महाराष्ट्र के मुंबई एयरपोर्ट पर मंगलवार की रात दो विमान के विंग आपस में टकरा गए। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानमाल की क्षति नहीं हुई है। घटना उस समय हुई जब दोनों विमान में यात्रा सवार थे। हालांकि हादसे में सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

एयर इंडिया की ओर से जारी आधिकारिक बयान में बताया गया कि तीन फरवरी को मुंबई से कोयंबटूर जाने वाले फ्लाइट AI2732 में देरी हुई क्योंकि जिस प्लेन को इस उड़ान के लिए इस्तेमाल किया जाना था, वह टैक्सी-वे पर खड़े दूसरे एयरलाइन के संपर्क में आ गया। दोनों प्लेन के विंग्सटिप आपस में टकरा गए, जिससे एयर इंडिया के प्लेन को काफी नुकसान पहुंचा है।

कैसे हुआ यह हादसा?

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, मुंबई एयरपोर्ट के रन पर जब एयर इंडिया AI2732 डिपार्चर के लिए C1 से M4 की ओर टैक्सी-वे कर रहा था और दूसरी ओर इंडिगो की आने वाली फ्लाइट B1 भी टैक्सी-वे की ओर आ रही थी, इसी बीच दोनों प्लेन के एक-दूसरे के करीब आए और रगड़ गए और दोनों के दाएं विंग्सटिप एक-दूसरे से टकरा गए। घटना के समय दोनों विमान टैक्सी कर रहे थे। दोनों प्लेन जांच के लिए अपने बे में लौट आए।

घटना के बाद मुंबई DGCA के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और जांच में जुट गए हैं। DGCA द्वारा और जानकारी दी जाएगी।

एयर इंडिया ने ग्राउंड किया प्लेन

इधर एयर इंडिया ने बताया कि एहतियात बरतते हुए आगे की टेक्निकल जांच के लिए इस प्लेन को ग्राउंड कर दिया गया और सभी यात्रियों को प्लेन से उतार लिया गया है। ग्राउंड स्टाफ यात्रियों के लिए दूसरे वैकल्पिक व्यवस्था में जुटा हुआ है। आगे एयरलाइन कंपनी ने यात्रियों से असुविधा के लिए खेद प्रकट किया है।

इंडिगो ने भी की घटना की पुष्टि

उधर इंडिगो ने भी इस हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रोटोकॉल के तहत संबंधित अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है और प्लेन के रखरखाव की जांच की जा रही है। इंडिगो ने कहा, “3 फरवरी 2026 को हैदराबाद से मुंबई जाने वाली हमारी फ्लाइट 6E 791 के एक एयरक्राफ्ट का विंगटिप, लैंडिंग के बाद टैक्सी-वे करते समय, दूसरी एयरलाइन के एक एयरक्राफ्ट से टकरा गई है।”आगे पढ़िए एयर इंडिया में फ्यूल स्विच बंद होने के मामले पर डीजीसीए ने जारी किया बयान