मुंबई में विमल पान मसाला विवाद को लेकर बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। महाराष्ट्र के FDA (खाद्य एवं औषधि प्रशासन) कमिश्नर तुकाराम मुंडे ने बताया कि इस मामले में विभाग ने अपनी कार्रवाई आगे बढ़ा दी है।
पहले तीन लोगों को नोटिस जारी किए गए थे। तीनों ने अपना जवाब भी दिया और सुनवाई के लिए कुछ और समय मांगा था। अब सुनवाई पूरी हो चुकी है और मामला आगे के फैसले के लिए जॉइंट कमिश्नर के पास भेज दिया गया है।
जॉइंट कमिश्नर करेंगे मामले का फैसला
तुकाराम मुंडे के मुताबिक, नोटिस का जवाब मिलने के बाद असिस्टेंट कमिश्नर ने तीनों लोगों को सुनवाई का मौका दिया। इसके बाद उन्होंने अपनी जांच और सुनवाई पूरी कर ली।
मुंडे ने बताया कि असिस्टेंट कमिश्नर इस नतीजे पर पहुंची हैं कि संबंधित लोगों ने कानून का उल्लंघन किया है। अब इस मामले का फैसला जॉइंट कमिश्नर करेंगे, क्योंकि उनके पास ही इसका अधिकार है।
अजय देवगन पहुंचे बॉम्बे हाई कोर्ट
इस मामले में सबसे ज्यादा चर्चा तब शुरू हुई, जब FDA कमिश्नर ने बताया कि संबंधित लोगों में से एक एक्टर अजय देवगन ने बॉम्बे हाई कोर्ट का रुख किया है।
दरअसल, जब तुकाराम मुंडे से पूछा गया कि हाई कोर्ट कौन पहुंचा है, तो उन्होंने पहले सिर्फ इतना कहा कि एक व्यक्ति ने अदालत का दरवाजा खटखटाया है। इसके बाद नाम पूछे जाने पर उन्होंने साफ तौर पर अजय देवगन का नाम लिया।
हाई कोर्ट जाने से विभाग की कार्रवाई नहीं रुकेगी
हालांकि, मुंडे ने यह भी साफ कर दिया कि अजय देवगन के हाई कोर्ट जाने से विभाग की कार्रवाई नहीं रुकेगी। FDA अपनी तरफ से शुरू की गई प्रक्रिया जारी रखेगा। उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह तक जॉइंट कमिश्नर के सामने मामले की एडजुडिकेशन (न्यायनिर्णयन) प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
फिलहाल, FDA की ओर से संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के उल्लंघन की बात कही गई है, लेकिन इस मामले में अंतिम फैसला आना बाकी है। अब सबकी नजर जॉइंट कमिश्नर की सुनवाई और आगे होने वाली कार्रवाई पर है। वहीं, अजय देवगन की ओर से बॉम्बे हाई कोर्ट में दायर याचिका पर क्या फैसला आता है, यह भी देखना होगा।
यह भी पढ़ें: ‘…मैं आलू का सोना बनाऊंगा’, पीएम नरेंद्र मोदी ने गुजरात में राहुल गांधी पर कसा तंज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात में एक जनसभा के दौरान बिना नाम लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तंज कसा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बनासकांठा में आयोजित एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
