Bengal Elections: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में चुनावी भाषणों में बार-बार घुसपैठ का मुद्दा उठाने के लिए शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा और उनसे यह स्पष्ट करने को कहा कि क्या बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना को घुसपैठिया कहा जाना चाहिए?

टीएमसी नेता और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने पहलगाम आतंकी हमले और दिल्ली में हुए धमाके से जुड़े आतंकी मामले का जिक्र करते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा उठाया। अभिषेक ने अमित शाह से यह स्पष्ट करने की मांग की कि क्या शेख हसीना को घुसपैठिया कहा जाना चाहिए, जिन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने शरण दी है।

शेख हसीना को लेकर क्या-क्या कहा?

घुसपैठियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और उन्हें दूर-दराज के कोनों तक से ढूंढ निकालने के अमित शाह के संकल्प का जिक्र करते हुए अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि केंद्रीय गृह मंत्री बार-बार एक ही बात दोहरा रहे हैं और इस मुद्दे पर गलत जानकारी फैला रहे हैं। उन्होंने कहा, “अगर हम घुसपैठ की बात करें, तो बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की क्या स्थिति है, जो पिछले डेढ़ साल से भारत में रह रही हैं? क्या वह बांग्लादेशी घुसपैठिया हैं?”

आतंकी हमले रोकने में नाकाम शाह- अभिषेक

अभिषेक बनर्जी ने कहा, “अमित शाह पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले को रोकने में कैसे नाकाम रहे, जिसमें 26 भारतीय मारे गए? आतंकवादी दिल्ली में कैसे घुस आए और 10 लोगों को मार डाला? शाह इन लोगों को सुरक्षा देने में क्यों विफल रहे?”

श्वेत पत्र वाले मुद्दे पर भी उठाए सवाल

कथित ‘कट मनी’ संस्कृति पर श्वेत पत्र लाने के शाह के वादे पर अभिषेक ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस पर उंगली उठाने वालों को याद रखना चाहिए कि उन्होंने अभी तक मनरेगा जैसी केंद्रीय परियोजनाओं के तहत बंगाल को भेजी गई धनराशि पर श्वेत पत्र प्रकाशित नहीं किया है।

डायमंड हार्बर से लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिये केंद्र से 14 मार्च 2024 को राज्य को जारी की गई धनराशि पर एक श्वेत पत्र जारी करने की मांग की थी, लेकिन उन्हें अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है।

यह भी पढ़ें: बंगाल चुनाव: ममता के गढ़ कोलकाता में BJP-TMC के बीच कांटे का मुकाबला, समझिए कैसे SIR बना अहम फैक्टर

bengal elections | tmc vs bjp | mamata banerjee | bengal chunav
Bengal Elections 2026: क्या SIR की वजह से बिगड़ेगा ममता का खेल? (Image Source: Jansatta)

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में इस बार सत्ताधारी पार्टी और बीजेपी के बीच कांटे का मुकाबला माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के गढ़ यानी कोलकाता में सेंधमारी के लिए बीजेपी इस बार पूरी ताकत झोंक रही है। खास बात यह है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में कोलकाता की 11 विधानसभा सीटों इस बार चुनाव आयोग द्वारा कराए गया एसआईआर एक अहम फैक्टर हो सकता है। पढ़िए पूरी खबर…