अग्निवीर योजना को लेकर केंद्र सरकार के नए फैसले पर सियासी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। सरकार ने अग्निवीरों के पहले बैच की सेवा अवधि दो साल बढ़ाने का फैसला किया है। इस फैसले पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने इसे सरकार का ‘मास्टरस्ट्रोक यू-टर्न’ बताया है।
सीजेपी के सौरव दास ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा, ”मोदी सरकार का एक मास्टरस्ट्रोक यू-टर्न! बेरोजगारी के संकट का सामना कर रहे युवाओं का डर बिल्कुल वास्तविक है। सरकार डरी हुई है। बहुत ज्यादा डरी हुई है।”
आशुतोष रांका ने भी अग्निवीर योजना पर उठाए सवाल
CJP के सह-संस्थापक आशुतोष रांका ने भी सरकार के इस फैसले पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने पूछा, ”तो क्या कोई मुझे बता सकता है कि आखिर यह योजना शुरू ही क्यों की गई थी?”
क्या है सरकार का फैसला?
केंद्र सरकार ने अग्निवीरों के पहले बैच को लेकर सेवा अवधि दो साल बढ़ाने का फैसला किया है। 2022 में भर्ती हुए अग्निवीरों का चार साल की अवधि इस साल पूरा होने वाली है। अब उनकी सेवा अवधि बढ़ाए जाने से उन्हें दो साल और सेना में काम करने का मौका मिलेगा।
रक्षा अधिकारियों के मुताबिक, दो साल की बढ़ाई गई अवधि पूरी होने पर सभी अग्निवीरों को नियमित सैनिक के तौर पर शामिल होने का मौका मिलेगा। इस फैसले को लेकर सरकार की ओर से अग्निवीरों के चयन और नियमित सेवा में शामिल करने की प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी भी सामने आई है।
इस प्रक्रिया के दो चरण होंगे। पहले चरण में, अग्निवीर योजना के तहत चार साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद 25 प्रतिशत अग्निवीरों को मेरिट के आधार पर सेना में स्थायी रूप से शामिल किया जाएगा। यह पहले से तय योजना का हिस्सा है।
वहीं बाकी 75 प्रतिशत अग्निवीर जिन्हें पहले चार साल बाद सेवा से बाहर होना था और इसके बदले एक तय पैकेज मिलना था, उन्हें अब दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल दिया जाएगा। इसके बाद उन्हें भी सेना में नियमित सैनिक बनने का मौका मिलेगा। हालांकि इसके लिए उनकी सहमति जरूरी होगी और उन्हें सेना के तय चयन मानकों पर खरा उतरना होगा।
इस फैसले के बाद अब सभी अग्निवीरों को सेना में नियमित सैनिक बनने का मौका मिलेगा। तीनों सेनाओं में तीन लाख से ज्यादा अग्निवीर अलग-अलग चरणों में ट्रेनिंग ले रहे हैं। इनमें करीब 2.8 लाख अग्निवीर थल सेना में हैं। इनमें से लगभग 19 हजार अग्निवीर चार साल का अपना शुरुआती कार्यकाल पूरा करेंगे।
CDS ने दी जानकारी
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने मीडिया को बताया कि पिछले चार सालों से अग्निवीरों के प्रदर्शन का लगातार आकलन किया जा रहा था। इसी के आधार पर यह फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि इससे सेना में जवानों की औसत उम्र कम रखने में मदद मिलेगी और साथ ही सेना को अनुभवी सैनिक भी मिल सकेंगे।
उन्होंने बताया कि दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल पूरा करने वाले अग्निवीरों को बढ़ी हुई सैलरी मिलेगी। उन्हें पहले साल हर महीने 43500 रुपये और दूसरे साल 47500 रुपये वेतन दिया जाएगा। जबकि अग्निवीरों के पहले बैच की शुरुआती सैलरी 30000 रुपये थी।
