चुनावों के बाद महंगाई बढ़ने की आशंका को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जिस ‘महंगाई की गर्मी’ की चेतावनी पहले दी गई थी, वह अब हकीकत बनती दिख रही है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में भारी बढ़ोतरी का हवाला देते हुए कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में एक ही दिन में 993 रुपये बढ़ गई हैं। राहुल ने इसे ‘चुनावी बिल’ करार दिया। उनके मुताबिक, फरवरी से अब तक कमर्शियल एलपीजी के दाम 1,380 रुपये तक बढ़ चुके हैं यानी सिर्फ़ तीन महीनों में करीब 81% का उछाल।
उन्होंने चेतावनी दी कि इस बढ़ोतरी का सीधा असर छोटे कारोबारियों पर पड़ेगा। उन्होंने कहा, ”चायवाला, ढाबा, होटल, बेकरी और हलवाई- हर किसी की रसोई पर बोझ बढ़ा है।” राहुल के अनुसार, बढ़ती लागत का असर आम जनता की थाली तक पहुंचेगा क्योंकि खाने-पीने की चीज़ों के दाम भी बढ़ सकते हैं। कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि यह सिर्फ शुरुआत है। राहुल ने ट्वीट कर कहा, ”पहला वार गैस पर हुआ है, अगला वार पेट्रोल-डीज़ल पर हो सकता है।”
‘करोड़ों भारतीय पर पड़ेगा असर’
इससे पहले कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने X पर कहा, “जैसे ही चुनावी चक्र समाप्त हुआ, नरेन्द्र मोदी सरकार ने बिना समय गंवाए एलपीजी सिलेंडरों की कीमतें बढ़ा दीं।”
उन्होंने कहा, “वाणिज्यिक सिलेंडरों पर लगभग 1000 रुपये की भारी बढ़ोतरी से करोड़ों भारतीय प्रभावित होंगे, जो छोटे ढाबों और होटलों से मिलने वाले खाने पर निर्भर हैं। इसी तरह, लाखों छोटे खाद्य व्यवसायों को भी इस बढ़ोतरी का बोझ उठाना पड़ेगा।”
वेणुगोपाल ने कहा कि आम लोगों की पीड़ा के प्रति भाजपा का ध्यान सिर्फ चुनावी हथकंडों तक सीमित है, जिसके बाद उन्हें उनके हाल पर छोड़ दिया जाता है। उन्होंने कहा, “ईरान युद्ध शुरू होने के बाद तीन महीनों के दौरान सरकार को आम लोगों पर वित्तीय बोझ डालने के बजाय उन्हें कीमतों में वृद्धि के झटके से बचाने के लिए ठोस योजना बनानी चाहिए थी।”
यह भी पढ़ें: LPG Gas Price Hike: 5 किलो वाला ‘छोटू’ LPG सिलेंडर हुआ महंगा, अब 1754 रुपये में मिलेगा
एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी हो गई है। शुक्रवार से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के अलावा 5 किलोग्राम वाले FTL (फ्री ट्रेड एलपीजी) सिलेंडर भी महंगा हो गया है। 5 किलोग्राम वाले ‘छोटू’ सिलेंडर के दाम में 261 रुपये का इजाफा किया गया है। यह कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। फिलहाल राहत की बात है कि घरेलू एलपीसी की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। पढ़ें पूरी खबर…
