Ajit Pawar Plane Crash: महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान दुर्घटना मामले में डीजीसीए और वीएसआर कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए विधायक रोहित पवार आज बारामती तालुका पुलिस स्टेशन पहुंचे हैं। रोहित पवार के साथ उनके पिता राजेंद्र पवार और युगेंद्र पवार भी हैं। बारामती पुलिस स्टेशन के बाहर बड़ी संख्या में बारामती के लोग भी जमा हैं। एफआईआर दर्ज कराने के लिए बारामती के लोग आक्रामक रुख अपना रहे हैं।
इस समय बारामती के लोग ‘एक चा वादा अजीतदादा’, ‘अमर रहे अमर रहे अजीतदादा अमर रहे’, जैसे नारे लगा रहे हैं। बारामती के लोगों ने अजित पवार को न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। रोहित पवार ने कहा कि यह लड़ाई आम जनता की है। नेताओं को भी इस लड़ाई में साथ देना चाहिए। इसी बीच, विधायक रोहित पवार और विधायक अमोल मितकारी ने बुधवार को मुंबई के मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने से इनकार कर दिया। इसके चलते पुलिस और रोहित पवार के बीच बहस हो गई।
एफआईआर दर्ज कराना मेरा पूर्ण अधिकार- रोहित पवार
पवार ने विधायकों अमोल मितकारी, इदरीस नाइकवाड़ी और संदीप क्षीरसागर के साथ द हिंदू को बताया, “एक नागरिक के रूप में, एफआईआर दर्ज कराना मेरा पूर्ण अधिकार है। पुलिस एफआईआर दर्ज करने से इनकार नहीं कर सकती। वे किस आधार पर इनकार कर रहे हैं? हम दादा की मौत की गहन जांच चाहते हैं। हम चाहते हैं कि सभी सवालों के जवाब मिलें। मैं कल बारामती जा रहा हूं। मैं वहां भी इस मुद्दे को लगातार उठाऊंगा और एफआईआर दर्ज कराने के लिए दबाव डालूंगा।”
अधिकारी ने किसके निर्देश पर काम किया- रोहित पवार
रोहित पवार ने कहा कि पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने से इनकार कर दिया। उन्होंने पूछा, “अधिकारी ने किसके निर्देश पर काम किया।” पवार ने कहा, “अगर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री के साथ ऐसा किया जा रहा है, जो उनके साथ सत्ता में थे, तो आम जनता न्याय की क्या उम्मीद कर सकती है? पुलिस के इस रवैये ने विमान दुर्घटना को लेकर हमारी शंका को और बढ़ा दिया है। अगर विपक्ष और सत्ताधारी दोनों दलों के निर्वाचित प्रतिनिधियों की मांग के बावजूद पुलिस एफआईआर दर्ज करने की मांग को नजरअंदाज कर रही है, तो यह महाराष्ट्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।”
इसी बीच, मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन ने एक बयान जारी कर कहा कि पहले से दर्ज एफआईआर के अनुसार, मामले की जांच महाराष्ट्र क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट कर रहा है। डीसीपी प्रवीण मुंडे ने बताया कि रोहित पवार द्वारा दी गई शिकायत को आगे की जांच के लिए सीआईडी को भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें: अजित पवार प्लेन क्रैश: कम विजिबिलिटी तो लैंडिंग क्यों… हादसे के बाद उठे 5 सवाल
एनसीपी प्रमुख अजित पवार का प्लेन क्रैश में निधन हो गया है। उनकी आक्समिक मौत ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। इस हादसे के बाद से ही जांच की मांग भी तेज हो गई है। हर कोई जानना चाहता है कि आखिर कैसे अजित पवार का विमान हादसे का शिकार हुआ, आखिर किसकी इसमें लापरवाही रही। पढ़ें पूरी खबर…
