Abhijeet Dipke on Punjab Paper Leak: नीट पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर हुए छात्रों के विरोध प्रदर्शन को लीड करने वाले कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके चर्चा में हैं। शिक्षा मंत्री के पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के चलते उनके विरोध प्रदर्शन को एक बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं पंजाब में पेपर लीक के मुद्दे पर पूछे जा रहे सवालों पर भी अभिजीत दीपके की प्रतिक्रिया आई है।
दरअसल, न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में अभिजीत दीपके ने कहा, “हम जल्द ही भविष्य की रणनीति की घोषणा करेंगे। यह कल ही समाप्त हुई है; कृपया हमें थोड़ा समय दें।”
पंजाब पेपर लीक पर दिया बयान
पंजाब में कथित पेपर लीक के बारे में अभिजीत दीपके ने कहा, “हम उस पर भी ध्यान देंगे; हम इस संबंध में फिलहाल योजना बना रहे हैं।” सरकार के साथ बातचीत के बारे में उन्होंने कहा, “दर्ज किए गए मामलों के संबंध में बातचीत चल रही है। किसी भी छात्र के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं होना चाहिए।”
शिवसेना नेता ने की दीपके के पिता से मुलाकात
दूसरी ओर शिवसेना नेता और महाराष्ट्र के मंत्री संजय शिरसात के अभिजीत दीपके के घर पहुंचने पर उनके पिता भगवान शंकर दीपके ने कहा, “हमारे लिए वे पहले रिश्तेदार हैं और बाद में मंत्री। मैं सोच रहा था कि वे हमें फोन क्यों नहीं कर रहे थे या हमारे घर क्यों नहीं आ रहे थे, लेकिन मुझे उनकी सोच पर गर्व है।”
दीपके के पिता ने कहा, “उन्होंने समझाया कि अगर वे इस बीच हमें फोन करते या मिलने आते, तो दूसरे लोग इसे गलत समझ सकते थे; फिर भी हमसे मिलने की उनकी गहरी इच्छा के बावजूद, उन्होंने ऐसा नहीं किया। उन्हें यह जानकर बहुत दुख हुआ होगा कि हमारे करीबी रिश्ते के बावजूद, वे हमसे मिल नहीं सके या हमें फोन भी नहीं कर सके। उनका हमसे मिलने आना और अपने दिल की बात कहना मेरे लिए बहुत मायने रखता है।”
अभिजीत दीपके ने दिया था सभी का धन्यवाद
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अभिजीत दीपके ने मीडिया से बातचीत में सबका धन्यवाद किया और कहा कि जो लोग 37 दिन तक जंतर-मंतर पर बने रहे मैं दिल से सभी का शुक्रिया अदा करता हूं। आपने इस देश के लिए जो किया, मैं सचमुच उसकी सराहना करता हूं। मैं आप सभी से बहुत प्यार करता हूं। आपके बिना यह हासिल नहीं किया जा सकता था। आप सबको सलाम!
उन्होंने आगे कहा कि जिन लोगों ने हम पर शक किया या सवाल किया कि आप सीरियस नहीं हो, आप लोग प्रोटेस्ट करना नहीं जानते हो। मैं उन सभी का भी शुक्रिया अदा करता हूं, क्योंकि अगर आप लोग हमसे सवाल नहीं करते, आप लोग हमारी आलोचना नहीं करते तो हमें शायद यह साबित करने का मौका नहीं मिलता।
यह भी पढ़ें: नीट पेपर लीक: शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी संभालते ही एक्शन मोड में प्रह्लाद जोशी, NTA अधिकारियों को भेजा समन
नीट पेपर लीक मामले में धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालने वाले देश के नए शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। रविवार को पद्भार संभालने के बाद प्रह्लाद जोशी ने टॉप अधिकारियों के साथ रिव्यू मीटिंग की। इसके अलावा शिक्षा मंत्री ने NTA को भी समन भेजा है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, जोशी ने रविवार शाम को अपने घर पर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के अधिकारियों की एक अलग मीटिंग बुलाई है। पढ़िए पूरी खबर…
