हिंदू देवता के खिलाफ पोस्ट करने पर आप ने पूर्व विधायक को किया सस्पेंड, केंद्रीय मंत्री पर जूता फेंक पहले भी रहे थे चर्चा में
आम आदमी पार्टी से शुरुआत से ही जुड़े रहे जरनैल सिंह पार्टी का सिख चेहरा कहे जाते रहे हैं, हालांकि दिल्ली के इस पूर्व विधायक को पंजाब में मिली हार के बाद किनारे कर दिया गया।

आम आदमी पार्टी ने अपने एक पूर्व विधायक को हिंदू देवियों के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए सस्पेंड कर दिया है। बताया गया है कि राजौरी गार्डन विधानसभा से विधायक रहे जरनैल सिंह ने फेसबुक में अपने पेज पर हिंदुत्व के खिलाफ कुछ टिप्पणियां की थीं। बाद में पोस्ट के विरोध पर जरनैल सिंह ने इसे पेज से डिलीट कर लिया। उन्होंने इस बारे में सफाई देते हुए कहा कि यह पोस्ट उन्होंने नहीं, उनके बेटे ने उन्हीं के फोन से की थी।
आम आदमी पार्टी ने बयान जारी कर कहा कि जरनैल सिंह को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया गया है। यह फैसला पार्टी की पीएसी बैठक में लिया गया। आप एक धर्मनिरपेक्ष पार्टी है और इसमें किसी भी तरह से धर्म के प्रति असम्मान जताने की जगह नहीं है। आम आदमी पार्टी जरनैल सिंह के बयान की कड़ी आलोचना करती है। बता दें कि जरनैल सिंह आप के सिख चेहरे के तौर पर जानने जाते हैं। हालांकि, बीते कुछ सालों में पार्टी ने उन्हें किनारे कर दिया है।
चिदंबरम पर जूता फेंककर चर्चा में आए थे सिंह
जरनैल सिंह पहले पत्रकार भी रह चुके हैं। उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों में कांग्रेस की भूमिका के चलते 2009 में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तत्कालीन कैबिनेट मंत्री पी चिदंबरम पर जूता फेंक दिया था। जरनैल सिंह ने पहली बार आप के ही टिकट पर 2014 में लोकसभा चुनाव लड़ा था। हालांकि, इसमें उन्हें हार मिली थी। इसके बाद 2015 में सिंह राजौरी गार्डन सीट से विधायक बने।
2017 में उन्होंने पंजाब विधानसभा चुनाव में शिरोमणी अकाली दल के अध्यक्ष प्रकाश सिंह बादल के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए अपनी सीट को छोड़ दिया था। हालांकि, इसमें हार के बाद जरनैल सिंह धीरे-धीरे आप में हाशिए पर धकेल दिए गए। उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस से करीबी बढ़ाने के लिए आप की आलोचना भी की थी।