बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयान वाले मामले में अब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी उनपर निशाना साधा है। सपा प्रमुख ने कहा कि ये बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और आपत्तिजनक समाचार है।
धीरेंद्र शास्त्री ने अपने एक कार्यक्रम में भगवान कृष्ण को टेढ़ा कह दिया है। हालांकि सोशल मीडिया पर खासा बवाल मचने के बाद उन्होंने माफी भी मांगी है। उन्होंने राम और कृष्ण की तुलना करते हुए कहा था, “हमारे वाले भगवान (राम) खड़े भी होते हैं तो एकदम सीधे, धाम भी सीधा है, अयोध्या धाम, तुम्हारे वालों का नाम भी टेढ़ा है, चलते भी टेढ़े हैं और खड़े भी टेढ़े होते हैं।”
जांच की जानी चाहिए- अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने कहा, “कोई राजनीतिक संरक्षण प्राप्त लघु-बंधु (छोटा भाई) बनकर घूम रहा व्यक्ति सनातन समाज की एकता को तोड़ने का निंदनीय काम कर रहा है। यह जांच का विषय है कि सनातनियों के बीच सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश कौन रच रहा है, क्या इसके पीछे कोई बाहरी शक्ति या आंतरिक, इसकी जांच जरूर की जानी चाहिए।”
‘समाज के खिलाफ चली आ रही गहरी चाल’
सपा प्रमुख ने कहा, “हमारे भगवान के अवतारों के बीच नकारात्मक भाव से जानबूझकर अपमानजनक तुलना की जा रही है। एक अवतार की तुलना कर दूसरे अवतार को बेहतर बताने की साजिश समाज के खिलाफ चली आ रही गहरी चाल है। हर सच्चा सनातनी इन दोनों अवतारों का उपासक होता है यानी इनकी पूजा करता है। नवमी-अष्टमी का भेद किसी के मन में नहीं होती।” अखिलेश का इशारा रामनवमी और श्रीकृष्णजन्माष्टमी की ओर है।
उन्होंने आगे कहा, “इस अनचाहे तुलना से समातन समाज को दुख हुआ है, हम दोनों अवतारों के नाम (राम और कृष्ण) का जिक्र करके समाज को और आहत नहीं करना चाहते हैं। सनातन समाज के अलावा भी अन्य समाज और वैश्विक संगठन भी घोर आहत महसूस कर रहे हैं।”
ऐसी गरिमाहीन तुलना का तर्क क्या है स्पष्ट किया जाए- अखिलेश यादव
अखिलेश ने राम को लोकरक्षक और कृष्ण को लोकरंजक करते हुए दोनों भगवान विष्णु के अवतार बताते हुए कहा, “लोकरक्षक और लोकरंजक दोनों ही एक ही के अवतार हैं, दोनों की लीलाएं अपने समय काल के हिसाब से घटी हैं। फिर ऐसी गरिमाहीन तुलना का तर्क क्या है और उसके पीछे क्या मंसूबा है ये स्पष्ट किया जाए।”
‘ऐसे व्यक्ति को बैन करना एकमात्र उपाय’
सपा प्रमुख ने धीरेंद्र शास्त्री के कार्य को ईशनिंदा बताया। उन्होंने कहा, “ईशनिंदा का अपराध करने वाले ऐसे व्यक्ति के पीछे उसके किसी संगी-साथी की कुटिल मंशा दिखाती है। ऐसे निंदात्मक विषय पर तो हर राजनीतिक दल और उसके समर्थक भी इस तथाकथित वाचक के विरुद्ध एकसाथ आ गए हैं। अगर इसे रोका नहीं गया तो इससे समाज में अशांति और असंतोष का वैमनस्यकारी माहौल बनेगी। ये माफ न किया जाने वाला अपराध है, ऐसे व्यक्ति को समाज, सनातन, देश हित में बैन करना ही एकमात्र उपाय है।”
उन्होंने इस मामले के जरिए सरकार को घेरते हुए कहा, “देवी अहिल्याबाई होल्कर की मूर्ति का अपमान, मणकर्णिका घाट का तोड़ा जाना, जगह-जगह मंदिरों को तोड़ना, शंकराचार्य पर गंभीर आरोप लगाना और उनके बटुकों पर हमला करना, जन्माष्टमी मनाने पर रोक लगाते हुए तोड़फोड़ करना, ये सब ऐसे ही नहीं हो रहा, इसके पीछे कोई तो है, जो यह साजिश रच रहा है। अब वो सब कहां हैं जो अपने को सनातन का ठेकेदार मानते हैं, क्या वो अपने परंपरागत भूमिगत निवास में छिप गए हैं।”
अखिलेश यादव ने आगे कहा, “हर धर्म मजहब संप्रदाय या उसके आराध्यों-महापुरुषों के प्रति किसी भी प्रकार का जहरीली बातें हमें मंजूर नहीं है। इस मामले में संज्ञान लेते हुए दंडात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए।”
यह भी पढ़ें: ‘हम भगवान को क्यों बांटेंगे…’, ठाकुर जी टेढ़े हैं वाले बयान पर बढ़ा बवाल तो धीरेंद्र शास्त्री ने दी सफाई
बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने ठाकुर दी टेढ़े हैं वाले बयान पर अब सफाई दी है। धीरेंद्र शास्त्री ने सफाई पेश करते हुए एक वीडियो जारी किया है। उन्होंने कहा कि हम खुद ठाकुर जी के भक्त हैं, लोगों ने अर्थ का अनर्थ निकालकर अनर्गल प्रलाप शुरू कर दिया। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
