टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर सोनारपुर में हुए हमले के बाद कोलकाता में जमकर सियासी ड्रामा हुआ। अभिषेक बनर्जी को शनिवार शाम कोलकाता के गर्दन, पीठ और कमर में दर्द की शिकायत पर एक निजी अस्पताल ले जाया गया लेकिन अस्पताल ने उनकी चोट को बेहद मामूली बताते हुए उन्हें भर्ती करने से इनकार कर दिया।
बेल व्यू अस्पताल की तरफ से एक बयान जारी कर जानकारी दी गई कि मरीज के सीने पर कुछ निशानों को छोड़कर कोई गंभीर शारीरिक चोट नहीं है। मरीज पूरी तरह होश में है, सही तरीके से बात कर रहा है और अपने आसपास की स्थिति को समझ रहा है। इसलिए मरीज को अस्पताल में भर्ती करने की आवश्यकता नहीं है।
ममता बोलीं- अस्पतालों को धमका रहे बीजेपी वाले
अपने भतीजे पर हुए हमले को लेकर ममता बनर्जी ने खुलकर बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो सत्ता में है, वे सभी अस्पतालों और संबंधित अधिकारियों को धमकी दे रहे हैं कि अभिषेक बनर्जी को अस्पताल में भर्ती न किया जाए।
ममता बनर्जी ने कहा कि बीजेपी नहीं चाहती कि अभिषेक बनर्जी का इलाज हो। उन्होंने कहा, ” जब मैं अस्पताल के प्रशासनिक अधिकारी के साथ बैठी थी, तो उन्होंने मुझे बताया कि उन्हें पुलिस की ओर से धमकी भरे फोन आ रहे हैं। डॉक्टर भी दुखी हैं, उन पर दबाव बनाया जा रहा है।”
टीएमसी चीफ ने कहा कि बीजेपी को कानून और नियमों के हिसाब से काम करना होगा। वे किसी का भी इलाज नहीं होने दे रहे हैं। ममता बनर्जी ने कहा, “मेरे सामने पुलिस धमका रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें इजाजत चाहिए। अगर कोई मरीज आता है तो क्या तुम्हें बीजेपी पार्टी से इजाजत चाहिए? किसका इलाज होगा और किसका नहीं… उन्हें इंसान बनना होगा।”
‘अभिषेक को ITU में क्यों ले जाया गया?’
ममता बनर्जी ने कहा कि अगर अभिषेक को अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत नहीं थी तो उन्हें आईटीयू में क्यों ले जाया गया और फिर दो घंटे तक निगरानी में क्यों रखा गया। टीएमसी चीफ के अनुसार, अभिषेक को रात करीब 8.15 बजे से रात लगभग 11 बजे तक डॉक्टर्स की निगरानी में रखा गया और फिर उन्हें छुट्टी दे दी।
राहुल गांधी ने किया फोन
ममता बनर्जी ने बताया कि राहुल गांधी ने उन्हें फोन किया और कहा कि किसी भी जरूरत के लिए वे उन्हें बताएं। ममता बनर्जी ने कहा, “राहुल गांधी ने कहा कि वे अभिषेक बनर्जी को इलाज के लिए हैदराबाद या अन्य कहीं भी ले जा सकते हैं।”
इससे पहले टीएमसी नेता कुणाल घोष ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हमले की वजह से अभिषेक बनर्जी को गंभीर चोटें आई हैं। हम उन्हें एक अस्पताल ले गए थे। आरोप है कि पुलिस प्रशासन ने अस्पताल पर दबाव डाला ताकि इस हमले को मामूली दिखाया जा सके। उन्होंने दावा किया कि अस्पताल में अभिषेक बनर्जी को आईटीयू में ले जाया गया लेकिन बाद में उन्हें कुछ निर्देश मिले।
यह भी पढ़ें: ‘यह BJP की बदले की राजनीति का घिनौना रूप’, अभिषेक बनर्जी पर हमले को लेकर बोले राहुल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अभिषेक बनर्जी पर हुए इस हमले को लेकर भाजपा को घेरा है। उन्होंने कहा कि यह हमला एक व्यक्ति पर नहीं बल्कि लोकतंत्र पर है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
