आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने CJP संस्थापक अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने इसे ‘सरासर तानाशाही’ बताते हुए सवाल किया कि क्या तिरंगा लहराना जुर्म है? केजरीवाल ने कहा कि अभिजीत की गिरफ्तारी दिखाती है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनसे कितना डरते हैं।

केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक अन्य पोस्ट में लिखा, “हम अपने देश में तिरंगा नहीं लहराएंगे तो क्या पाकिस्तान में लहराएंगे? जिन्हें भारतीय तिरंगे से परेशानी है, वो पाकिस्तान चले जाएं।” अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद अरविंद केजरीवाल ने ये ट्वीट किए और केंद्र सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाए।

‘लहरा दो तिरंगा’ प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे अभिजीत दीपके

CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके को शुक्रवार को उनके घर से उस समय हिरासत में लिया गया, जब वह दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में ‘लहरा दो तिरंगा’ प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे। CJP ने इस प्रदर्शन का आह्वान किया था।

हालांकि, कनॉट प्लेस में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू होने और नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) से तिरंगा यात्रा की अनुमति नहीं मिलने के कारण पुलिस ने यह कार्रवाई की।

AAP ने भी निकाला तिरंगा मार्च

अभिजीत दीपके की हिरासत के बीच आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन और पार्टी मुख्यालय के पास तिरंगा मार्च निकाला। पार्टी ने कहा कि केंद्र सरकार यह तय नहीं कर सकती कि लोग देश का राष्ट्रीय ध्वज कहां फहरा सकते हैं। इस घटना को लेकर केजरीवाल ने केंद्र की BJP सरकार पर निशाना साधा और तिरंगा फहराने के अधिकार को लेकर सवाल उठाए।

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी ने मंगवाई ‘दिल्ली चलो मार्च’ में न आने वाले नेताओं की लिस्ट, फिर सांसदों को जाने लगे फोन

राहुल गांधी पर पहले अक्सर आरोप लगता था कि वह राजनीति में ज्यादा सक्रिय नहीं रहते और मौके पर मौजूद नहीं रहते। लेकिन पिछले सप्ताह से चुनाव आयोग और बीजेपी के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शनों में उनकी भूमिका चर्चा में है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।