Abhishek Banerjee KMC Notice: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव नतीजों में सत्ता परिवर्तन होने और BJP नेता शुभेंदु अधिकारी के सीएम बनने के बाद राज्य में पूर्ववर्ती सरकारों के भ्रष्टाचार संबंधी मामलों की जांच शुरूआत हो गई है। इस मामले में पूर्व सीएम ममता बनर्जी के भतीजे और डायमंड हार्बर से लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी भी निशाने पर हैं। उनकी 17 संपत्तियों की जांच हो रही है, जिसको लेकर नगर निगम ने नोटिस जारी किया है और संकेत दिए हैं कि सांसद की अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर भी चलाया जा सकता है।
दरअसल, कोलकाता नगर निगम ने टीएमसी के दूसरे सबसे बड़े नेता अभिषेक बनर्जी से जुड़े 17 ठिकानों पर कथित अनाधिकृत निर्माण के आरोप में नोटिस भेजे हैं। उन्हें 1980 की धारा 400 (1) के तहत जारी नोटिस में कोलकाता नगर निकाय ने भवन योजना अनुमोदन से संबंधित दस्तावेज और अतिरिक्त निर्माण के लिए अनुमति ली गई थी, या नहीं। इसी सवाल को लेकर टीएमसी सांसद से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
बुलडोजर एक्शन के भी दिए संकेत
नगर निगम ने निर्देश दिया है कि अनधिकृत निर्माण को सात दिनों के भीतर ध्वस्त कर दिया जाए, अन्यथा मालिकों को कार्रवाई न करने का कारण बताना होगा। इसके साथ ही ये चेतावनी भी दी गई है कि यदि कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो निगम विध्वंस की कार्रवाई करेगा और तोड़फोड़ की लागत भी संपत्ति के मालिक से वसूलेगा।
इन नोटिसों में कई आवासीय और संगठनात्मक संपत्तियां शामिल हैं जिनमें उनके माता-पिता और उनकी कंपनी, लीप्स एंड बाउंड्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ी संपत्तियां भी शामिल हैं। प्रमुख स्थानों में हरीश मुखर्जी रोड, कालीघाट रोड, प्रेमेंद्र मित्रा सरानी, पंडितिया रोड और उस्ताद आमिर खान सरानी शामिल हैं।
अभिषेक बनर्जी पर आक्रामक सीएम शुभेंदु अधिकारी
ध्यान देने वाली बात यह भी है कि नई सरकार के मुखिया यानी मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी अभिषेक बनर्जी और टीएमसी के खिलाफ आक्रामक रुख अख्तियार किए हुए हैं। शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि उन्होंने अपने अधिकारियों को अभिषेक बनर्जी सहित तृणमूल कांग्रेस के चार नेताओं की संपत्ति का विवरण प्राप्त करने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “मैंने नगर आयुक्त को चार लोगों के नाम बताए थे। इनमें बेलेघाटा के राजू नस्कर हैं, जिनके पास 18 संपत्तियां हैं, कस्बा की सोना पप्पू हैं, जिनके पास 24 संपत्तियां हैं; और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी हैं। लीप्स एंड बाउंड्स कंपनी के नाम पर 14 संपत्तियां पंजीकृत हैं, चार उनके नाम पर और छह उनके पिता के नाम पर। और जावेद खान के बेटे के पास 90 संपत्तियां हैं।”
जेल में होंगे भ्रष्टाचारी
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भ्रष्टाचार के मामले आक्रामक रुख अपनाने के संकेत दिए हैं। उन्होंने कोलकाता के पुलिस अधिकारी और पूर्व मंत्री शांतनु सिन्हा बिस्वास का जिक्र करते हुए कहा, “जिस तरह शांतनु सिन्हा बिस्वास और सुजीत बसु को गिरफ्तार किया गया, भविष्य में भाजपा सभी भ्रष्ट लोगों को कानूनी तरीकों से जेल में डालेगी।”
शुभेंदु अधिकारी सरकार में नंबर दो माने जाने वाले मंत्री और वरिष्ठ बीजेपी नेता दिलीप घोष ने कहा कि नगर पालिका अवैध निर्माणों की जांच करेगी और नोटिस जारी करेगी। संपत्ति के मालिकों को अपनी संपत्ति की वैधता साबित करनी ही होगी।
‘कश्मीर की तरह पश्चिम बंगाल में भी खत्म हो जाएगी पत्थरबाजी’, सीएम शुभेंदु ने दी चेतावनी
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पत्थरबाजों को कड़ी चेतावनी दी है। अधिकारी ने सोमवार को कहा कि जिस तरह जम्मू-कश्मीर में पत्थरबाजी को खत्म कर दिया गया, उसी तरह पश्चिम बंगाल में भी इसे जल्द ही पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा। अधिकारी ने पार्क सर्कस सेवन-पॉइंट क्रॉसिंग पर हिंसक प्रदर्शनों और पत्थरबाजी के दौरान घायल हुए पुलिसकर्मियों से मुलाकात की। पढ़िए पूरी खबर…
