जंतर-मंतर पर 3 अक्टूबर को हुए प्रदर्शन के दौरान छेड़खानी के आरोपों को लेकर चर्चा में आए दिल्ली पुलिस के ACP विवेक भगत का प्रमोशन हुआ है। उन्हें एडिशनल DCP का पद दिया गया है। उनके साथ 11 अन्य DANIPS अधिकारियों को भी प्रमोशन मिला है।
दिल्ली सरकार के गृह विभाग ने 5 अक्टूबर को इस संबंध में आदेश जारी किया। आदेश के मुताबिक, 12 DANIPS अधिकारियों को एडिशनल DCP के पद का वर्तमान कार्यभार सौंपा गया है। इनमें ACP विवेक भगत भी शामिल हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इन अधिकारियों का प्रमोशन नियमित प्रक्रिया के तहत हुआ है। प्रमोशन के लिए प्रस्ताव काफी पहले ही भेजा जा चुका था। अधिकारी ने कहा कि यह प्रक्रिया हालिया शिकायतों से पहले शुरू हो गई थी।
महिला पत्रकार ने लगाया था छेड़खानी का आरोप
जंतर-मंतर पर CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान एक महिला ने खुद को पत्रकार बताते हुए ACP विवेक भगत पर छेड़खानी का आरोप लगाया था। इस प्रदर्शन की कवरेज के दौरान तीन महिला पत्रकारों ने दिल्ली पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायत की थी।
दिल्ली पुलिस ने इन शिकायतों को जांच के लिए क्राइम ब्रांच को भेज दिया है। मामले की जांच अभी जारी है और आरोपों पर कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
12 DANIPS अधिकारियों का प्रमोशन
विभागीय आदेश के तहत विवेक भगत समेत 12 DANIPS अधिकारियों को एडिशनल DCP के पद का कार्यभार दिया गया है। यह व्यवस्था अस्थायी है और गृह मंत्रालय की ओर से इन पदों को नियमित आधार पर भरे जाने तक लागू रहेगी।
आदेश में कहा गया है कि इस व्यवस्था से अधिकारियों को एडिशनल DCP पद से जुड़ी वरिष्ठता, वेतन या अन्य नियमित लाभ नहीं मिलेंगे।
प्रमोशन पाने वाले अधिकारियों में डॉ. विकास श्योकंद, ए. वेंकटेश, गुरसेवक सिंह, रेनू लता, विदुषी कौशिक, मनु हिमांशु, सकरिया मिहिर प्रवीणभाई, गरिमा तिवारी, विवेक भगत, आशीष कुमार, मनीष लाडला और रोहित गुप्ता शामिल हैं।
दिल्ली पुलिस के आधिकारिक बयान
दिल्ली पुलिस ने 3 अक्टूबर की घटना को लेकर अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर कहा था कि नई दिल्ली इलाके में प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति बनी थी। इसी दौरान तीन महिला पत्रकारों ने पुलिस अधिकारियों पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। पुलिस ने बताया कि शिकायतें मिलने के बाद उन्हें निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच के लिए क्राइम ब्रांच को भेज दिया गया है।
पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन
आरोपों के बाद कई स्वतंत्र पत्रकारों ने संसद मार्ग पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन किया था। उन्होंने आरोपी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी।
प्रमोशन पर सौरभ भारद्वाज ने उठाए सवाल
विवेक भगत के प्रमोशन को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि जिस ACP पर महिला पत्रकार से कथित छेड़खानी का आरोप है, उसे एडिशनल DCP बनाया गया है।
इससे पहले प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने भी जंतर-मंतर पर पत्रकारों के साथ कथित पुलिस दुर्व्यवहार को लेकर चिंता जताई थी। प्रेस क्लब ने महिला पत्रकार की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की मांग की थी।
CEC के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हुआ था विवाद
जंतर-मंतर पर 3 अक्टूबर को CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया था। प्रदर्शनकारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं और बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जाने का आरोप लगाते हुए CEC के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
इन आरोपों को चुनाव आयोग खारिज कर चुका है। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया था। इसी दौरान पत्रकारों के साथ कथित पुलिस दुर्व्यवहार और महिला पत्रकारों की शिकायतों का मामला सामने आया।
यह भी पढ़ें: पार्लियामेंट स्ट्रीट पर प्रदर्शन के बाद बड़ा एक्शन, 18 गिरफ्तार और 4 FIR, CISF जवान पर भी हमला
दिल्ली पुलिस ने सोमवार को पार्लियामेंट स्ट्रीट इलाके में हुए प्रदर्शन के दौरान कथित हिंसा के मामले में चार FIR दर्ज की हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इन मामलों में एक CISF जवान पर कथित चाकू से हमला, दंगा, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सरकारी कर्मचारियों के काम में बाधा डालने के आरोप शामिल हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
