बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर गहरे दबाव का क्षेत्र चक्रवात में बदल गया है, इसे मुरासु नाम दिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, यह आंध्र प्रदेश के तट से 3 नवंबर की सुबह टकराएगा। इस दौरान हवा की गति 100 से 110 किमी प्रति घंटे चलने की अनुमान है। साथ ही तेज हवा के झोंके भी आने की संभावना है।
इससे पहले इसी सप्ताह में चक्रवात अर्नब आया था। इसका सबसे अधिक प्रभाव ओडिशा और आंध्र प्रदेश में देखने को मिला। इसके वजह से दोनों राज्यों हजारों को लोगों को एक जगह से दूसरे जगह स्थानांतरित करना पड़ा।
28 अक्टूबर को आंध्र की तट से टकराया था
26 अक्टूबर को बंगाल की खाड़ी में चक्रवात अर्नब उठा था, जो 28 अक्टूबर को आंध्र के तट से टकराया था। इसकी वजह से आंध्र प्रदेश, ओडिशा समेत देश के अधिकतर हिस्सों में बारिश हुई थी। ओडिशा के दो जिले गंजाम और गजपति अभी भी बाढ़ की मार झेल रहे हैं। इसी बीच इस चक्रवात मुरासु की खबर सामने आ रही है।
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
मौसम विभाग के जारी बुलेटिन के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर मौजूद चक्रवाती तूफान “मुरासु” पिछले 6 घंटों के दौरान 25 किमी प्रति घंटे की गति से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है। आज, 1 नवंबर 2026 को 05. 30 बजे (IST) यह उसी क्षेत्र में, 12.7° उत्तर अक्षांश और 84.1° पूर्व देशांतर के पास था।
इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और 2 नवंबर की सुबह तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर ‘गंभीर चक्रवाती तूफान’ (Severe Cyclonic Storm) में तब्दील होने की प्रबल संभावना है। इसके बाद, इसके उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने और 2 नवंबर की मध्यरात्रि (11. 30 बजे IST) से 3 नवंबर 2026 की सुबह (04. 00 बजे IST) के बीच, ओंगोल (प्रकाशम जिला) के पास नेल्लोर और नरसापुर के बीच दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तट को पार करने की संभावना है। इस दौरान यह एक ‘गंभीर चक्रवाती तूफान’ के रूप में होगा, जिसमें हवा की गति 100 से 110 किमी प्रति घंटा होगी, जो झोंकों के साथ 120 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
ओडिशा में निचले और पहाड़ी इलाकों को खाली करने का निर्देश
नए तूफान के मद्देनजर ओडिशा सरकार ने निचले और पहाड़ी इलाकों को खाली करने का आदेश दिया है। साथ ही मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी की उपस्थिति में, चक्रवात ‘मुरासु’ से निपटने की तैयारियों और एहतियाती उपायों का जायजा लेने के लिए आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC) में एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की है। इस बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव अरबिंद पाधी, IMD भुवनेश्वर की निदेशक मनोरमा मोहंती और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।
कई राज्यों के लिए अलर्ट
इधर मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, ओडिशा समेत कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है। विभाग ने आंध्र प्रदेश में 2 नवंबर के लिए आंधी-बारिश के मद्देनजर तूफान का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं रायलसीमा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, पुडुचेरी, ओडिशा, तेलंगाना, अरुणाचल प्रदेश और छत्तीसगढ़ के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, तीन नवंबर के मद्देनजर विभाग ने आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और ओडिशा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही 100 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं भी चलेंगी। वहीं, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, पुडुचेरी, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें: आंध्र प्रदेश में चक्रवात अर्नब का कहर, पेड़-बिजली के खंभे उखड़े, 8 की मौत, ओडिशा में राहत-बचाव तेज
आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में साइक्लोन अर्नब का असर देखने को मिला है। भारी बारिश और तेज हवाओं के चलते आंध्र प्रदेश में आठ लोगों की मौत हो गई। कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, तो कहीं सड़कें और मकान क्षतिग्रस्त हो गए। फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
