दिल्ली पुलिस के बयान के बाद महाराष्ट्र के शहर नागपुर पहुंचे सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके ने अपना पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस ने मुझे आकर बताया कि मेरी दादी का देहांत हो चुका है। उसके बाद मैंने दिल्ली पुलिस को बोला कि मुझे अपने गांव में कजिन को कॉल करना है, मेरा फोन 2 मिनट के लिए लाकर दे दीजिए।

अभिजीत के बयान से पहले दिल्ली पुलिस ने कहा कि जैसे ही हमें अभिजीत दीपके की दादी के निधन की खबर मिली, हमने उन्हें जानकारी दी और हर संभव मदद का प्रस्ताव भी दिया। इसी को लेकर मीडिया ने अभिजीत दीपके से सवाल पूछा तो उन्होंने पूरा वाकया बताया।

उन्होंने मुझे मेरा फोन दिया नहीं- अभिजीत दीपके

अभिजीत दीपके ने कहा, “दिल्ली पुलिस ने बोला कि हम फोन नहीं लाकर दे सकते, आप नंबर बताइए। मैंने उनसे कहा कि मुझे मेरे कजिन का नंबर याद नहीं है तो आप 2 मिनट के लिए फोन लाकर दे दीजिए, मैं आपको उसमें से नंबर निकालकर आपको बता दूंगा। फिर भी उन्होंने मुझे मेरा फोन दिया नहीं।”

कजिन को करना था फोन

आगे कहा, “कायदे से तो मुझे मेरे वकील को फोन करने का अधिकार है। वो भी दिल्ली पुलिस ने मुझे करने नहीं दिया। मुझे मेरे वकील को फोन नहीं करने दिया। मुझे मेरे कजिन को फोन लगाना था, जो मेरे दादी के साथ गांव में रहता था, उससे पूछना था कि यह कैसे हो गया। दिल्ली पुलिस ने तब भी मुझे फोन नहीं दिया। यह कहते ही वह भावुक नजर आए।”

फिर 3.30 बजे आई दिल्ली पुलिस- अभिजीत दीपके

उन्होंने आगे कहा, “रात के 3.30 बजे दिल्ली पुलिस आती है और कहती है कि अपने मां-बाप को फोन लगाओ और बताओ कि तुम गिरफ्तार हो चुके हो। क्या इरादा है इसके पीछे। रात के 3.30 बजे कहते हैं कि अपने मां-बाप को उठाओ और बताओ कि तुम गिरफ्तार कर लिए गए हो। मैंने ये बोला कि आपने दिन भर में क्यों नहीं बोला कि मैं गिरफ्तार हो चुका है और कहां पर गिरफ्तार करके रखा है। पूरे दिन क्यों नहीं बताया आपने। आप रात के 3.30 बजे मुझे क्यों बोल रहे हो। सुबह तक का इंतजार क्यों नहीं कर रहे हो। तब कहते हैं कि नहीं प्रक्रिया है। रात के 3.30 बजे कौन-सी कानूनी प्रक्रिया होती है, जहां पर आपको किसी के मां-बाप को रात के 3.30 बजे फोन करके बताना है कि उनके बेटे को गिरफ्तार किया गया है।”

दिल्ली पुलिस को बताया गुंडा-दरिंदा

अभिजीत ने आगे कहा, मेरे मां-बाप को पहले से ही स्वास्थ्य से जुड़ी अन्य समस्याएं हैं, फिर मेरी दादी का देहांत हुआ था, वो पहले से ही सदम में थे। उसके ऊपर ये दिल्ली पुलिस के गुंडे, दरिंदे चाहते थे कि मैं उनको और परेशान करूं और एक झटका दूं। इंसानियत नहीं है इन लोगों में, ये वर्दी में गुंडे हैं और अमित शाह ने इन सभी को गुंडा बनाकर रखा है। मैंने कोई बॉन्ड साइन नहीं किया है। हम फिर से सड़कों पर उतरेंगे अमित शाह और मोदी जैसे लोगों से हम डरेंगे नहीं। एक बार नहीं सौ बार जेल में डालो तुम, तुम्हारी तानाशाही से डरते नहीं हैं। तुम्हारी तानाशाही का अंत करके रहेंगे।

प्रेस कान्फ्रेंस में दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?

दिल्ली पुलिस में DCP पीआरओ नेहा यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि अभिजीत दीपके को उनकी दादी के निधन की खबर दी गई। डीसीपी ने आगे कहा, “हमारे अधिकारी उन्हें यह दुखद समाचार देने और हर संभव मदद का प्रस्ताव देने के लिए उनके पास पहुंचे। उन्होंने संवेदनशीलता के साथ पूछा कि क्या उन्हें फ्लाइट, फोन कॉल या किसी और चीज में मदद की जरूरत है। उन्होंने बार-बार पूछा कि क्या वह अपने माता-पिता से बात करना चाहते हैं, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। CJP के बारे में बात करें तो, उनके पिछले व्यवहार से पता चलता है कि वे पहले दिए गए वादों और स्थानीय निर्देशों का पालन करने में नाकाम रहे हैं।”

‘प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई थी’

डीसीपी ने आगे कहा, “जब पहले अनुमति दी गई थी, तो उन्होंने कानून का पालन नहीं किया; उनके द्वारा जुटाई गई भीड़ ने जमकर पत्थरबाजी, आगजनी और हिंसा की, जिससे सार्वजनिक संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा। तय प्रक्रियाओं का पालन न करने, कानूनों और दिशानिर्देशों का पालन न करने के इतिहास और मौजूदा सुरक्षा व कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए जनपथ पर प्रस्तावित धरने की अनुमति नहीं दी गई। दिल्ली की सुरक्षा और नागरिकों की जान-माल की रक्षा के लिए शहर के कई इलाकों में BNSS की धारा 133 लागू की गई, जिसके तहत किसी भी तरह की भीड़ या विरोध-प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई। जनपथ पर विरोध-प्रदर्शन के आह्वान के सिलसिले में 10 अक्टूबर को अभिजीत दीपके और उनके दो साथियों को हिरासत में लिया गया, क्योंकि प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई थी।”

यह भी पढ़ें: कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को लेकर एक्शन में दिल्ली पुलिस, 20 से ज्यादा FIR दर्ज, पुलिसकर्मियों पर हमले का आरोप

दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में 20 एफआईआर दर्ज की हैं। पुलिस अफसरों ने बताया कि इन मामलों में कमला मार्केट थाने में दर्ज एक एफआईआर भी शामिल है। इस एफआईआर में हिंदू रक्षा दल से जुड़े होने का दावा करने वाले चार लोगों को विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों के साथ मारपीट और महिलाओं के साथ बदसलूकी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें