UP Politics: उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की रायबरेली से शुरू हुई ‘पीडीए रथ यात्रा’ पर तंज कसा और कहा कि कोई भी चुनाव प्रचार के लिए पार्टी के हक में माहौल बनाने के मकसद से कहीं भी जा सकता है।
यूपी कांग्रेस चीफ अजय राय ने कहा कि अखिलेश यादव रायबरेली या अमेठी जा सकते हैं, और इसी तरह कांग्रेस के नेता भी कन्नौज, इटावा या सैफई जा सकते हैं। इसमें किसी तरह की कोई बुराई या आपत्ति नहीं है।
राहुल गांधी पर पूरे देश की निगाहें
अजय राय ने कहा, “आज पूरा देश राहुल गांधी की तरफ उम्मीद भरी निगाहों से देख रहा है। राहुल गांधी आम लोगों के मुद्दों को बहुत प्रमुखता से उठा रहे हैं और चुनाव आयोग से जुड़े सवालों पर भी शुरुआत से ही मुखर रहे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि राहुल गांधी को छोड़कर किसी अन्य नेता ने इन महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मुद्दों और चुनाव आयोग से जुड़े सवालों को इतनी मजबूती और गहराई के साथ नहीं उठाया है।
यूपी में जमीन पर तैयारी कर रही कांग्रेस
अजय राय ने स्पष्ट किया कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर सभी दल तैयारी कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी भी ज़मीन पर लगातार काम कर रही है और जनता के हर सुख-दुख में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने दावा किया कि आम जनता बड़ी संख्या में कांग्रेस के साथ जुड़ रही है। राहुल गांधी देश की लड़ाई लड़ रहे हैं और इसी वजह से देश भर के लोगों का ध्यान उनकी तरफ आकर्षित हो रहा है।
अखिलेश यादव निकाल रहे रथयात्रा
इससे पहले, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनावों के प्रचार के तहत लखनऊ से रायबरेली के लिए अपनी ‘पीडीए रथ यात्रा’ का आगाज किया था। यह यात्रा पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों को एकजुट करने का प्रयास है।
अखिलेश यादव के आगमन से पहले पूरे रायबरेली शहर में उनके स्वागत के बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए थे। जब उनका काफिला पहुंचा, तो समर्थकों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ के कारण यात्रा को रास्ते में कुछ समय के लिए रोकना पड़ा।
‘वोटों का बुलडोजर’ बीजेपी को हराएगा
लाल टोपी पहने सपा समर्थकों ने झंडे लहराए और नारेबाजी कर उनका स्वागत किया। अखिलेश यादव ने प्रचार बस की छत पर खड़े होकर सड़क किनारे मौजूद कार्यकर्ताओं का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। यात्रा के दौरान संवाददाताओं से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव में जनता का ‘वोटों का बुलडोजर’ भाजपा को बुरी तरह हराएगा।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा को सिर्फ चुनाव में हार का सामना नहीं करना पड़ेगा, बल्कि उत्तर प्रदेश की राजनीति से उनका पूरी तरह सफाया हो जाएगा। जनता खुद उन्हें सत्ता से बाहर करने का काम करेगी। उन्होंने BJP पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे डर और भेदभाव की राजनीति कर रहे हैं तथा अपने विरोधियों के खिलाफ बुलडोजर का गैरकानूनी तरीके से इस्तेमाल कर रहे हैं।
अपने ‘पीडीए’ फॉर्मूले की व्याख्या करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि इसमें पिछड़े, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और महिलाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा आदिवासियों का सम्मान नहीं करती और उन्हें ‘आदिवासी’ के बजाय ‘वनवासी’ कहती है, जबकि पीडीए में सभी वर्गों और धर्मों के लोगों का सम्मान सुरक्षित है।
यह भी पढ़ें: सपा की PDA रथयात्रा: किस सीट पर कौन लड़ेगा? अखिलेश ने इशारों में कर दिया एक्सपर्ट
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने गठबंधन के साथी राहुल गांधी के लोकसभा क्षेत्र रायबरेली से उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के अभियान की शुरुआत कर दी है। यूपी में सपा-कांग्रेस का गठबंधन है और गठबंधन को लेकर भी अखिलेश यादव का बड़ा बयान आया है। पढ़िए पूरी खबर…
