लिया गया होगा।
यह भी पढ़ें: ओपी राजभर ने किया मोहन यादव का बचाव, अखिलेश को घेरते हुए बोले- जमीन ‘खाने’ के मामले में सैफई परिवार बहुत अनुभवी
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव की जमीन खरीद का मामला पूरी तरह से सियासी रूप ले चुका है। इस मामले को लेकर योगी कैबिनेट में मंत्री और सुभासपा चीफ ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के मुखिया के अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
