दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तेज आंधी और बारिश के दौरान बड़ा हादसा होने से बच गया। रविवार को आंधी-बारिश के दौरान एअर इंडिया के तीन विमान एक साथ क्षतिग्रस्त हो गए। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, ग्राउंड हैंडलिंग उपकरणों के अचानक खिसक जाने से यह दुर्घटना हुई।
एअर इंडिया इंजीनियरिंग और इंडिगो के ग्राउंड इक्विपमेंट्स तेज हवाओं और बारिश की वजह से अपनी जगह से हट गए और टर्मिनल-2 पर खड़े एअर इंडिया के नैरो-बॉडी विमानों से टकरा गए। दिल्ली एयरपोर्ट पर हुए हादसे में तीनों विमानों को नुकसान पहुंचा जिसके बाद उन्हें तुरंत सर्विस से बाहर कर दिया गया।
अचानक बदला मौसम का रुख
एयरपोर्ट ऑपरेटर ने कहा कि मौसम में अचानक आए बदलाव को लेकर उन्हें कोई पूर्व चेतावनी नहीं मिली थी। वहीं एअर इंडिया ने इस घटना पर आधिकारिक टिप्पणी करने से इनकार किया है।
हालांकि, एयरलाइन से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि खराब मौसम का असर केवल एअर इंडिया के विमानों पर ही नहीं पड़ा बल्कि अन्य एयरलाइंस के कुछ विमान भी प्रभावित हुए हैं।
सूत्र के मुताबिक, क्षतिग्रस्त हुए तीन एअर इंडिया विमानों में से दो को जल्द ही मरम्मत के बाद फिर से परिचालन में शामिल कर लिया जाएगा जबकि तीसरे विमान की मरम्मत में अधिक समय लग सकता है।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में मानसून पूर्व तेज आंधी और बारिश का दौर जारी है जिससे हवाई संचालन भी प्रभावित हो रहा है।
एक दिन पहले बर्ड हिट की घटना
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब एक दिन पहले ही इंडिगो की बेंगलुरु-मुंबई उड़ान भी तकनीकी बाधा का सामना कर चुकी थी। सूत्रों के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E 6283 को शुक्रवार को उड़ान के दौरान पक्षी के टकराने (बर्ड हिट) की घटना का सामना करना पड़ा था।
बर्ड हिट के बाद पायलट ने एहतियात के तौर पर विमान को तुरंत वापस बे में ले जाकर जांच कराने का फैसला किया। इंजीनियरों द्वारा पूरी चेकिंग के बाद विमान को ऑपरेशन के लिए सुरक्षित घोषित कर दिया गया।
जांच पूरी होने के बाद विमान ने एक घंटे से अधिक की देरी से अपनी यात्रा फिर शुरू की। इस घटना में किसी यात्री या क्रू सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है।
एअर इंडिया की 22% और इंडिगो की 5-7% घरेलू उड़ानें होंगी कम, महंगे ATF का असर
एयर इंडिया अपनी घरेलू उड़ानों में 22% तक की कटौती करेगी, जबकि इंडिगो ने ATF की ऊंची कीमतों के कारण जून से अगस्त 2026 के बीच घरेलू उड़ानों में 5-7% की कटौती की योजना बनाई है। इंडिगो ने अपनी अंतरराष्ट्रीय क्षमता में भी 17% की कमी की है।
