ऑपरेशन सिंदूर के 1 साल पूरे हो चुके हैं। ऑपरेशन सिंदूर के 1 साल पूरे होने पर एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती ने बताया कि इस ऑपरेशन के दौरान भारत का कितना नुकसान हुआ। उन्होंने सीधे शब्दों में कहा कि पाकिस्तानी पक्ष की ओर से हमारे किसी भी मिलिट्री इंफ्रास्ट्रक्चर को नुकसान नहीं हुआ। एके भारती ने कहा कि पाकिस्तान की ओर से जो भी निशाना लगाया गया, उसे हमने पहले ही खत्म कर दिया।
ऑपरेशन सिंदूर में भारत का कितना नुकसान हुआ?
एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “पाकिस्तानी हमारी तरफ कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा पाए हैं। न तो कोई सैन्य ढांचा और न ही नागरिक संरचनाओं का कोई बड़ा हिस्सा वो ध्वस्त कर पाए। वे चाहे जो कहें, याद रखें कि बयानबाजी से जीत नहीं मिलती। जीत ठोस तथ्यों से मापी जाती है।”
एयर मार्शल भारती ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने यह साबित कर दिया कि भारत की शांति की इच्छा को कमजोरी नहीं समझा जा रहा है। उन्होंने कहा, “जब हम कार्रवाई करते हैं, तो कोई आधा-अधूरा कदम नहीं उठाते। यह निर्णायक और सुनियोजित होती है। जब पहले लक्ष्य पर हमला हुआ, तो वह निर्णायक हमला पहलगाम के पीड़ितों के परिवारों के लिए लगभग आंशिक न्याय था। भारत के सैन्य उद्देश्य सीमित रहे और पूरी तरह से आतंकी ढांचे पर केंद्रित थे।”
‘पाकिस्तान की ओर से अनुरोध आने पर हमने ऑपरेशन रोका’
एयर मार्शल भारती ने कहा कि हमारी लड़ाई आतंकवादियों और उनके समर्थक ढांचे से थी, न कि किसी भी तरह के नुकसान के लिए। उन्होंने कहा कि यह आत्मरक्षा से अधिक कुछ नहीं था। एयर मार्शल भारती ने कहा कि पाकिस्तान की ओर से अनुरोध आने पर हमने ऑपरेशन रोका। उन्होंने कहा कि हमने संदेश दे दिया और संदेश बहुत स्पष्ट था – आतंकी कृत्यों के परिणाम भुगतने होंगे।
एके भारती ने कहा कि जब शांति की हमारी इच्छा को हमारी कमजोरी मान लिया जाता है और हमारी चुप्पी को हमारी अनुपस्थिति समझा जाता है तो फिर कार्रवाई करने के अलावा हमारे पास कोई विकल्प नहीं बचता है। उन्होंने कहा कि जब हम कोई कार्रवाई करते हैं तो वह अधूरी भी नहीं होती। एयर मार्शल भारती ने कहा कि हम निश्चित रूप से यह संकल्प लें कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो। उन्होंने एक बात और स्पष्ट की कि ऑपरेशन सिंदूर अभी रूका हुआ है।
पाक के 13 विमान मार गिराए- एयर मार्शल एके भारती
एयर मार्शल एके भारती ने कहा, “हमने 7 मई को पाक में मौजूद 9 आतंकवादी शिविरों पर हमला कर उन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया। इसका सबूत सबके सामने है। हमने उनके 11 हवाई अड्डों पर हमला किया। हमने उनके 13 विमानों को जमीन पर या हवा में नष्ट कर दिया, जिनमें 300 किलोमीटर से अधिक की रिकॉर्ड दूरी पर मार गिराया गया एक बहुमूल्य हवाई विमान भी शामिल है।”
(यह भी पढ़ें- ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरे होने पर पीएम मोदी का संदेश)
आपरेशन सिंदूर के एक साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके देश की सेना और बहादुर जवानों के शौर्य को याद किया। पढ़ें पूरी खबर
