इंडियन रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को सुरक्षित, सुगम और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। रेलवे ने भुवनेश्वर स्टेशन पर AI रोबोट ‘डीएससी अर्जुन’ तैनात किया गया है। यह रोबोट रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा और निगरानी का काम करेगा।
यह अत्याधुनिक रोबोट 7 हाई-टेक 360 डिग्री कैमरों से लैस है, जो रेलवे ट्रैक पर उतरने वाले यात्रियों, ट्रेनों की आवाजाही और आग लगने जैसी घटनाओं पर लगातार नजर रखता है। किसी भी आपात स्थिति का पता चलते ही यह तुरंत रेलवे अधिकारियों को अलर्ट भेज देता है, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके। इस रोबोट को करीब 40 लाख रुपये से तैयार किया गया है।
‘DSC Arjun’ प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय और अन्य प्रमुख स्थानों पर लगातार निगरानी रखता है। साथ ही अपने पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए यात्रियों को सुरक्षित तरीके से ट्रेन में आवागमन, सामान की सुरक्षा, ट्रैक पार न करने, अनुशासन बनाए रखने और रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए लगातार जागरूक करता है।
AI, कंप्यूटर विजन, मशीन लर्निंग और इंटरनेट ऑफ थिंग्स जैसी आधुनिक तकनीकों से लैस यह रोबोट आरपीएफ के लिए ‘फोर्स मल्टीप्लायर’ का रोल निभा सकता है। इस रोबोट में AI आधारित फेस रिकग्निशन, रियल टाइम क्राउड एनालिटिक्स, यात्रियों की संख्या का आकलन, लावारिस सामान की पहचान, संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाने, लाइव वीडियो स्ट्रीमिंग, सार्वजनिक घोषणाएं और तत्काल अलर्ट जारी करने जैसी उन्नत सुविधाएं मौजूद हैं।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ‘डीएससी अर्जुन’ की तैनाती से सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पहले से ज्यादा मजबूत हुई है। यह तकनीक RPF जवानों को वास्तविक समय में सूचनाएं उपलब्ध कराकर त्वरित निर्णय लेने में मदद करती है तथा किसी भी संभावित खतरे को समय रहते पहचानने में सक्षम है। पूर्व तटीय रेलवे का कहना है कि रथ यात्रा जैसे विशाल धार्मिक आयोजनों के दौरान अत्याधुनिक तकनीक के उपयोग से यात्रियों को सुरक्षित, स्मार्ट और बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है।
रेल यात्रियों के लिए गुड न्यूज: रांची-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन की सेवाएं बढ़ीं, देखें नया शेड्यूल
झारखंड-दिल्ली रूट पर ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए गुड न्यूज है। भारतीय रेलवे ने रेल यात्रियों की बढ़ती संख्या को पूरा करने के लिए रांची और आनंद विहार टर्मिनल के बीच स्पेशल ट्रेन सर्विस को और लंबे समय तक जारी रखने का फैसला किया है।रांची-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल अब सितंबर तक चलती रहेगी। यह सर्विस अपने तय दिनों पर चलेगी, जिसमें हर दिशा में आठ सर्विस प्लान की गई हैं। पढ़ें पूरी खबर।
