केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका की फंडिंग को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि अभिजीत दीपके को अमेरिका स्थित कुछ लोगों से फंडिंग मिली जबकि आशुतोष रांका को पाकिस्तानी नेताओं और उनके कुछ मददगारों से आर्थिक सहयोग मिला।
जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को बेंगलुरु में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ये आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सरकार के खिलाफ अभियान चलाने और देश में जनमत को प्रभावित करने के लिए विदेशी फंडिंग का इस्तेमाल कर रहे हैं।
अमेरिका और पाकिस्तान से फंडिंग मिलने का आरोप
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कुछ ऐसे नेताओं और कार्यकर्ताओं की फंडिंग के स्रोतों पर गंभीर सवाल हैं जो खुद को जननेता और सामाजिक कार्यकर्ता बताते हैं।
उन्होंने कहा, ”दीपके को अमेरिका स्थित डोनर्स से फंडिंग मिलने का आरोप है जबकि आशुतोष रांका को पाकिस्तानी नेताओं और अन्य हैंडलर्स से आर्थिक मदद मिलने की बात सामने आई है।”
जितेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि देश और विदेश में काम कर रहे कुछ NGO और संगठन भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं। उनके मुताबिक, विदेशी फंडिंग पाने वाले NGO, डीप स्टेट से जुड़े लोग और भारत विरोधी ताकतें मिलकर सरकार के खिलाफ भ्रामक नैरेटिव तैयार करने और उसे फैलाने का काम कर रही हैं।
उन्होंने कहा, ”ऐसे अराजक तत्वों को अनधिकृत स्रोतों से फंडिंग मिलने के पर्याप्त सबूत हैं। इनमें भारत विरोधी NGO और देश के भीतर तथा बाहर काम करने वाले संगठन शामिल हैं। विदेशी फंडिंग वाले NGO, डीप स्टेट के ऑपरेटिव और भारत विरोधी ताकतें कथित तौर पर मिलकर एक भ्रामक नैरेटिव तैयार करने और उसे फैलाने का काम कर रही हैं।”
FCRA का किया बचाव
जितेंद्र सिंह ने विदेशी फंडिंग को नियंत्रित करने के लिए विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (FCRA) का भी बचाव किया। उन्होंने कहा कि विदेशी पैसों के लेन-देन पर निगरानी रखने के लिए यह कानून जरूरी है।
उन्होंने दीपके और रांका पर निशाना साधते हुए कहा, “जो लोग ये आरोप लगा रहे हैं, उन्हें अपने फंडिंग के स्रोतों के बारे में भी बताना चाहिए। उन्हें यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि अपने अभियानों को जारी रखने के लिए वे संसाधन कहां से जुटाते हैं।”
मंत्री ने आगे कहा कि राजनीतिक रूप से जमीन खो चुके कुछ लोग जनता का ध्यान दोबारा खींचने के लिए इस तरह का नैरेटिव तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं।
SIR के खिलाफ अभियान और कांग्रेस पर भी साधा निशाना
जितेंद्र सिंह ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों से जुड़े लोगों की फंडिंग पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कांग्रेस पर चुनावी प्रक्रिया को लेकर गलत जानकारी फैलाने और बिना आधार के ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाने का आरोप लगाया। सिंह ने कहा कि कांग्रेस ऐसा अपनी पार्टी के नेतृत्व की राजनीतिक छवि बचाने के लिए कर रही है।
उन्होंने कर्नाटक विधान परिषद की उन चार सीटों पर NDA की जीत का भी जिक्र किया जहां चुनाव बैलेट पेपर से हुए थे। इसके जरिए उन्होंने EVM को लेकर विपक्ष के सवालों पर निशाना साधा।
अमेरिकी चुनाव पर अभिजीत दीपके का तंज; सौरव दास बोले- मजबूत नेता का भ्रम टूट रहा है
अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को लगे झटके के बाद भारत में भी सियासी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दीपके ने अमेरिकी चुनाव के नतीजों को लेकर भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर तंज कसा है। वहीं सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास ने भी ट्रंप की पार्टी की हार को दुनिया भर में मजबूत नेता और तानाशाही राजनीति के खिलाफ बदलते जनमत से जोड़ते हुए प्रतिक्रिया दी है।
