फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की एक फ्लाइट को बुधवार (14 अक्टूबर) को बम होने के अलर्ट के बाद जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि विमान जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंड कराया गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू की। बोइंग 787-9 विमान से संचालित फ्लाइट AI2030 के उतरने के बाद उसे सुरक्षा जांच के लिए आइसोलेशन बे में ले जाया गया।
मालवीय नगर के सहायक पुलिस आयुक्त शिव दयाल ने पीटीआई को बताया कि एयरपोर्ट अधिकारियों ने पुलिस को सूचना दी थी कि बम की धमकी मिलने के बाद एअर इंडिया की फ्रैंकफर्ट-दिल्ली फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है।
पीटीआई के हवाले से एक सूत्र ने बताया कि विमान जब मुंबई फ्लाइट इन्फॉर्मेशन रीजन (FIR) में था तब पायलट ने ‘स्क्वॉक कोड 7500 (Squawk Code 7500)’ एक्टिव किया था। यह कोड विमान में गैरकानूनी हस्तक्षेप या हाइजैक जैसी स्थिति का संकेत देता है।
शुरुआती संकेतों से पता चलता है कि पायलट ने संभवतः गलती से यह अलर्ट जारी किया था। हालांकि, मामले की सच्चाई का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और एयरपोर्ट टर्मिनल में निर्धारित होल्डिंग एरिया में ले जाया गया। रिपोर्ट लिखे जाने तक एयरपोर्ट अधिकारियों और एअर इंडिया की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। सुरक्षा अलर्ट कहां से आया और उसकी प्रकृति क्या थी, इस बारे में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
यह भी पढ़ें: सऊदी अरब जाने वाली फ्लाइट्स पर लगी रोक 17 अक्टूबर तक बढ़ी
सऊदी अरब की राजधानी रियाद में किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हूती विद्रोहियों के हमले के बाद भारत में इंडिगो और अकासा एयर ने अपनी हवाई सेवा पर लगी रोक को 17 अक्टूबर तक के लिए बढ़ा दिया है। इंडिगो और अकासा एयर ने अपनी अलग-अलग ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है जिसमें पैसेंजर्स के लिए जरूरी जानकारी है।
मंगलवार को इंडिगो एयरलाइंस की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि सऊदी अरब में बदलते हालात की वजह से रियाद, जेद्दा, दम्माम और मदीना आने-जाने वाली सभी फ्लाइट्स 17 अक्टूबर तक कैंसिल रहेंगी। इंडिगो ने पैसेंजर्स को सलाह दी है कि वह एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट्स का स्टेटस चेक करके निकलें।
