Raghav Chadha News: आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता राघव चड्ढा ने प्रवर्तन निदेशालय द्वारा पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा को कथित वित्तीय धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंजाब को ‘रंगला’ बनाने का सपना दिखाकर आम आदमी पार्टी ने पंजाब के खजाने को लूटकर उसे ‘कंगला’ बना दिया है।
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में राघव चड्ढा ने कहा, “पंजाब के लोगों ने बड़ी उम्मीद के साथ सरकार चलाने का जनादेश दिया था, जनादेश पंजाब को लूटने का या सरकार को लूटने का नहीं था। जो अभी जानकारियां सामने आ रही हैं कि 21 लाख रुपये के बैग को बालकनी से ईडी रेड के दौरान फेंका गया। लगभग 100 करोड़ रुपये की धनराशि के गबन की खबरें दिखाती हैं कि यह पंजाब में मिले जनादेश का घोर विश्वासघात है।”
आप ने पंजाब के लोगों के साथ विश्वासघात किया- राघव चड्ढा
बीजेपी सांसद ने आगे कहा, “आप ने पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत के साथ विश्वासघात किया है। आम आदमी पार्टी से नाता तोड़ने वाले 7 सांसदों ने पार्टी छोड़ते समय कहा कि पार्टी पूरी तरह से भ्रष्ट और समझौतावादी लोगों के हाथों में फंसी हुई है। जब भी हमने पार्टी के भीतर ऐसे मुद्दे उठाने की कोशिश की, हमें चुप करा दिया गया। लेकिन एजेंसियों की छापेमारी के बाद जो बातें सामने आ रही हैं, वे चौंकाने वाली हैं। एजेंसियां कार्रवाई करेंगी, लेकिन असली कार्रवाई पंजाब की जनता अगले विधानसभा चुनावों में करेगी।”
संजीव अरोड़ा को क्यों किया गिरफ्तार?
ईडी के सूत्रों ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया, “अरोड़ा की कंपनी के माध्यम से कथित तौर पर चलाए जा रहे बड़े पैमाने पर मनी लॉन्ड्रिंग ऑपरेशन का पता लगाया है। इसमें 100 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मोबाइल फोन की फर्जी जीएसटी खरीद और उसके बाद दुबई से भारत में अवैध धन की वापसी के उद्देश्य से निर्यात शामिल है।”
फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट, निर्यात क्रेडिट पर जीएसटी रिफंड और ड्यूटी ड्रॉबैक लाभ का दावा करने के लिए दिल्ली में अस्तित्वहीन फर्मों से कई फर्जी जीएसटी खरीद बिल हासिल किए। इससे कथित तौर पर सरकारी खजाने को नुकसान हुआ और व्यक्तिगत लाभ हुआ।
बीजेपी में शामिल हो गए थे राघव चड्ढा
चड्ढा कभी आम आदमी पार्टी के प्रमुख चेहरों में से एक माने जाते थे और उन्होंने अरविंद केजरीवाल समेत कई वरिष्ठ नेताओं के साथ मिलकर काम किया था। हालांकि, इस साल अप्रैल में उन्होंने छह अन्य सांसदों के साथ पार्टी छोड़ दी और भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।
आप छोड़ने के बाद चड्ढा ने कहा, “मैंने अपने जीवन के 15 साल इस पार्टी को दिए। लेकिन आज यह पुरानी पार्टी नहीं है।” आप छोड़ने वाले अन्य नेताओं में अशोक मित्तल, संदीप पाठक, हरभजन सिंह, राजिंदर गुप्ता, विक्रमजीत सिंह साहनी और स्वाति मालीवाल शामिल थे।
हरभजन सिंह की सुरक्षा क्यों हटाई?
राज्यसभा सांसद और पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट का रुख किया है। हरभजन सिंह की याचिका पर हाई कोर्ट ने गुरुवार को केंद्र सरकार, पंजाब सरकार और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
