लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने दावा किया कि देश में जल्द ही बड़ा आर्थिक संकट आने वाला है जिसका सबसे ज्यादा असर आम लोगों, युवाओं, किसानों, मजदूरों और छोटे कारोबारियों पर पड़ेगा।

राहुल गांधी ने कहा, ”मैं कई दिनों से कह रहा हूं कि मोदी जी ने अर्थव्यवस्था का जो ढांचा बदला है, उसके कारण अब आर्थिक तूफान आ रहा है। उन्होंने अडानी-अंबानी वाली जो व्यवस्था बनाई है, वह टिकने वाली नहीं है और पूरी तरह ढह जाएगी। दुख की बात है कि नुकसान आम जनता को होगा मतलब वो अपने महलों में बैठे रहेंगे।”

उन्होंने कहा कि इस संकट का असर उद्योगपतियों पर नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश के युवाओं और आम जनता पर पड़ेगा। कांग्रेस नेता ने कहा, ”अडानी, अंबानी और मोदी पर इसका असर नहीं होगा लेकिन यूपी के युवा, किसान, मजदूर और छोटे व्यापारी इसकी सबसे बड़ी मार झेलेंगे। ऐसा झटका लगने वाला है जो पिछले कई सालों में शायद नहीं लगा। आने वाला समय बेहद कठिन होने वाला है।”

राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर ठोस कदम न उठाने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक्शन लेने की बजाय नरेंद्र मोदी देश से कह रहे हैं कि विदेश दौरे पर ना जाएं जबकि खुद मोदी दुनिया का चक्कर काट रहे हैं।

दो दिन के रायबरेली-अमेठी दौर पर राहुल

रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी मंगलवार को रायबरेली और अमेठी के दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे थे। आज राहुल गांधी रायबरेली में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे। रायबरेली के कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंकज तिवारी ने बताया कि पहले दिन वह बछरावां क्षेत्र में एक विवाह मंडप का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह खिरोन में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। लालगंज में वह एक ‘महिला संवाद’ कार्यक्रम में भाग लेंगे।

उन्होंने आगे बताया कि 20 मई को राहुल गांधी भुएमऊ गेस्ट हाउस में ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम के दौरान जनता से मिलेंगे। इसके बाद वह वीरा पासी की प्रतिमा के अनावरण में भाग लेंगे और लोधवारी में एक जनसभा में शामिल होंगे। इसके बाद वह अमेठी के लिए रवाना होंगे। अमेठी कांग्रेस जिला इकाई के प्रमुख प्रदीप सिंघल ने बताया कि अमेठी में राहुल गांधी पार्टी के जिला मुख्यालय में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकें करेंगे।

पेट्रोल-डीजल दाम बढ़ने पर कांग्रेस का पीएम मोदी पर हमला

कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘महंगाई मैन’ बताते हुए कहा कि चुनाव खत्म होते ही जनता पर महंगाई का बोझ डाला जा रहा है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में मंगलवार को लगभग 90 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई। एक सप्ताह से भी कम समय में दूसरी बार ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं।