भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में निर्णायक जीत हासिल की है। पार्टी ने 207 सीटें जीतकर दो-तिहाई बहुमत के आंकड़े को भी काफी पीछे छोड़ दिया है। इस जीत के साथ ही बीजेपी ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) के 15 साल लंबे शासन का अंत कर दिया है।

इस निर्णायक जीत के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि बंगाल में बीजेपी का पहला मुख्यमंत्री कौन होगा? कई सारे नाम पहले से ही दावेदारी में शामिल हैं। इन प्रमुख दावेदारों में वरिष्ठ भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल का नाम भी है जिन्होंने आसनसोल दक्षिण सीट पर टीएमसी उम्मीदवार तापस बनर्जी को 40,839 वोटों के अंतर से हराकर अपनी सीट बरकरार रखी है। राजनीति में आने से पहले फैशन डिजाइनर रहीं अग्निमित्रा पॉल आखिर कौन हैं? चलिए बात करते हैं उनके राजनीतिक करियर, पढ़ाई-लिखाई और नेट वर्थ के बारे में…

अग्निमित्रा पॉल कौन हैं (Who Is Agnimitra Paul)

25 नवंबर 1974 को आसनसोल में जन्मी पॉल एक ऐसे परिवार से आती हैं जो शिक्षाविदों और डॉक्टरों से जुड़ा हुआ है। उनके पिता डॉक्टर अशोक रॉय एक मशहूर डॉक्टर थे। अग्निमित्रा ने लोरेटो कॉन्वेंट से शुरुआती पढ़ाई की। उनके पास बनवारीलाल भालोटिया कॉलेज (1994) से विज्ञान में स्नातक की डिग्री है और उन्होंने 1997 में फैशन डिज़ाइनिंग में डिप्लोमा पूरा किया। फैशन की पढ़ाई भी की बीजेपी सांसद ने की है। इसके बाद उन्होंने फैशन डिजाइनिंग इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई। उनकी शादी उद्यमी पार्थो पॉल से हुई है और उनके दो बेटे हैं।

फैशन डिजाइनिंग में सफल करियर

सार्वजनिक जीवन में आने से पहले पॉल का फैशन डिज़ाइनिंग में सफल करियर रहा है। उन्होंने अपना खुद का ब्रांड ‘INGA’ चलाया और श्रीदेवी तथा मिथुन चक्रवर्ती जैसे बॉलीवुड हस्तियों के लिए कपड़े डिज़ाइन किए। इसके अलावा, काजोल, ईशा देओल जैसे फिल्मी सितारों के कपड़े भी उन्होंने डिजाइन किए हैं।

90 के आखिरी दशक में उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की और जल्द ही उनका नाम कोलकाता की सबसे कामयाब फैशनल डिजाइनर में शामिल हो गया। अग्निमित्रा ने कई नेशनल और इंटरनेशनल शो में भी अपनी प्रतिभा दिखाई है। ‘द टेलीग्राफ’ को दिए गए एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि एक सफल फैशन डिज़ाइनर होने के बावजूद उनके भीतर समाज के लिए कुछ करने की गहरी इच्छा हमेशा बनी रही।

पॉल के अनुसार, ग्लैमर की दुनिया उन्हें पेशेवर सफलता तो दे रही थी लेकिन भीतर से वह एक तरह का खालीपन और जमीन से कटाव महसूस करती थीं। इसी दौर में उन्होंने पश्चिम बंगाल की सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों को अधिक गंभीरता से समझना और उन्हें करीब से देखना शुरू किया।

राजनीतिक करियर

फैशन डिज़ाइनिंग से राजनीति में आई अग्निमित्रा पॉल अब पश्चिम बंगाल में सरकार गठन की भाजपा की योजनाओं में एक केंद्रीय चेहरा बन गई हैं। निर्णायक जनादेश के साथ अग्निमित्रा एक प्रमुख महिला नेता के रूप में उभरी हैं। राजनीति में पॉल की एंट्री काफी चौंकाने वाली थी। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, साल 2019 में वह बीजेपी में शामिल हो गईं। उन्हें बीजेपी की पश्चिम बंगाल महिला मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

मौजूदा समय में वह आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। जनवरी 2026 में उन्हें पार्टी की राज्य इकाई का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

सायोनी घोष को हराकर पहली बार बनी विधायक

2021 में विधानसभा चुनाव से पहली बार अग्निमित्रा ने चुनाव लड़ा और एक करीबी मुकाबले में तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार सायोनी घोष को मात दी। टीएमसी सरकार के दौरान जब वह विधायक थीं तो अतिक्रमण, अवैध बालू खनन को लेकर उन्होंने लगातार विरोध जताया। दो ग्लैमरस चेहरे होने के नाते यह मुकाबला काफी दिलचस्प रहा। चुनाव प्रचार के दौरान अग्निमित्रा ने खुद को ‘भूमिपुत्री’ (मिट्टी की बेटी) के रूप में पेश किया।

इसके बाद से अगमिनित्रा एक मुखर भाजपा नेता के रूप में उभरी हैं जो सक्रिय रूप से विरोध प्रदर्शनों और जमीनी अभियानों में भाग लेती रही हैं। उन्होंने संगठनात्मक स्तर पर भी कई बड़ी भूमिकाएं निभाई हैं। पिछले कुछ सालों में उन्होंने कई अन्य चुनाव जैसे- आसनसोल में उपचुनाव और मिदनापुर में लोकसभा चुनाव में हिस्सा लिया है। इन दोनों ही चुनावों में वे क्रमशः शत्रुघन सिन्हा और जून मालिया से हार गईं।

2026 के विधानसभा चुनावों में उनके अभियान का मुख्य फोकस पश्चिम बर्द्धमान क्षेत्र में औद्योगिक ठहराव और महिलाओं की सुरक्षा जैसे स्थानीय मुद्दों पर रहा। प्रचार के दौरान उन्होंने आसनसोल में अपने काफिले पर हमले की भी सूचना दी और इसे सत्ताधारी पार्टी की ‘चुनावी हताशा’ का संकेत बताया।

अग्निमित्रा पॉल नेट वर्थ (Agnimitra Paul Net Worth)

2026 के चुनावी हलफनामे के अनुसार, भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल की कुल संपत्ति लगभग 3.9 करोड़ रुपये है। इसमें ₹2.6 करोड़ की चल संपत्ति और ₹1.3 करोड़ की अचल संपत्ति शामिल है। आसनसोल दक्षिण से भाजपा विधायक और पेशे से फैशन डिज़ाइनर रहीं पॉल पर लगभग ₹1.2 करोड़ की देनदारियां भी दर्ज हैं।

कुल संपत्ति: 3.9 करोड़ रुपये
चल संपत्ति: 2.6 करोड़ रुपये
अचल संपत्ति: 1.3 करोड़ रुपये
देनदारियां: ₹.2 करोड़ रुपये

बंगाल में बीजेपी की ‘महिला शक्ति’

बीजेपी ने अग्निमत्रा पॉल को बंगाल में ‘महिला शक्ति’ के चेहरे के तौर पर पेश किया है। ममता बनर्जी की टक्कर में बीजेपी को एक ऐसी निडर और मुखर महिला नेता की जरूरत थी जो सीधे महिलाओं से संवाद कर सके और टीएमसी के वोट बैंक में सेंध लगा सके। आपको बता दें कि बंगाल की राजनीति में महिलाओं का वोट बैंक काफी अहम और निर्णायक होता है।

बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा, उनके खिलाफ अपराध, कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर अग्निमित्रा काफी आक्रामक रही हैं। संदेशखाली जैसे मामलों में वह काफी सक्रिय रहीं और ममता बनर्जी सरकार को जमकर घेरा। बात करने के अपने तीखे अंदाज के चलते बीजेी में उनका कद लगातार बढ़ा है।

क्या बंगाल की मुख्यमंत्री बनेंगी अग्निमित्रा?

बंगाल के राजनीतिक गलियारों में ऐसी खबरें हैं कि अग्निमित्रा पॉल मुख्यमंत्री पद की प्रबल दावेदार हैं। यूं तो बीजेपी ने आधिकारिक तौर पर किसी के नाम का ऐलान नहीं किया है लेकिन दावेदारों में सुवेंदु अधिकारी, दिलीप घोष, समिक भट्टाचार्य के साथ-साथ अग्निमित्रा पॉल का भी नाम शामिल है।

अग्निमित्रा के सीएम बनाने के पीछे कई कारणों की चर्चा है। पहला यह कि वो एक महिला हैं। अग्निमित्रा साहसी और मुखर हैं व उनके बोलने का निडर अंदाज उन्हें मुख्यमंत्री पद का मजबूत उम्मीदवार बनाता है। उन पर किसी तरह के भ्रष्टाचार के आरोप भी अभी तक नहीं लगे हैं। उनका बैकग्राउंड प्रोफेशनल है और वह मिडिल क्लास और शहरी लोगों से कनेक्ट करती हैं। बंगाल की राजनीति में अग्निमित्रा पॉल रोजगार की बात या महिलाओं की सुरक्षा को उठाती रही हैं।