Air India bans Shankar Mishra: एअर इंडिया के विमान में बुजुर्ग महिला पर पेशाब करने के आरोपी शंकर मिश्रा पर गुरुवार (19 जनवरी, 2023) को चार महीने का बैन लगा दिया गया है। एअर इंडिया के सीईओ स्तर की इंटर्नल बैठक में यह फैसला लिया गया।
डीजीसीए (DGCA) का कहना है कि एअर इंडिया ने शंकर मिश्रा पर चार महीने का बैन लगाया है। अन्य एयरलाइंस भी मिश्रा पर इसी तरह का बैन लगा सकते हैं। इससे पहले एअर इंडिया ने मिश्रा पर 30 दिनों का बैन लगाया था। मिश्रा पर आरोप है कि उन्होंने पिछले साल 26 नवबंर को न्यूयार्क से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के विमान में बुजुर्ग महिला के पर पेशाब कर दी थी।
घटना के 42 दिन बाद बेंगलुरू से शंकर मिश्रा को गिरफ्तार किया गया
पुलिस ने घटना के 42 दिन बाद 7 जनवरी को बेंगलुरू से आरोपी शंकर मिश्रा को गिरफ्तार किया था। घटना के बाद मंबुई का रहने वाला शंकर मिश्रा लगातार फरार चल रहा था। जिसके बाद उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया था। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसे गिरफ्तार किया था।
अपने पहले बयान में मिश्रा ने कहा था कि उन्होंने महिला को मुआवजा दिया और मामला सुलझ गया। बाद में एक अदालती सुनवाई के दौरान मिश्रा के वकील ने आरोप लगाया कि महिला ने खुद पर पेशाब की थी।
मिश्रा के वकील ने दावा किया था कि बुजुर्ग महिला ने अपने स्वास्थ्य की स्थिति के कारण खुद पर पेशाब किया। उनके वकील ने अदालत को बताया कि महिला 30 से अधिक वर्षों से भरतनाट्यम नृत्यांगना थी और उनके लिए मूत्र असंयम होना सामान्य बात थी।
मिश्रा ने अदालत को बताया कि मैं आरोपी नहीं हूं। कोई और होना चाहिए। ऐसा लगता है कि उसने खुद पेशाब किया है। वह किसी बीमारी से पीड़ित थी। ऐसा मैंने नहीं किया। बैठने की व्यवस्था ऐसी थी कि कोई भी उसकी सीट पर नहीं जा सकता था।
‘यह मेरी अब तक की सबसे दर्दनाक उड़ान रही’
वहीं बुजुर्ग महिला यात्री ने अपनी शिकायत में लिखा था कि मैं फ्लाइट AI102 पर अपनी बिजनेस क्लास यात्रा के दौरान हुई भयानक घटना के बारे में अपनी गहरी निराशा व्यक्त करने के लिए लिख रही हूं। यह मेरी अब तक की सबसे दर्दनाक उड़ान रही है। उड़ान के दौरान, दोपहर के भोजन के तुरंत बाद, लाइट बंद कर दी गई थी। जब मैं सोने की तैयारी कर रही थी, तभी नशे में धुत्त एक यात्री उनकी सीट पर आया और उसने पेशाब कर दी।