कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके एकबार फिर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं। बुधवार को आशुतोष रांका और सौरव दास की गिरफ्तारी और फिर दोनों को 5 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद दीपके नागपुर से दिल्ली पहुंचे। एयरपोर्ट पर उतरते ही उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधा।
अभिजीत दीपके ने दिल्ली पहुंचते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फिर से तानाशाह बताया। उन्होंने कहा, “क्या इस देश में तिरंगा फहराना जुर्म है?”
‘ऐसा अंग्रेजों के राज में होता था’
दीपके ने आगे कहा, “आशुतोष और सौरव को पांच दिन के लिए जेल भेजा गया है। क्यों? क्योंकि वे जंतर-मंतर गए और तिरंगा फहराया। पिछली बार ऐसा तब हुआ था जब हम पर अंग्रेजों का राज था। ब्रिटिश राज में जो स्वतंत्रता सेनानी पब्लिक जगहों पर तिरंगा फहराते थे उन्हें गिरफ्तार करके जेल भेज दिया जाता था। नरेंद्र मोदी भी कुछ ऐसा ही कर रहे हैं।”
‘देश में अघोषित आपातकाल हो चुका है लागू’
बता दें कि अभिजीत दीपके ने नागपुर से दिल्ली के लिए रवाना होने से पहले भी मोदी सरकार पर निशाना साधा था। दीपके ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश में ‘‘अघोषित आपातकाल’’ लागू कर चुके हैं। मैं उन्हें चुनौती देना चाहता हूं कि आप इन हालात को आपातकाल के रूप में घोषित कर दें। दीपके ने सवाल किया था कि क्या अपने ही देश में तिरंगा फहराना गुनाह है?
आशुतोष रांका और सौरव दास न्यायिक हिरासत में
मंगलवार को CJP एक्टिविस्ट आशुतोष रांका और सौरव दास को दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर से हिरासत में लिया था। करीब 24 घंटे तक हिरासत में रखने के बाद पुलिस ने बुधवार को उन्हें गिरफ्तार घोषित किया। फिर दोनों को SEM कोर्ट में पेश किया गया जहां दोनों को 5 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। रांका और दास को तिहाड़ भेजा गया है जहां दोनों को अलग-अलग जेल में रखा जाएगा।
यह भी पढ़ें: ‘हम जंतर-मंतर लेकर रहेंगे’ राहुल गांधी ने किया CJP प्रदर्शन का समर्थन, बोले- तिरंगा फहराना अपराध नहीं
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय ध्वज फहराना कोई अपराध नहीं है और ऐसा करने के लिए युवाओं को जेल भेजना कायरता है। यहां पढ़ें पूरी खबर…
