राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने आम आदमी पार्टी के सात सांसदों के भारतीय जनता पार्टी (BJP) में विलय को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद उच्च सदन में AAP की ताकत काफी घट गई है।
पहले राज्यसभा में AAP के 10 सांसद थे लेकिन अब यह संख्या घटकर सिर्फ 3 रह गई है। वहीं BJP को इस राजनीतिक घटनाक्रम से सीधा फायदा हुआ है। उसकी संख्या 106 से बढ़कर 113 हो गई है। जिससे सदन में उसकी स्थिति और मजबूत हो गई है।
शुक्रवार को AAP के जिन सांसदों ने बगावत कर BJP का दामन थामा, उनमें राघव चड्ढा, स्वाति मालीवाल, अशोक कुमार मित्तल, संदीप पाठक, हरभजन सिंह, राजिंदर गुप्ता और विक्रमजीत सिंह साहनी शामिल हैं। इन सभी के शामिल होने के बाद राज्यसभा में भाजपा का आंकड़ा और प्रभाव दोनों बढ़े हैं। राज्यसभा की वेबसाइट पर अब ये सातों सांसद भाजपा के सदस्यों की सूची में दिखाए गए हैं।
अब राज्यसभा में आप के जो तीन सांसद बचे हैं उनमें राज्यसभा में पार्टी के नेता संजय सिंह, नारायण दास गुप्ता और संत बलबीर सिंह शामिल हैं।
इस विलय के बाद जहां AAP की भूमिका कमजोर हुई है, वहीं BJP अब और अधिक मजबूती के साथ सदन में अपनी रणनीति आगे बढ़ा सकेगी।
शुक्रवार को सातों सांसदों ने राज्यसभा के सभापति को पत्र लिखकर उन्हें विलय के बाद भाजपा सांसद माने जाने का अनुरोध किया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को राज्यसभा के सभापति को एक पत्र लिखकर दल बदल करने वाले सातों सांसदों की सदस्यता समाप्त करने का अनुरोध किया था।
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा कि उन्होंने सभापति राधाकृष्णन को पत्र देकर उच्च सदन में पार्टी के उन सातों सांसदों को अयोग्य ठहराने का अनुरोध किया है, जिन्होंने हाल ही में आप छोड़कर भाजपा में विलय की घोषणा की थी। पिछले शुक्रवार को आप को तब बड़ा झटका लगा था जब सातों राज्यसभा सदस्यों ने पार्टी छोड़ दी थी और भाजपा में विलय की घोषणा कर दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी अपने सिद्धांतों, मूल्यों और मूल नैतिक मूल्यों से भटक गई है।
यह भी पढ़ें: राघव चड्ढा, स्वाति मालीवाल और हरभजन सिंह: आप के 7 बागी सांसदों में किसकी रही सबसे ज्यादा हाज़िरी और कौन रहा सबसे पीछे?
हाल ही में आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा के सात सांसदों ने बगावत कर दी। राघव चड्ढा समेत कुल 7 सांसद भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। संसद के उपस्थिति रिकॉर्ड के मुताबिक, स्वाति मालीवाल, अशोक कुमार मित्तल और राघव चड्ढा उच्च सदन में सबसे अधिक नियमित रहे। पढ़ें पूरी खबर…
