परीक्षा में धांधली और सुधारों की मांग के साथ धरने पर बैठे छात्रों के प्रतिनिधियों के साथ झारखंड सरकार के प्रतिनिधिमंडल की दो दौर की बातचीत बेनतीजा रही थी। इसके चलते रविवार को 12 बजे तीसरे दौर की बातचीत पर सभी की नजर है। इसके अलावा एक अहम खबर यह भी है कि अमरनाथ यात्रा स्थगित हो गई है। अब सिर्फ छड़ी मुबारक 28 अगस्त को पहलगाम के रास्ते जाएगी और इसी के साथ इस साल की अमरनाथ यात्रा खत्म हो जाएगी। इसकी वजह खराब मौसम बताया गया है। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में 9 से 11 अगस्त तक भारी बारिश और अचानक बाढ़ की चेतावनी जारी की है।
दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस के चलते सुरक्षा व्यवस्था अलर्ट
15 अगस्त को दिल्ली में होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के चलते खतरे की आशंकाओं के चलते 9 अगस्त से 16 अगस्त तक दिल्ली के सभी मेट्रो स्टेशनों पर CISF की ओर से यात्रियों की गहन जांच की जाएगी। इसके अलावा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव रविवार को राज्य से चार नई हवाई सेवाओं की शुरुआत करेंगे।
Aaj ki Taaja Khabar 09 August 2026 LIVE: देश-विदेश से जुड़ी अन्य सभी बड़ी खबरों के लेटेस्ट अपडेट्स के लिए जुड़े रहें जनसत्ता डॉट कॉम के लाइव ब्लॉग के साथ...
झूठे केस दर्ज नहीं किए जाने चाहिए- झारखंड प्रदर्शन पर बोले सौरभ भारद्वाज
झारखंड में JPSC-JSSC उम्मीदवारों के विरोध-प्रदर्शन पर AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, "हमें उम्मीद है कि सरकार और छात्रों के बीच बार-बार हो रही बातचीत अब किसी नतीजे पर पहुंचेगी। यह भी अच्छी बात है कि सरकार बातचीत के लिए तैयार है। अगर कोई सरकार बातचीत करती है और कोई समाधान निकलता है, तो बाद में छात्रों पर झूठे केस दर्ज नहीं किए जाने चाहिए। मैं सरकार से गुज़ारिश करता हूं कि वह यह सुनिश्चित करे कि ऐसा कुछ न हो।"
गोवा के प्रदर्शन में शामिल हुए अरविंद केजरीवाल और आतिशी
AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी और राज्य अध्यक्ष वाल्मीकि नाइक, AAP के वरिष्ठ नेताओं के साथ पणजी के आजाद मैदान में 'सेव करापुर' प्रदर्शनकारियों के साथ शामिल हुए।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: राहुल गांधी बोले- हम छात्रों के साथ खड़े हैं
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि कल प्रयागराज में एक छात्र ने मुझसे यही कहा, "अब मेरे पास कोई रास्ता नहीं बचा। सालों की तैयारी, घर की ज़मीन बेची, मां-बाप का कर्ज़ और फिर भी हाथ में कुछ नहीं। राहुल ने कहा कि यह हार उसकी नहीं है। यह उस व्यवस्था की हार है जिसने उसकी मेहनत का दाम देने से इनकार कर दिया। हम जवाबदेही मांगना बंद कर देंगे। छात्र देश की रोशनी हैं, और मैं उनकी पूरी शक्ति के साथ खड़ा हूं।"
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: राहुल गांधी के रवैये पर भड़कीं केंद्रीय मंत्री
झारखंड में चल रहे विरोध प्रदर्शनों पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा, "राहुल गांधी ने झारखंड के बच्चों के लिए एक शब्द भी नहीं कहा है, न ही कांग्रेस नेता आगे आकर कुछ बोल रहे हैं। यह दोहरा मापदंड क्यों? अगर आप सचमुच बच्चों के कल्याण की परवाह करते हैं, तो आपको हर जगह बोलना चाहिए। वे पंजाब, कर्नाटक या केरल के बारे में नहीं बोलते। इससे उनका दोहरा रवैया साफ झलकता है। हम सरकार और सरकार में शामिल सभी दलों से कहना चाहते हैं कि अगर आप झारखंड के छात्रों के प्रति जरा भी संवेदनशील हैं, तो आपको छात्रों की मांगें माननी चाहिए, न केवल जांच होनी चाहिए बल्कि कार्रवाई भी होनी चाहिए, चाहे इसमें कोई भी शामिल हो। हम राहुल गांधी से भी कहना चाहते हैं कि वे अपनी चुप्पी तोड़ें।"
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: छात्रों के विरोध प्रदर्शन में अनशन पर बैठे 'टाइगर'
रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के केंद्रीय अध्यक्ष सह डुमरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक नेता जयराम महतो छात्रों के समर्थन में अनशन पर बैठ गए हैं.
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: अमित शाह ने किया पुडुचेरी पुलिस को सम्मानित किया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को पुडुचेरी पुलिस को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत के कारण पुडुचेरी पुलिस को यह सम्मान मिला है। कोरोना काल में भी पुडुचेरी पुलिस आगे आकर डटी रही। शौर्य सेवा और समर्पण के कारण पुडुचेरी पुलिस को प्रेसिडेंटस कलर सम्मान से सम्मानित किया गया है।
राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ के लिए 18 नाम फाइनल
राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO की नियुक्ति की प्रक्रिया तेज हो गई है। ट्रस्ट के CEO पद के लिए 5300 से अधिक आवेदनों की स्क्रीनिंग हुई। प्राथमिक स्क्रीनिंग के बाद 54 आवेदकों का चयन हुआ है। 54 में से 18 उम्मीदवार अंतिम साक्षात्कार के लिए अयोध्या बुलाए गए 11 और 12 अगस्त को रामजन्मभूमि परिसर में अंतिम साक्षात्कार होगा।
पीएम मोदी के बाद नितिन नवीन से मिले सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकारी आवास, 7 लोक कल्याण मार्ग (7 LKM) पहुंच कर उनसे मुलाकात की है। बताया जा रहा कि करीब एक घंटे उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ बैठक की।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: हाईकोर्ट में बनाए गए नए पद
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान हाईकोर्ट (जोधपुर और जयपुर बेंच) में नए पद बनाए गए हैं, जिनमें 10 एडिशनल एडवोकेट जनरल, नौ असिस्टेंट गवर्नमेंट काउंसिल और दो स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर शामिल हैं। इन नए एडिशनल एडवोकेट जनरल के ऑफिस में मदद के लिए मिनिस्ट्रियल कैडर के कुल 40 नए पद बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि डिस्ट्रिक्ट और सेशन लेवल पर 38 नई अदालतें भी बनाई गई हैं।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: नरेला में दर्दनाक हादसे बुजुर्ग महिला की मौत
दिल्ली के नरेला में एक दर्दनाक हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। महिला सुबह सैर के लिए निकली थी। उसी दौरान कार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जेल से बाहर आएगा अतीक अहमद का बेटा अली अहमद
इलाहाबाद हाई कोर्ट से पैरोल मिलने के बाद दिवंगत माफिया अतीक अहमद के बेटे अली अहमद को झांसी जेल से उसके भाई अबान के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए ले जाया जा रहा है.अबान को आज प्रयागराज के कसारी मसारी कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा.
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: सीएम योगी ने कांवड़ियों पर बरसाए फूल
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में कांवड़ियों पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाईं और उनका स्वागत किया। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: अमरनाथ यात्रा बंद की गई
जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और खराब मौसम के चलते अमरनाथ यात्रा को अभी बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने यह कदम यात्रियों की सुरक्षा के लिए उठाया है।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: कुश महतो बोले- सरकार-छात्र करेंगे बातचीत
रांची में जेपीएससी-जेएसएससी उम्मीदवारों के विरोध प्रदर्शन कर रहे कुश महतो ने कहा, "हमने 10 लोगों को चुना है, संभवतः दोनों पक्षों से पांच-पांच लोग। बातचीत देवेंद्र महतो के नेतृत्व में होगी। अगर हमारी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो हम भूख हड़ताल जारी रखेंगे। हम दिन-ब-दिन कमजोर होते जा रहे हैं, ऊर्जा खो रहे हैं, लेकिन हमारा मनोबल नहीं टूट रहा है, अगर हेमंत सोरेन इस बार हमारी मांगें पूरी नहीं करते हैं, तो झारखंड भर के छात्र हमारी भूख हड़ताल में शामिल होंगे।"
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: जम्मू कश्मीर में ढह गई पुलिया
जम्मू-कश्मीर के भलेस के गिल कुनान रोड पर छह मीटर लंबी पुलिया ढह गया। एक स्थानीय निवासी ने बताया, “लोग पिछले एक साल से बिना पक्की सड़क के रह रहे हैं। इससे पहले भी यहां एक दुर्घटना हुई थी, जिसमें 15 लोग घायल हो गए थे और एक महिला की मौत हो गई थी। आज एक और बड़ी दुर्घटना होते-होते बची। यहां बार-बार दुर्घटनाएं होती रहती हैं, और समस्या का कभी भी पूरी तरह से समाधान नहीं होता। इस मामले में 2 इंजीनियरों को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। मैं नव नियुक्त इंजीनियर से अनुरोध करता हूं कि वे कम से कम इस मामले पर गौर करें। यहां बड़ी आबादी रहती है, फिर भी वे डेढ़ साल से बिना पक्की सड़क के रह रहे हैं। इसलिए इसे बनाया जाए।"
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: सीएम योगी आज मेरठ का दौरा करेंगे
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गाजियाबाद, मेरठ व बागपत में कांवड़ यात्रा मार्ग का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इस दौरान वे शिवभक्तों पर फूलों की बारिश भी करेंगे। इसके बाद मेरठ में मेरठ-रुड़की हाईवे स्थित दुल्हैड़ा चुंगी पर कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा भी करेंगे।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: छात्रों और सरकार के बीच होगी बातचीत
छात्रों के विरोध प्रदर्शन में भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा, "टीम ने हमें बताया है कि हम सुबह 10 बजे सर्किट हाउस में बातचीत के लिए जाएंगे। अगर अन्य छात्रों की मुलाकात के दौरान सरकार हमारी मांगों पर सहमत हो जाती, तो हमें भी जाने की जरूरत नहीं पड़ती। चाहे हम कितने भी लोग उनसे मिलने जाएं, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। हम सभी की मांगें एक ही हैं, जिन्हें पूरा किया जाना चाहिए।"
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: जीशान सिद्दीकी की बहन को सोशल मीडिया पर धमकी
मुंबई पुलिस ने कहा है कि NCP नेता जीशान सिद्दीकी की बहन ने सोशल मीडिया पर उन्हें मिली धमकी के मामले में मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस और जानकारी जुटा रही है और जांच शुरू हो गई है। जैसे ही और जानकारी और सबूत मिल जाएंगे, केस दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
केरल के मलप्पुरम जिले में एनआईए ने बड़ी मात्रा में अवैध विस्फोटक बरामदगी मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया। एनआईए ने एक बयान में कहा कि गिरफ्तार किए गए तीनों लोगों की पहचान मंतागौड़ बिरादार, बापागौड़ भीरमाया चौधरी और प्रकाश गौड़ा बिरादार के रूप में हुई है।
एनआईए ने बताया कि कर्नाटक के विजयपुरा जिले के रहने वाले इन तीनों आरोपियों को उनके गृह जिले से गिरफ्तार किया गया है। एजेंसी ने कहा कि इन गिरफ्तारियों के साथ ही इस मामले में अब तक एनआईए 11 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: छात्रों की गूंज कार्यक्रम जेन जी से संवाद करेंगे राहुल गांधी
लोकसभा में नेता विपक्ष और रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शनिवार को ही उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में छात्रों की गूंज कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे छात्रों को होने वाली परेशानियों के बारे में चर्चा करेंगे और उनके सामने आने वाली चुनौतियों के मुद्दे पर संवाद करेंगे।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: IIT दिल्ली के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को सुबह 11 बजे आईआईटी दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वो कार्यक्रम में डिग्री प्राप्त करने वाले 3000 से ज्यादा ग्रेजुएट्स सहित 587 पीएचडी शोधार्थियों को संबोधित करेंगे।

