आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Hindi News (हिंदी न्यूज़): आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Hindi News (हिंदी न्यूज़) LIVE: ऊर्जा संकट के बीच देश के कई शहरों में एलपीजी सिलेंडर की कमी की खबरें सामने आ रही हैं। इसके चलते कई रेस्टोरेंट बंद करने पड़े हैं तो कई के मेन्यू में बदलाव किया गया। कई होटल, रेस्तरां, फैक्टरियां, शादी समारोहों के कैटरर्स कामकाज में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी को घेरा है।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस पश्चिम एशिया में फंसे भारतीयों के लिए कुल 58 शेड्यूल और नॉन-शेड्यूल फ्लाइट्स का संचालन करने जा रही हैं।
जम्मू के बाहरी इलाके ग्रेटर कैलाश में बुधवार रात को एक विवाह समारोह से निकलते समय पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर एक शख्स ने पीछे से गोली चला दी। घटना के वक्त उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के सलाहकार नासिर असलम वानी भी फारूक अब्दुल्ला के साथ थे। आरोपी की पहचान 63 वर्षीय कमल सिंह जामवाल के रूप में हुई है।
ईरान-इजरायल युद्ध के 13वें दिन इराक के बसरा बंदरगाह पर हुए एक हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई जिसके बाद प्राधिकारियों को देश के सभी तेल टर्मिनल पर परिचालन रोकना पड़ा। वहीं, भारतीय दूतावास ने बुधवार को बताया कि कतर में फंसे 500 से अधिक भारतीयों को नयी दिल्ली और अन्य स्थानों पर पहुंचाया गया है। कतर स्थित भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी में कहा है कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच कतर एयरवेज बृहस्पतिवार को भारत के लिए दो उड़ानें संचालित करने वाली है।
रोहित पवार ने बारामती प्लेन क्रैश घटना पर राहुल गांधी से की बात
NCP-SCP नेता रोहित पवार ने बारामती प्लेन क्रैश घटना पर कहा, "...मैंने राहुल गांधी से बात की, और हमने इस मामले पर बहुत विस्तार में बात की। मैंने उन्हें बताया कि हमारी FIR दर्ज नहीं हो रही है, और उन्होंने अपनी चिंता जताई। दूसरी चिंता TDP और VSR के लिंक की थी, क्योंकि जांच पर असर पड़ सकता है, क्योंकि उड्डयन मंत्रालय उनके पास है..."
CTET Answer Key 2026: सीबीएसई ने CTET परीक्षा प्रोविजनल आंसर Key जारी
CTET 2026 Provisional Answer Key OUT: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद (CBSE) की ओर से केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 की प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी है गई। जो उम्मीदवार (CTET February Answer Key 2026) का इंतजार कर रहे थे। वे उम्मीदवार अब आधिकारिक वेबसाइट ctet.nic.in पर जाकर प्रोविजनल आंसर-की देख व डाउनलोड कर सकते हैं। प्रोविजनल आंसर-की डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को लॉगिन क्रेडेंशियल को जमा करना होगा।
केंद्र ने राज्यों को 40,000 किलोलीटर अतिरिक्त केरोसिन आवंटित की
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि राज्यों को एलपीजी के विकल्प के रूप में 40,000 किलोलीटर अतिरिक्त केरोसिन आवंटित किया गया है।
देश में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं, लंबे संघर्ष की स्थिति में भी नहीं होगी दिक्कत: हरदीप सिंह पुरी
देश के पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गुरुवार को संसद में कहा कि ऊर्जा आपूर्ति के इतिहास में दुनिया में ऐसा समय कभी नहीं आया। उन्होंने लोकसभा में बोलते हुए कहा कि भारत की क्रूड ऑयल सप्लाई की स्थिति सुरक्षित है।
रिफाइनरियां अपनी पूरी क्षमता का उपयोग कर रही हैं: हरदीप पुरी
केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि कई मामलों में इनकी क्षमता 100% से अधिक है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल, केरोसिन, एटीएफ या ईंधन तेल की कोई कमी नहीं है। पेट्रोल, डीजल, विमानन ईंधन, टर्बाइन ईंधन, केरोसिन और ईंधन तेल की उपलब्धता पूरी तरह सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि संघर्ष शुरू होने से पहले कच्चे तेल के आयात में 55% हिस्सा था, जो अब होर्मुज के अलावा अन्य देशों से आता है, और अब लगभग 70% तक पहुंच गया है। भारत के स्रोत 2006 और 2007 में 27 देशों से बढ़कर 40 हो गए हैं। लगातार कई वर्षों तक अपनाई गई नीति के माध्यम से किए गए इस संरचनात्मक विविधीकरण ने हमें ऐसे विकल्प दिए हैं जो अन्य देशों के पास नहीं हैं। रिफाइनरियां उच्च क्षमता पर काम कर रही हैं।
राहुल ने एलपीजी को लेकर उठाए सवाल, पुरी ने पलटवार किया
राहुल गांधी के दावों के बाद बोलते हुए तेल मंत्री हरदीप पुरी सिंह ने कहा, "आधुनिक ऊर्जा इतिहास में दुनिया ने कभी ऐसा संकट नहीं देखा है... भारत की कच्चे तेल की आपूर्ति की स्थिति सुरक्षित है, और सुरक्षित मात्रा होर्मुज जलडमरूमध्य से मिलने वाली आपूर्ति से कहीं अधिक है। संकट से पहले, भारत के कच्चे तेल के आयात का लगभग 45% होर्मुज जलडमरूमध्य मार्ग से होकर गुजरता था। प्रधानमंत्री की उत्कृष्ट कूटनीतिक पहल और सद्भावना के कारण, भारत ने उतनी मात्रा में कच्चा तेल सुरक्षित कर लिया है जो बाधित होर्मुज जलडमरूमध्य से उसी अवधि में मिलने वाली आपूर्ति से कहीं अधिक है।"
हमारे यहां एक सज्जन बैठे हैं जो ऑइल मंत्री हैं। उन्होंने खुद कहा है कि वह मिस्टर एपस्टीन के दोस्त हैं- राहुल गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "मैंने पहेली सुलझा ली है और पहेली समझौते के बारे में है। हमारे यहां एक सज्जन बैठे हैं जो ऑइल मंत्री हैं। उन्होंने खुद कहा है कि वह मिस्टर एपस्टीन के दोस्त हैं।"
तेल खरीदने के लिए हमें दूसरे देश की इजाजत की क्या जरूरत- राहुल गांधी
लोकसभा में राहुल गांधी ने कहा, "हर देश की नींव उसकी एनर्जी सिक्योरिटी होती है। अमेरिका को यह तय करने की इजाज़त देना कि हम किससे तेल खरीदें, किससे गैस खरीदें और हम रूस से तेल खरीद सकते हैं या नहीं... अलग-अलग तेल सप्लायर के साथ हमारे रिश्ते हम तय कर सकते हैं...भारत जितना बड़ा देश किसी दूसरे देश को, किसी दूसरे देश के राष्ट्रपति को हमें रूसी तेल खरीदने की इजाज़त देने की इजाज़त क्यों देगा, यह तय करने की इजाज़त क्यों देगा कि हमारे रिश्ते किसके साथ हैं।"
इस जंग के बहुत बड़े नतीजे होंगे, अमेरिका-इजरायल और ईरान जंग को लेकर लोकसभा में बोले राहुल गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "मिडिल ईस्ट में जंग छिड़ गई है। यूनाइटेड स्टेट्स, इज़राइल और ईरान के बीच जंग छिड़ी हुई है। इस जंग के बहुत बड़े नतीजे होंगे। दुनिया का 20% तेल जिस सेंट्रल रास्ते से आता है, यानी स्ट्रेट ऑफ होर्मुज, उसे बंद कर दिया गया है। इसका बहुत बुरा असर होगा, खासकर हम पर क्योंकि हमारे तेल और नैचुरल गैस का एक बहुत बड़ा हिस्सा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से ही आता है। तकलीफ तो अभी शुरू हुई है। रेस्टोरेंट बंद हो रहे हैं। LPG को लेकर बहुत ज़्यादा पैनिक है...यह तो बस शुरुआत है।"
राहुल गांधी ने लोकसभा में ईरान विवाद का मुद्दा उठाया
राहुल गांधी ने लोकसभा में कहा कि अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध हो रहा है। इस युद्ध के दूरगामी परिणाम होने वाले हैं।
Aaj Ki Taaja Khabar: केंद्रीय वित्त मंत्री से मिले सीएम मोहन यादव
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने केंद्रीय वित्त मंत्री से हुई मुलाकात के बारे में कहा, "हमने अपने राज्य से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की और बैठक सकारात्मक रही... वित्त मंत्री ने आश्वासन दिया है कि विभिन्न विभागों के लंबित भुगतान 31 मार्च से पहले जारी कर दिए जाएंगे। मैं वित्त मंत्री को धन्यवाद देना चाहता हूं।"
Aaj Ki Taaja Khabar: मुख्यमंत्री संगमा ने किया कई जगहों का दौरा
मेघालय में तनाव के बीच मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने शहर भर में सार्वजनिक और निजी संपत्तियों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए कई स्थानों का दौरा किया।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से पीडब्ल्यूडी मंत्री को बाहर रखे जाने पर विवाद
केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने केरल के लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री पी ए मोहम्मद रियास को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आधिकारिक कार्यक्रम से कथित रूप से बाहर रखे जाने को लेकर पैदा हुए विवाद के मद्देनजर बृहस्पतिवार को कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में मंच पर उपस्थित रहने वाले लोगों का चयन 'ब्लू बुक प्रोटोकॉल' के अनुसार किया जाता है।
मेघालय: बीएसएफ पर हमला
मेघालय के गारो हिल्स क्षेत्र में जारी अशांति के बीच सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के डीआईजी के काफिले में शामिल एक वाहन को कुछ लोगों ने आग लगा दी और बीएसएफ के जवानों पर हमला किया जिसमें वे घायल हो गए।
Delhi: झुग्गी में आग लगने के कारण 80 झुग्गियां जलकर खाक
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के मटियाला इलाके में मछली बाजार के पास एक झुग्गी बस्ती में भीषण आग लग जाने के कारण कम से कम 80 झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। पुलिस के अनुसार, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
अमेरिका पाकिस्तान में स्थित अपने वाणिज्य दूतावास को स्थायी रूप से बंद करेगा
अमेरिका पाकिस्तान में स्थित अपने वाणिज्य दूतावास को स्थायी रूप से बंद करेगा। अमेरिकी विदेश मंत्रालय पाकिस्तान के पेशावर में स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास को स्थायी रूप से बंद करेगा। यह अफगान सीमा के सबसे नजदीक स्थित अमेरिकी राजनयिक मिशन था और 2001 में अफगानिस्तान पर अमेरिका के हमले से पहले और बाद में एक प्राथमिक संचालन केंद्र था।
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: लोकसभा दो बजे तक स्थगित
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को एलपीजी के मुद्दे पर बोलने देने की मांग करते हुए कांग्रेस सदस्यों ने शोर-शराबा किया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित
ईरान के हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत
इराक के पास अमेरिकी तेल टैंकर पर ''आत्मघाती'' नौका से किए गए ईरान के हमले में एक भारतीय नागरिक के मारे जाने की सूचना है। सूत्रों ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि अमेरिकी स्वामित्व वाले और मार्शल आइलैंड ध्वज वाले तेल टैंकर 'सेफसी विष्णु' पर इराक के जलक्षेत्र के भीतर खोर अल जुबैर बंदरगाह के पास एक ईरानी नौका ने हमला किया था। सूत्रों के अनुसार, हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: एलपीजी संकट पर विपक्ष का प्रदर्शन
कांग्रेस और कई अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों ने देश में एलपीजी के कथित संकट को लेकर बृहस्पतिवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया। संसद के मकर द्वार के निकट कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, द्रमुक और कई अन्य विपक्षी दलों के सांसद एकत्र हुए और उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने ''मोदी जी एलपीजी'' के नारे लगाए।
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने ली शपथ
भारतीय पुलिस सेवा के पूर्व अधिकारी आर एन रवि ने बृहस्पतिवार को यहां लोक भवन में आयोजित एक समारोह में पश्चिम बंगाल के 22वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली। कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सुजॉय पॉल ने रवि को पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के तौर पर शपथ दिलाई। समारोह में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी, कोलकाता के महापौर फिरहाद हाकिम और वाम मोर्चा के अध्यक्ष बिमान बोस उपस्थित रहे। हालांकि, विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी के किसी नेता ने समारोह में हिस्सा नहीं लिया।
मणिपुर: बंधक बनाए गए 21 तंगखुल नगा को बातचीत के बाद छोड़ा
मणिपुर के उखरुल जिले में कुकी समुदाय के ग्रामीणों और हथियारबंद लोगों द्वारा बंधक बनाए गए 21 तंगखुल नगा लोगों को वार्ता के बाद बृहस्पतिवार तड़के छोड़ दिया। अधिकारियों ने बताया कि कुकी ग्रामीणों और हथियारबंद लोगों ने तीन वाहनों में जा रहे इन लोगों को बुधवार दोपहर शांगकाई में बंधक बना लिया था।
अविश्वास प्रस्ताव पर दोपहर 12 बजे अपनी बात रखेंगे ओम बिरला
लोकसभा में अपने खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव (जिसे सदन ने खारिज कर दिया है) पर दोपहर 12 बजे अपनी बात रखेंगे अध्यक्ष ओम बिरला।
कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम
दिल्ली में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 3.1 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने दिन में आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है जबकि अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 219 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है।
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: जॉर्डन पर ईरान के हमलों की निंदा
भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में उस प्रस्ताव को सह-प्रायोजित किया जिसमें खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) के देशों एवं जॉर्डन के खिलाफ ईरान द्वारा किए गए भीषण हमलों की निंदा की गई है। सभी ईरानी हमलों को तत्काल रोके जाने की मांग की गई है और होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की धमकियों की भी निंदा की गई है।
मुंबई के विधान भवन को बम से उड़ाने की धमकी
मुंबई के विधान भवन को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी ईमेल के जरिए दी गयी है। बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) की टीम समेत पुलिस मौके पर मौजूद है।
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: फारूक अब्दुल्ला पर हमले की निंदा
नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता एवं सांसद आगा रुहुल्लाह मेहदी और पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के प्रमुख सज्जाद लोन ने जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर हुए हमले की निंदा की। मेहदी ने अपने 'फेसबुक' हैंडल पर पोस्ट किया, ''सांसद रुहुल्लाह मेहदी जम्मू में एक विवाह समारोह के दौरान डॉ. फारूक अब्दुल्ला और उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी पर गोली चलाने की घटना की कड़ी निंदा करते हैं।''
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: तेल की कीमत
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक 'ब्रेंट क्रूड' की कीमत बृहस्पतिवार तड़के 100 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गयी। इसकी कीमत कुछ दिन पहले भी 120 अमेरिकी डॉलर के करीब पहुंच गई थी। होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास वाणिज्यिक पोतों पर ईरानी हमलों के कारण आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ने से तेल की कीमत में नौ प्रतिशत से अधिक की तेजी आई। अमेरिका के मानक कच्चे तेल का दाम बढ़कर लगभग 95 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया।
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: नोएडा में भीषण आग
नोएडा के फेज 1 पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-4 के बी-40 स्थित कैपिटल पावर सिस्टम लिमिटेड कंपनी में अज्ञात कारणों से आग लग गई। स्थानीय पुलिस बल और दमकल विभाग की मदद से आग बुझाने और बचाव कार्य जारी है। कुछ लोग घायल हुए हैं और उनका इलाज चल रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और गौतम बुद्ध नगर के मुख्य पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: झूठ और धोखाधड़ी ज्यादा दिन नहीं टिकते- सौरभ भारद्वाज
दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किए जाने पर आम आदमी पार्टी (AAP) के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा, "उपराज्यपाल खुद को यमुना का विशेषज्ञ बताते थे... हम चाहते थे कि जाने से पहले हम उन्हें उनकी पसंदीदा जगह, यमुना के किनारे की हालत दिखाएं... आपकी केंद्र सरकार भी मानती है कि आप यमुना के लिए कुछ नहीं कर सकते, वरना वे आपको दिल्ली में ही रखते... झूठ और धोखाधड़ी ज्यादा दिन नहीं टिकते।"
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: सरकार ने टेलीग्राम को दिया 3,100 से ज्यादा चैनल हटाने का निर्देश
केंद्र सरकार ने बुधवार को मैसेजिंग एप्लीकेशन टेलीग्राम को कॉपीराइट कानून का उल्लंघन करने वाले 3,100 से अधिक चैनल को तीन घंटे के अंदर हटाने का निर्देश दिया है।
