प्रवर्तन निदेशालय ने पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा और कुछ अन्य लोगों से जुड़े परिसरों पर एक जांच के तहत शुक्रवार को छापेमारी शुरू की। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा, “पिछले तीन दिनों में ही ईडी ने पंजाब में आम आदमी पार्टी के दो नेताओं के आवासों पर छापेमारी की है, और इससे पहले भी मोदी सरकार द्वारा प्रायोजित ईडी की छापेमारी में हमारे सैकड़ों नेता प्रभावित हो चुके हैं। उन्हें यह स्पष्ट करना चाहिए कि इन छापों में वास्तव में कितनी धनराशि बरामद हुई। इन आम आदमी पार्टी के नेताओं के घरों से उन्हें आखिर क्या मिला? आज तक उन्हें किसी भी मामले में सफलता नहीं मिली है। अदालतों में पहुंचने वाला हर मामला पूरी तरह से खारिज हो जाता है। आज तक एक भी बरामदगी नहीं हुई है। आम आदमी पार्टी के नेताओं पर लगातार एक के बाद एक छापे क्यों मारे जा रहे हैं? क्या यह पंजाब चुनावों की पूर्वसूचना मात्र है?” अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी के अधिकारी लुधियाना और कुछ अन्य स्थानों की छापे मार रहे हैं। ईडी ने संजीव अरोड़ा के परिसर पर 2024 में भी छापा मारा था। एक बयान में कहा गया है कि अरोड़ा से जुड़ी कंपनियों और कुछ अन्य संस्थाओं ने औद्योगिक भूमि का आवासीय परियोजनाओं के लिए कथित दुरुपयोग करके राज्य सरकार को ”नुकसान” पहुंचाया और अपराध से ”अत्यधिक” धन अर्जित किया।

होर्मुज जलमार्ग को जल्द बहाल किया जाए, यूएन में भारत की मांग

भारत ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के दौरान वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाए जाने को निंदनीय बताया और होर्मुज जलमार्ग के जरिए से निर्बाध नौवहन एवं वैश्विक व्यापार को जल्द बहाल किए जाने की मांग की है। संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत हरीश पर्वतनेनी ने गुरुवार को कहा, ”भारत के लिए ऊर्जा और आर्थिक सुरक्षा के लिहाज से एक विशेष चिंता का विषय होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाज हैं।” उन्होंने कहा, ”इस संघर्ष में वाणिज्यिक जहाजों को सैन्य हमलों का लक्ष्य बनाए जाने की भारत कड़ी निंदा करता है।”

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में गैस पाइपलाइन में विस्फोट

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के एक औद्योगिक क्षेत्र में बृहस्पतिवार को गैस पाइपलाइन में विस्फोट होने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। पाकिस्तान में आपातकालीन सेवा मुहैया कराने वाले ‘रेस्क्यू 1122’ के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह घटना हरिपुर जिले के ‘हत्तर इंडस्ट्रियल एस्टेट’ में हुई। 

Live Updates
20:11 (IST) 17 Apr 2026

भाजपा ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग करती है- वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा

ईडी द्वारा संजीव अरोरा और अशोक मित्तल पर की गई छापेमारी पर पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा, "जहां भी विधानसभा चुनाव होते हैं, भाजपा ईडी और सीबीआई को भेजती है, इन एजेंसियों का दुरुपयोग करती है, जो लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है। हेरफेर के जरिए वोट भी चुराए जाते हैं। बाबासाहेब अंबेडकर ने हर नागरिक को वोट देने का अधिकार दिया था, फिर भी आज भाजपा उस अधिकार को कमजोर कर रही है, विपक्षी दलों को निशाना बना रही है और उन्हें तोड़ने की कोशिश कर रही है। पंजाब इसे बर्दाश्त नहीं करेगा।

19:21 (IST) 17 Apr 2026

कांग्रेस नेता विनय कुलकर्णी को दी गई उम्रकैद की सजा

कांग्रेस नेता विनय कुलकर्णी को दी गई उम्रकैद पर कर्नाटक के मंत्री ईश्वर खंड्रे ने कहा, "एक फैसला हो चुका है। विनय कुलकर्णी ने हमेशा समाज की सेवा की है और न्याय के लिए संघर्ष किया है। हालांकि इस मामले में उन पर आरोप लगे हैं, लेकिन वे एक ईमानदार व्यक्ति हैं और उनके खिलाफ साजिश रची गई है। हमें कानून पर भरोसा है और हमें विश्वास है कि उन्हें बरी कर दिया जाएगा।"

17:37 (IST) 17 Apr 2026

निदा खान के पति से पूछताछ

नासिक पुलिस के मुताबिक नासिक टीसीएस मामले की विशेष जांच टीम ने निदा खान के पति से मुंब्रा स्थित उनके घर पर करीब चार घंटे तक पूछताछ की। निदा खान इस मामले में फरार आरोपी हैं।

17:36 (IST) 17 Apr 2026

मासूम शर्मा ने मांगी माफी

देहरादून के एक कॉलेज कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर दुर्व्यवहार के मामले में हरियाणा राज्य महिला आयोग द्वारा तलब किए जाने पर मासूम शर्मा ने कहा, "मामला यह है कि कुछ लोग खुद को अपराधी कहते हैं। उन्होंने मुझे कई बार परेशान किया है और वे मेरे परिवार को भी परेशान कर रहे हैं। मेरे चाचा के बेटे ने मुझे फोन करके कहा कि वे मुझे जान से मार देंगे। जब दिमाग उलझ जाता है, तो गुस्सा इतना बढ़ जाता है। तब तनाव में आकर मैंने आक्रामक भाषा का प्रयोग किया और मैंने अपनी गलती के लिए माफी मांगी है। मैंने महिला आयोग द्वारा भेजे गए नोटिस का जवाब भी दिया है।"

17:21 (IST) 17 Apr 2026

शेख हसीना पर विदेश मंत्रालय का बयान

पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण का मामला एक बार फिर से उठा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि शेख हसीना के प्रत्यर्पण से जुड़ी एक याचिका पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि याचिका की समीक्षा की जा रही है जो हमारी न्यायिक और आंतरिक कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है।

15:59 (IST) 17 Apr 2026

पश्चिम एशिया संकट पर बंदरगाह जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय का बयान

पश्चिम एशिया संकट पर बंदरगाह जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल ने कहा, "क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में भारतीय ध्वज वाले किसी भी जहाज से जुड़ी कोई घटना सामने नहीं आई है। पूरे देश में डाक सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं और कहीं भी ट्रैफिक जाम नहीं है।"

15:42 (IST) 17 Apr 2026

हमारे नेताओं के घर छापेमारी से कितनी राशि बरामद हुई?- AAP

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा, “पिछले तीन दिनों में ही ईडी ने पंजाब में आम आदमी पार्टी के दो नेताओं के आवासों पर छापेमारी की है, और इससे पहले भी मोदी सरकार द्वारा प्रायोजित ईडी की छापेमारी में हमारे सैकड़ों नेता प्रभावित हो चुके हैं। उन्हें यह स्पष्ट करना चाहिए कि इन छापों में वास्तव में कितनी धनराशि बरामद हुई। इन आम आदमी पार्टी के नेताओं के घरों से उन्हें आखिर क्या मिला? आज तक उन्हें किसी भी मामले में सफलता नहीं मिली है। अदालतों में पहुंचने वाला हर मामला पूरी तरह से खारिज हो जाता है। आज तक एक भी बरामदगी नहीं हुई है। आम आदमी पार्टी के नेताओं पर लगातार एक के बाद एक छापे क्यों मारे जा रहे हैं? क्या यह पंजाब चुनावों की पूर्वसूचना मात्र है?”

15:22 (IST) 17 Apr 2026

दिल्ली के द्वारका में दो वांछित अपराधी गिरफ्तार

क्षिण-पश्चिम दिल्ली के द्वारका में हत्या के प्रयास के मामले में वांछित दो आदतन अपराधियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। अधिकारी ने बताया कि आरोपी जतिन शर्मा (27) और पवन भंडारी (26) विक्की टक्कर गिरोह से कथित रूप से जुड़े हुए हैं और आठ अप्रैल को डाबरी इलाके में एक व्यक्ति को चाकू से वार कर गंभीर रूप से जख्मी करने की वारदात में शामिल थे।

14:36 (IST) 17 Apr 2026

मुंबई के ताड़देव में 16 मंजिला इमारत में आग लगी

मुंबई के ताड़देव इलाके में 16 मंजिला एक रिहायशी इमारत की तीसरी मंजिल में शुक्रवार दोपहर आग लग गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

13:47 (IST) 17 Apr 2026

एनआईटी कुरुक्षेत्र की छात्रा ने आत्महत्या की, दो महीने में चौथा मामला

कुरुक्षेत्र स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) की द्वितीय वर्ष की छात्रा अपने छात्रावास के कमरे में छत के पंखे के सहारे लगाए गए फंदे से लटकी पाई गई। पिछले दो महीनों के भीतर परिसर में दर्ज किया गया छात्र आत्महत्या का यह चौथा संदिग्ध मामला है।

आदर्श थाने के थाना प्रभारी (एसएचओ) विशाल कुमार के अनुसार, कथित तौर पर आत्महत्या करने वाली छात्रा की पहचान दीक्षा दुबे के रूप में हुई है जो बिहार की रहने वाली थीं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस व डेटा साइंस में बीटेक की पढ़ाई कर रही थीं।

उन्होंने बताया कि दुबे ने जब बृहस्पतिवार को अपनी सहेलियों के फोन का जवाब नहीं दिया तो वे उसके कमरे में पहुंचीं, लेकिन कमरा अंदर से बंद पाया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक विभाग की टीम अपराह्न करीब तीन बजे मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर गई जहां उन्होंने दुबे को फंदे से लटका पाया।

13:31 (IST) 17 Apr 2026

रेखा गुप्ता ने दो सौ इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को दो सौ नई ईवी बसों को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा- दिल्ली को 'ग्रीन दिल्ली, स्मार्ट दिल्ली, क्लीन दिल्ली' बनाने की दिशा में, जिस तरह दिल्ली सरकार लगातार काम कर रही है, आज हमने उस दिशा में अगला कदम बढ़ाया है।

13:17 (IST) 17 Apr 2026

Aaj ki Taaja Khabar LIVE: जनगणना सुशासन की आधारशिला- सम्राट चौधरी

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को विश्व के सबसे बड़े प्रशासनिक एवं सांख्यिकी अभियान 'भारत की जनगणना 2027' की मुख्यमंत्री सचिवालय से डिजिटल माध्यम से शुरुआत की और राज्यवासियों से जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना सुशासन की आधारशिला है, जो आगामी वर्षों में विकास योजनाओं, नीतियों और कल्याणकारी कार्यक्रमों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि जनगणना-2027 तकनीकी दृष्टि से एक ऐतिहासिक पहल है। इसमें पहली बार पूर्णतः डिजिटल डेटा संग्रहण तथा स्व-गणना की सुविधा शुक्रवार से एक मई तक उपलब्ध रहेगी। 

12:55 (IST) 17 Apr 2026

त्रिपुरा: आदिवासी परिषद चुनावों में टिपरा मोथा पार्टी 28 में से 22 सीटों पर आगे

त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (टीटीएएडी) चुनावों में तीसरे चरण की मतगणना के बाद 28 में से 22 सीटों पर बढ़त के साथ टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) मजबूत स्थिति में है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छह सीटों पर आगे है, जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), कांग्रेस और 'इंडिजीनस पीपल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा' (आईपीएफटी) सभी सीटों पर पीछे हैं।

12:37 (IST) 17 Apr 2026

सम्राट चौधरी से मिले अनंत कुमार सिंह

जदयू विधायक अनंत कुमार सिंह ने कहा- मैंने सम्राट चौधरी को शुभकामनाएं दी। मैंने उनसे अपने मोकामा के लिए के लिए अस्पताल की मांग की।

12:14 (IST) 17 Apr 2026

Aaj ki Taaja Khabar LIVE: बस्ती में शादी में रसगुल्ला खाने पर 11 वर्षीय बच्चे को जलते तंदूर में फेंका

बस्ती जिले के छावनी थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान 11 वर्षीय एक बच्चे को रसगुल्ला खाने पर जलते तंदूर में फेंक दिया गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। पुलिस ने शुक्रवार को घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

पुलिस के अनुसार , बुरी तरह झुलसे बच्चे को लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। यह घटना 15 अप्रैल की रात एक शादी समारोह में हुई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर गांव का रहने वाला 11 वर्षीय चमन उर्फ अमर बस्ती के बाघानाला स्थित ननिहाल में रह रहा था। वह अपनी नानी के साथ मलौली गोसाई में एक रिश्तेदार की शादी में आया था।

आरोप है कि भोजन स्थल पर बार-बार रसगुल्ला निकालने से नाराज 'कैटरिंग' ठेकेदार ने पहले बच्चे को डराया और फिर उठाकर जलते तंदूर पर बिठा दिया। इसी दौरान बच्चा अनियंत्रित होकर तंदूर के भीतर गिर गया। चीख सुनकर परिजनों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक वह चेहरे से कमर तक बुरी तरह झुलस चुका था।

12:00 (IST) 17 Apr 2026

Aaj ki Taaja Khabar LIVE: सीमा पर घुसपैठ रोकने के काम बीएसएफ का, अमित शाह जवाब दें - फिरहाद हाकिम

टीएमसी के फिरहाद हकीम ने कहा- घुसपैठिया वोटर लिस्ट में नहीं है। अगर कोई घुसपैठिया आया है- मान लीजिए, कोई किसी काम से सीमा पर आता है- तो उसे सीमा पर रोकने का काम किसका है? आज मैं उनसे यही बात पूछ रहा हूँ। मैं अमित शाह से पूछ रहा हूँ: कोई व्यक्ति अंदर कैसे आ रहा है? अगर आपके लिए यह इतना बड़ा मुद्दा है - और आप ही इसे मुद्दा बना रहे हैं - तो आप खुद इसे ठीक क्यों नहीं कर रहे हैं? आप BSF पर किसी तरह की निगरानी क्यों नहीं रख रहे हैं?"

11:58 (IST) 17 Apr 2026

चंबल में खनन पर कोर्ट में सुनवाई

उच्चतम न्यायालय ने नदियों में खनन के मामले पर सुनवाई करते हुए कहा कि नदी तल पर अंधाधुंध अवैध खनन गतिविधियों ने राष्ट्रीय चंबल घड़ियाल अभयारण्य में पर्यावरणीय संकट पैदा किया और विनाश किया।

कोर्ट ने कहा कि चंबल राष्ट्रीय घड़ियाल अभयारण्य में अवैध रेत खनन से घड़ियाल संरक्षण परियोजना को गंभीर खतरा पैदा हो रहा है।

उच्चतम न्यायालय ने राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय चंबल घड़ियाल अभयारण्य में अवैध रेत खनन के लिए इस्तेमाल होने वाले सभी मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया।

कोर्ट ने कहा कि राष्ट्रीय चंबल घड़ियाल अभयारण्य में अवैध रेत खनन का कोई भी मामला सामने आने पर अधिकारी तत्काल कार्रवाई करें। राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के अधिकारी चंबल घड़ियाल अभयारण्य में अवैध रेत खनन में शामिल वाहन और मशीनरी जब्त करें।

11:26 (IST) 17 Apr 2026

दिल्ली में ब्रिगेडियर से मारपीट के मामले में चार और आरोपी गिरफ्तार

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत एन्क्लेव इलाके में सेना के एक ब्रिगेडियर और उनके बेटे से कथित तौर पर मारपीट करने एवं उनकी पत्नी को धमकी देने के मामले में चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि आरोपियों की पहचान सुरजीत सिंह (36), सुनील शर्मा (53), आशीष (32) और सतेंद्र (35) के रूप में हुई है। सुरजीत, सुनील और आशीष सभी दिल्ली के मेहरम नगर के निवासी हैं और सतेंद्र हरियाणा के भिवानी का निवासी है।

11:13 (IST) 17 Apr 2026
हरिवंश चुने गए राज्यसभा के उपसभापति

हरिवंश नारायण लगातार तीसरी बार राज्यसभा के उपसभापति चुन लिए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हरिवंश को तीसरे कार्यकाल के लिए राज्यसभा का उपसभापति चुने जाने पर बधाई दी।

11:08 (IST) 17 Apr 2026

राज्यसभा में उपसभापति का चुनाव

कुछ देर में राज्यसभा में उपसभापति के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी। पीएम नरेंद्र मोदी और मल्लिकार्जुन खड़गे इस समय राज्यसभा में मौजूद हैं।

11:04 (IST) 17 Apr 2026

लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू

लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। परिसीमन बिल के विरोध में विपक्षी दल संसद में हंगामा कर सकते हैं।

10:53 (IST) 17 Apr 2026

Aaj ki Taaja Khabar LIVE: ईरान से जुड़े जहाजों पर अमेरिका की सख्ती

अमेरिकी ने ईरान के बंदरगाहों की नाकाबंदी से आगे बढ़ते हुए अब दुनिया भर में तैनात उसकी सेनाओं को किसी भी ऐसे जहाज को रोकने की अनुमति दे दी है जो ईरान से जुड़ा हो या उस पर ईरान सरकार को मदद पहुंचाने वाले हथियार, तेल, धातु या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसी सामग्री ले जाने का संदेह हो।

'ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ' के अध्यक्ष जनरल डैन केन ने विशेष रूप से प्रशांत क्षेत्र में जारी अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि अमेरिकी सेना उन जहाजों को भी निशाना बनाएगी जो इस सप्ताह की शुरुआत में लागू नाकाबंदी से पहले होर्मुज जलडमरूमध्य से बाहर निकले थे। यह जलडमरूमध्य ऊर्जा और अन्य आपूर्ति के लिए एक महत्वपूर्ण मार्ग है। 

10:41 (IST) 17 Apr 2026

Aaj ki Taaja Khabar LIVE: झारखंड के कुछ हिस्सों में 19-20 अप्रैल को भीषण गर्मी की चेतावनी

झारखंड के कुछ हिस्सों में 19 और 20 अप्रैल को ऊष्म लहर की चेतावनी जारी की गई है, जिसमें अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने की संभावना है। वर्तमान में राज्य भर में तापमान 33.5 से 41.8 डिग्री सेल्सियस के बीच है। जिन जिलों में ऊष्म लहर चलने की आशंका है उनमें गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं।

10:26 (IST) 17 Apr 2026
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाई जा रही है, ये खुशी की बात- अन्नामलाई

तमिलनाडु BJP नेता के. अन्नामलाई ने कहा- लोकसभा सांसदों की संख्या बढ़ाई जा रही है। इसमें एक और स्वागत योग्य और खुशी की बात यह है कि हमारी माताओं और बहनों के लिए 33% आरक्षण तय किया गया है। यह 33% आरक्षण निश्चित रूप से एक साधारण किसान परिवार में जन्मे बच्चे को - भले ही वह सबसे दूरदराज के ग्रामीण इलाके से हो - राजनीति में आने और लोगों को बदलाव की ओर ले जाने में मदद करेगा।

10:19 (IST) 17 Apr 2026
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: संजीव अरोड़ा के आवास पर ईडी की छापेमारी

प्रवर्तन निदेशालय ने पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा और कुछ अन्य लोगों से जुड़े परिसरों पर एक जांच के तहत शुक्रवार को छापेमारी शुरू की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी के अधिकारी लुधियाना और कुछ अन्य स्थानों की छापे मार रहे हैं। निदेशालय ने आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरोड़ा के परिसर पर 2024 में भी छापा मारा था।

https://twitter.com/ANI/status/2045001320508403832

10:11 (IST) 17 Apr 2026

Aaj ki Taaja Khabar LIVE: यूएन में होर्मुज को लेकर क्या बोला भारत?

संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत हरीश पर्वतनेनी ने कहा, ''भारत के लिए ऊर्जा और आर्थिक सुरक्षा के लिहाज से एक विशेष चिंता का विषय होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाज हैं।''

उन्होंने कहा, ''इस संघर्ष में वाणिज्यिक जहाजों को सैन्य हमलों का लक्ष्य बनाए जाने की भारत कड़ी निंदा करता है।''

10:10 (IST) 17 Apr 2026

Aaj ki Taaja Khabar LIVE: होर्मुज पर यूएन में भारत की मांग

भारत ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के दौरान वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाए जाने को निंदनीय बताया और होर्मुज जलमार्ग के माध्यम से निर्बाध नौवहन एवं वैश्विक व्यापार को जल्द बहाल किए जाने की मांग की

09:34 (IST) 17 Apr 2026
आप नेता संजीव अरोड़ा के घर ईडी की रेड

पंजाब के कैबिनेट मंत्री और बड़े बिजनेसमैन संजीव अरोड़ा के घर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापा मारा है। आज सुबह पंजाब के लुधियाना में उनके घर में ED की टीम पहुंची और बाहर केंद्रीय पुलिस बल को तैनात किया गया है। 

09:32 (IST) 17 Apr 2026

इजरायल और लेबनान के बीच 10 दिन का युद्धविराम प्रभावी हुआ

लेबनान और इजरायल के बीच 10 दिन का युद्धविराम स्थानीय समयानुसार गुरुवार मध्य रात्रि से प्रभावी हो गया। लेबनान में स्थित ईरान समर्थित हिजबुल्ला चरमपंथी समूह और इजरायल के बीच एक महीने से अधिक समय से जारी युद्ध के बाद, दोनों पड़ोसी देशों ने मंगलवार को दशकों बाद अपनी पहली सीधी कूटनीतिक वार्ता की। यह वार्ता वाशिंगटन में हुई। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने लेबनान में 10 दिन के युद्धविराम पर सहमति जताई है।

09:12 (IST) 17 Apr 2026

महिला आरक्षण और परिसीमन पर बोले राम कृपाल यादव

महिला आरक्षण बिल और परिसीमन बिल पर बिहार के मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा- PM नरेंद्र मोदी जो कहते हैं, वो करते हैं। हमारे एजेंडे का एक अहम वादा यह है कि जब हम सत्ता में आएंगे, तो महिलाओं को आरक्षण देंगे। पीएम मोदी ने कहा है कि अब वह समय आ गया है जब महिला आरक्षण को ज़मीनी स्तर पर लागू किया जाए। कई राज्यों को चिंता है कि जनगणना के आधार पर उनका प्रतिनिधित्व कम हो जाएगा। PM मोदी ने राज्यों को भरोसा दिलाया है कि किसी का भी प्रतिनिधित्व कम नहीं होगा।