कोलकाता एयर पोर्ट के बाहर शुक्रवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब तृणमूल और भाजपा के समर्थक भिड़ गए। जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई और एयरपोर्ट के बाहर में यातायात जाम हो गया।

सूत्रों के मुताबिक, भाजपा समर्थकों का एक समूह एयर पोर्ट के बाहर सड़े अंडे लेकर जमा हुआ था। उनका आरोप है कि वे तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को दिल्ली से लौटने पर निशाना बनाने की योजना बना रहे थे। टीएमसी सूत्रों ने दावा किया कि उनमें से कुछ लोग हथियार भी लिए हुए थे।

हालांकि, इस कथित योजना की खबर टीएमसी समर्थकों तक पहुंच गई, जो मौके पर पहुंचे और भाजपा कार्यकर्ताओं से भिड़ गए। इसके बाद हिंसक झड़प हुई, जिसमें दोनों पक्षों के सदस्यों ने एक-दूसरे पर लाठियां बरसाईं, गालियां दीं और हाथापाई के दौरान हेलमेट और अन्य वस्तुओं का इस्तेमाल किया।

कड़ी सुरक्षा के बीच, अभिषेत बनर्जी रात करीब 9.45 बजे हवाई अड्डे से बाहर निकले। भारी पुलिस बल की सुरक्षा में वे तुरंत एक प्रतीक्षारत वाहन में सवार हुए और समर्थकों या मीडिया से बातचीत किए बिना एयरपोर्ट से निकल गए।

भाजपा और टीएमसी समर्थकों में यह झड़प सबके सामने हुई, जिससे एयरपोर्ट से बाहर निकल रहे यात्री हैरान रह गए, जबकि पुलिस ने व्यवस्था बहाल करने के लिए तुरंत कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और आगे की स्थिति बिगड़ने से रोकने के लिए दोनों गुटों को अलग किया। हिंसा के कारण टर्मिनल के बाहर यातायात भी बाधित हो गया। टर्मिनल के पास लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को टर्मिनल तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

कोलकाता एयरपोर्ट पर खड़े इंडिगो विमान पर गिरी बिजली, बाल-बाल बचे 140 यात्री

कोलकाता एयरपोर्ट पर खड़े हुए इंडिगो के एक विमान पर शुक्रवार को बिजली गिर गई, हालांकि विमान में सवार सभी 140 से अधिक लोग सुरक्षित हैं। सूत्रों ने बताया कि विमान कोलकाता से अगरतला जाने वाला था। उन्होंने कहा कि घटना के बाद विमान को उड़ान भरने से रोक दिया गया। पढ़ें पूरी खबर।