आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि वह 10 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाले विरोध प्रदर्शन में अपने परिवार के साथ शामिल होंगे। कॉकरोच जनता पार्टी ने वोटर लिस्ट की एसआईआर प्रक्रिया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।

केजरीवाल ने शुक्रवार को गोवा में पत्रकारों से बातचीत में कहा, “केंद्र में भाजपा सरकार लोकतंत्र को खतरे में डाल रही है… जो लोग भाजपा को वोट नहीं देते, उनके वोट काट दिए जाते हैं और फर्जी वोट जोड़ दिए जाते हैं।”

दिल्ली के पूर्व सीएम केजरीवाल ने कहा, “पूरा देश ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है… मैं देशवासियों से अपील करता हूं कि वे बड़ी संख्या में जंतर-मंतर पर इकट्ठा हों। यह किसी एक व्यक्ति या एक पार्टी का मामला नहीं है, यह पूरे देश का मामला है।”

केजरीवाल ने कहा कि कल जंतर-मंतर पर होने वाले विरोध प्रदर्शन में वह तो जाएंगे ही, उनका पूरा परिवार भी जाएगा।

दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में बड़े पैमाने पर सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली मेट्रो ने 57 मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया है। इसे देखते हुए दिल्ली के कई स्कूलों और कॉलेज में शनिवार को ऑनलाइन क्लास चलेंगी। 10 अक्टूबर को होने वाली परीक्षाओं को भी स्थगित कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों को जंतर-मंतर पर तैनात किया गया है।

इस बीच, उत्तर रेलवे ने कहा है कि  10 अक्टूबर को सुबह चार बजे से दो बजे के बीच दूसरे राज्यों से नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशनों पर पहुंचने वाली 38 ट्रेन रद्द की गई हैं जबकि दिल्ली के अन्य स्टेशनों पर रेलगाड़ियों का संचालन सामान्य रहेगा। 

दिल्ली पुलिस ने नहीं दी अनुमति

दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी के जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। पुलिस ने अनुमति देने से इनकार करने का कारण सीजेपी द्वारा पहले किए गए प्रदर्शन के दौरान कानूनी निर्देशों का पालन नहीं किए जाने को बताया है। 

यह भी पढ़ें- दिल्ली में किलेबंदी, जानें क्या-क्या रहेगा बंद

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) 10 अक्टूबर को एसआईआर में कथित गड़बड़ी को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने जा रही है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।