संसद के मानसून सत्र के तहत आखिरी हफ्ते में सरकार और विपक्ष के बीच भारी घमासान देखने को मिल रहा है। बीजेपी नेतृत्व वाले एनडीए (NDA) ने संसदीय दल की साप्ताहिक बैठक की है। इसमें लोकसभा और राज्यसभा के सभी एनडीए सांसदों के शामिल हुए थे। सत्तापक्ष के सांसदों ने संसद में मार्च भी किया। दूसरी ओर झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक के खिलाफ छात्र आंदोलन के समर्थन में भाजपा (BJP) ने आज ‘झारखंड बंद’ का आह्वान किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज संतकबीरनगर जिले के दौरे पर रहेंगे।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पोस्ट किया, “इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के प्रतिनिधि पिछले पांच महीनों के सैन्य टकराव (जो इसलिए शुरू हुआ क्योंकि उनके पास परमाणु हथियार नहीं होंगे) के दौरान हुए नुकसान के लिए मुआवजे की मांग कर रहे हैं, जबकि हमारी किसी भी बातचीत या बैठक में इसका कभी जिक्र नहीं हुआ था। अब मैं भी ईरान से उन सभी लोगों के लिए मुआवजे की मांग कर रहा हूं, जिन्हें उन्होंने अपने सड़क किनारे लगाए गए बमों और कई टकरावों में मारा या गंभीर रूप से घायल किया है। मैंने अपने प्रतिनिधियों को निर्देश दिया है कि वे भविष्य की किसी भी और सभी बातचीत में इस बात को मजबूती से रखें।”
देश-विदेश की सभी बड़ी खबरों के लाइव अपडेट्स जानने के लिए जुड़े रहें जनसत्ता डॉट कॉम के लाइव ब्लॉग के साथ...
भाजपा को मनमोहन सिंह से माफी मांगनी चाहिए: केरल के मुख्यमंत्री
केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने मंगलवार को कहा कि कथित कोयला ब्लॉक आवंटन घोटाला मामले में उच्चतम न्यायालय द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को बरी किए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को पूर्व प्रधानमंत्री से माफी मांगनी चाहिए। सतीशन ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि उच्चतम न्यायालय के 29 जुलाई के फैसले से यह साबित हो गया कि सिंह की ईमानदारी पर कभी कोई शक नहीं था।
राजस्थान के कई भागों में भारी बारिश की चेतावनी
क्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता के चलते राजस्थान में पिछले 24 घंटे के दौरान कई स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश हुई और मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान भी कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
दक्षिण अफ्रीका में बंद खदान में कम से कम 14 खनिक मृत मिले
साउथ अफ्रीका के उत्तर पश्चिमी प्रांत में रुस्टेनबर्ग के पास एक बंद पड़ी खदान में 14 अवैध खनिकों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
तिरंगा किसी जाति या धर्म का नहीं, यह विराट संस्कृति का परिचायक- नीरज सिंह
बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने कहा- तिरंगा किसी खास धर्म या जाति का नहीं है। यह भारत का झंडा है और इसे देश के हर कोने में लहराना चाहिए - अटक से कटक तक और कन्याकुमारी से कश्मीर तक। भारतीय झंडा सिर्फ तीन रंगों वाला झंडा नहीं है; यह हमारे बलिदानों, हमारी पवित्रता और हमारी शानदार संस्कृति का प्रतीक भी है।
अयोध्या मंदिर ट्रस्ट के पहले सीईओ की नियुक्ति के लिये अभ्यर्थियों का साक्षात्कार का शुरू
योध्या के श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार मंगलवार को शुरू हुआ। ट्रस्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक उच्चाधिकारी प्राप्त समिति द्वारा 5200 आवेदकों में से चुने गए 18 उम्मीदवारों का साक्षात्कार लिया जा रहा है और यह प्रक्रिया बुधवार को भी जारी रह सकती है।
खराब मौसम के कारण बंगाल के मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर कोलाघाट में आपात स्थिति में उतरा
खराब मौसम के कारण मंगलवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के हेलीकॉप्टर को पूर्वी मेदिनीपुर जिले के कोलाघाट में आपात स्थिति में उतारा गया।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री दमदम से हेलीकॉप्टर से केशपुर जा रहे थे, लेकिन पायलट ने एहतियात के तौर पर कोलाघाट के एक खुले मैदान में उतरने का निर्णय किया।
मुख्यमंत्री स्वतंत्रता सेनानी खुदीराम बोस को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने केशपुर जा रहे थे।
अधिकारियों ने कहा कि बाद में शुभेंदु अधिकारी पश्चिम मेदिनीपुर जिले में केशपुर स्थित कार्यक्रम स्थल के लिए सड़क मार्ग से रवाना हुए।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: राम गोपाल यादव बोले- चढ़ावा चोरी का मुद्दे अंतरराष्ट्रीय
समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने कहा, “चंदा चोरी का मामला महज राष्ट्रीय नहीं बल्कि ये अंतरराष्ट्रीय है। विदेश से लोगों ने अरबों डॉलर भेजे हैं लेकिन उनका पता नहीं चल रहा है कि सोना-चांदी कहां गया? इसका कोई पता नहीं है। कोई हिसाब नहीं है ये लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं इस मुद्दों को हम छोड़ नहीं सकते हैं।”
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: राहुल गांधी भगोड़े बने - कंगना रनौत
BJP सांसद कंगना रनौत ने कहा, “अब जब हम चर्चा करने को तैयार हैं तो राहुल गांधी भगोड़े बने हुए हैं। वह अमित शाह को सुनना नहीं चाह रहे हैं तो कैसे संसद चलेगा। देश इनकी करतूत देख रहा है, इन्होंने इस बार एक दिन भी संसद चलने नहीं दिया है, जो कि शर्मनाक बात है।”
आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा, "झारखंड और लखनऊ के छात्रों के मुद्दे उठाए जाने चाहिए। वे जहां चाहें, चाहे इलाहाबाद हो या लखनऊ, उन सभी मुद्दों को उठाया जाना चाहिए और उन्हें न्याय मिलना चाहिए। आज सरकारें असंवेदनशील हो गई हैं और उन्हें इसके परिणाम भुगतने होंगे।"
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: दिल्ली में गिरी 3 मंजिला दुकान
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में सोमवार देर शाम लोनी के गुलाब वाटिका मार्केट में 3 मंजिला हार्डवेयर की दुकान की छत गिर गई। 2 लोगों को रेस्क्यू करके अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि तीसरे व्यक्ति, जिनकी पहचान 32 वर्षीय मुकेश यादव के तौर पर हुई है, उन्हें बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया और दिल्ली के GTB अस्पताल रेफर कर दिया गया. बचाव अभियान जारी है।
सपा सदस्य के 'फर्जी' दस्तखत से पेश किया गया सवाल
उत्तर प्रदेश विधान परिषद में समाजवादी पार्टी (सपा) के सदस्य मुकुल यादव के 'फर्जी' हस्ताक्षर से एक सवाल प्रस्तुत किये जाने का मामला सामने आने के बाद सभापति ने इसकी जांच के आदेश दिये हैं।
विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए सोमवार को बताया कि सपा के विधान परिषद सदस्य मुकुल यादव के नाम से गत पांच अगस्त को विधान परिषद में नियम—111 के तहत लोक महत्व के प्रश्न से सम्बन्धित पत्र दिया गया था, जिसमें राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के बारे में सवाल उठाये गये थे। उन्होंने बताया कि बाद में सपा सदस्य मुकुल यादव ने कहा कि उन्होंने तो यह प्रश्न दिया ही नहीं है और जो पत्र दिया गया है उसमें उनके हस्ताक्षर फर्जी हैं।
नेपाल के प्रधानमंत्री ने भारतीय राजदूत से की मुलाकात
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव के साथ सोमवार को पहली बार मुलाकात की और भारत के साथ इस हिमालयी देश के ''ऐतिहासिक संबंधों'' को और मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया।
दो बार के स्थगन के बाद दिनभर के लिए लोकसभा स्थगित
राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दों पर विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे के कारण सोमवार को लोकसभा की कार्यवाही दो बार के स्थगन के बाद दिनभर के लिए स्थगित।
खगड़िया में आईएएस अधिकारी बनकर घूमने वाला व्यक्ति गिरफ़्तार
बिहार के खगड़िया जिले में खुद को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी बताने और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार से संबंध होने का दावा करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने उसके घर से 31 लीटर से अधिक आयातित विदेशी शराब, टेस्ला कार और अन्य कीमती सामान बरामद किया है।
Aaj ki Taaza Khabar LIVE: बीजेपी विपक्षी नेताओं की हत्या करना चाहती है- अभिषेक बनर्जी
रविवार को ममता बनर्जी की कार पर हुआ हमले को लेकर अभिषेक बनर्जी ने दावा किया- यह सरकार द्वारा प्रायोजित हमला था। ममता बनर्जी सिर्फ TMC की चेयरपर्सन ही नहीं हैं; वह पूर्व मुख्यमंत्री भी रही हैं और अपने लंबे राजनीतिक करियर में कई अन्य विभागों की ज़िम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं... हमलावरों को कई मौकों पर BJP नेताओं के साथ देखा गया है। वे नहीं चाहते कि कोई विपक्ष रहे; वे विपक्षी नेताओं की हत्या करना चाहते हैं...
गढ़चिरौली में स्कूल में सांप ने छह आदिवासी लड़कियों को डसा; तीन की मौत
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में एक आवासीय स्कूल में जहरीले सांप के डसने से तीन आदिवासी छात्राओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य का इलाज जारी है। घटना के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बीजेपी का आप विधायकों के कार्यालयों और आवासों के बाहर प्रदर्शन
बीजेपी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को दिल्ली लक्ष्मी योजना का विरोध करने को लेकर आम आदमी पार्टी विधायकों के कार्यालयों और आवासों के बाहर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन आप द्वारा दिल्ली लक्ष्मी योजना का विरोध किए जाने के बाद किया गया। इससे एक दिन पहले विपक्षी दल आप ने दिल्ली विधानसभा सत्र का बहिष्कार किया था। इस सत्र में मंत्री आशीष सूद ने योजना शुरू करने के लिए धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया था। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी
अरुणाचल सीमा पर गोलीबारी में असम के आठ लोग घायल
सम के धेमाजी जिले में अंतरराज्यीय सीमा के पास सोमवार को अरुणाचल प्रदेश के कुछ उपद्रवियों की ओर से की गई गोलीबारी में कम से कम आठ लोग घायल हो गए। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना सुबह असम-अरुणाचल प्रदेश सीमा पर स्थित मिंगमंग बस्ती में हुई। उन्होंने कहा कि यह घटना असम की जमीन पर अरुणाचल प्रदेश के लोगों द्वारा कथित अतिक्रमण को लेकर जारी विवाद का परिणाम है।
Aaj ki Taza Khabar LIVE: प्रियंका गांधी ने फिर उठाई संसद में अमित शाह के आने की मांग
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा का कहना है, "मुझे लगता है कि जब तक केंद्रीय गृह मंत्री संसद में बयान नहीं देते, तब तक गतिरोध जारी रहेगा।"
Aaj ki Taza Khabar LIVE: विधानसभा घेराव मार्च में शामिल हुए देवेंद्र नाथ महतो
छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों के 'विधानसभा घेराव' मार्च में शामिल हुए। वे पिछले 9 दिनों से मुख्य विरोध स्थल जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में भूख हड़ताल पर हैं।
Aaj ki Taza Khabar LIVE: मंत्री दीपिका पांडे ने की छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर क्या कहा?
झारखंड की मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा, "लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन की अनुमति है; लोग ऐसा करने के लिए स्वतंत्र हैं। प्रशासन कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है। यहां पेलेट गन, आंसू गैस या लाठीचार्ज का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा।" छात्रों के साथ हुई चर्चा के बारे में उन्होंने कहा, "संचार की कमी नहीं थी; हमने घंटों तक बातचीत की, चार दिनों से बातचीत जारी है। राज्य सरकार जिन मुद्दों को हल कर सकती है, उन सभी पर हम सहमत हुए... हालांकि, जिस मुद्दे पर वे अड़े हैं—सीजीएल परीक्षा रद्द करना—उसमें न्यायिक निर्देश शामिल हैं।
Aaj ki Taza Khabar LIVE: निशिकांत दुबे बोले- विपक्ष को लोकतंत्र पर भरोसा नहीं
बीजेपी सांसद डॉ. निशिकांत दुबे कहते हैं, "विपक्ष को लोकतंत्र पर भरोसा नहीं है। इस देश की सभी समस्याओं की जड़ कांग्रेस है। 10 अगस्त 1954 को फ़िज़ो ने नागा सेना का गठन किया था। इसका कारण यह था कि नेहरू जी ने बर्मा की संयुक्त राष्ट्र राष्ट्रीय सेना (यूएनयू) के साथ सीमा समझौता किया था, जिससे नागा भूमि का विभाजन हो गया। फिर 1987 में राजीव जी ने बर्मा के साथ सीमा समझौता किया। आज नागालैंड और मणिपुर में अशांति फैली हुई है। इसके लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। क्या मणिपुर का मुद्दा हल हो गया है? आपने नागाओं का विभाजन क्यों किया?"
Aaj ki Taza Khabar LIVE: अखिलेश ने बीजेपी को बताया 'भूमि माफिया पार्टी'
महिला आरक्षण विधेयक, परिसीमन विधेयक और एफसीआरए विधेयक पर संसदीय गतिरोध के बारे में सपा सांसद अखिलेश यादव कहते हैं, "हम सरकार से सवाल करते हैं कि लाठियों का इस्तेमाल क्यों किया गया, आंसू गैस के गोले क्यों दागे गए और बिजली के झटके क्यों दिए गएय़। अब वे एफसीआरए ला रहे हैं। जबकि भारत सरकार और भाजपा ने हमें आश्वासन दिया था कि भारतीय धन देश से बाहर नहीं जाएगा। अनगिनत लोगों ने आधिकारिक और अनौपचारिक रूप से भारी मात्रा में धन भारत से बाहर ले लिया है।"
अखिलेश यादव ने कहा, "सच्चाई यह है कि वे संस्थानों पर कब्जा करना चाहते हैं। वे एफसीआरए के माध्यम से इन संस्थानों पर नियंत्रण करने के तरीके खोज रहे हैं। भाजपा मूल रूप से एक विशाल 'भूमि माफिया' पार्टी है। अगर उन्हें कोई तालाब या खाली जमीन दिख जाती है, और देखिए अयोध्या की पवित्र भूमि पर आस्था के साथ कैसे खिलवाड़ किया गया, तो मिनटों में जमीन की कीमतें आसमान छू गई।”
Aaj ki Taza Khabar LIVE: AAP विधायकों के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे BJP कार्यकर्ता
दिल्ली विधानसभा में महिलाओं के लिए लाई गई ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ का बहिष्कार करने वाली आम आदमी पार्टी (AAP) के सभी 22 विधायकों के घर और ऑफिस पर इस समय BJP कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। कोंडली विधायक कुलदीप के ऑफिस पर मयूर विहार जिलाध्यक्ष विजेन्द्र धामा और प्रदेश उपाध्यक्ष ॠचा पांडेय के नेतृत्व में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।
Aaj ki Taza Khabar LIVE: काशी विश्वनाथ मंदिर के गंगा द्वारा के घाट बंद
उत्तर प्रदेश के कई शहरों की नदियों में जलस्तर बढ़ता जा रहा है। वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण घाटों का संपर्क टूट गया है, जिससे काशी विश्वनाथ मंदिर के 6 द्वारों में से मुख्य काशी विश्वनाथ मंदिर घाट (गंगा द्वार) को बंद कर दिया गया है।
Aaj ki Taza Khabar LIVE: JPSC परीक्षा मामले में हुई ईडी की एंट्री
JPSC 14वीं की प्रारंभिक परीक्षा समेत अन्य परीक्षाओं में धांधली की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की एंट्री हो गई है। ईडी ने सीआईडी में दर्ज एफआईआर संख्या 16/26 के आधार पर ECIR दर्ज कर ली है।
Aaj ki Taza Khabar LIVE: बीजेपी नेता नवनीत राणा ने शरद पवार की पार्टी को लेकर दिया बयान
बीजेपी नेता नवनीत राणा ने कहा है, "मुझे लगता है कि अगर शरद पवार की पार्टी के सांसद महाराष्ट्र के विकास के लिए पीएम मोदी से मिल रहे हैं। इस सोच के साथ कि राज्य को और आगे बढ़ना चाहिए, तो ऐसी मुलाकात निश्चित रूप से बुरी बात नहीं है। हालांकि कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं, लेकिन मेरा मानना है कि ऐसी कोई भी अटकलें आखिरकार महाराष्ट्र के लिए अच्छी ही साबित होंगी। राज्य के विकास की वकालत करने के लिए उनका पीएम से संपर्क करने से बेहतर कुछ नहीं हो सकता।"
Aaj ki Taza Khabar LIVE: असम में जारी बाढ़ का कहर
असम में बाढ़ का कहर जारी है। रविवार को 2 और लोगों की डूबने से मौत हो गई इस साल अब तक राज्य में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 100 हो गई है। वहीं ASDMA द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में गोलाघाट और कार्बी आंगलोंग में एक-एक व्यक्ति की डूबने से मौत हुई है। वहीं राज्य के 7 जिलों में 1.37 लाख से ज्यादा लोग अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं।

