अरुणाचल प्रदेश में लगातार बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन से सोमवार को कई जिलों में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी देते हुए बताया गया है कि सड़क संपर्क बाधित होने के साथ ही सार्वजनिक ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है। बयान के अनुसार, राज्य में जारी बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में सात लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 97 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। 

सुप्रीम कोर्ट ने SIT से राम मंदिर जांच रिपोर्ट का स्टेटस मांगा

सोमवार सुप्रीम कोर्ट में श्रीराम मंदिर दान मामले में जांच से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को नोटिस जारी किया। इस मामले में जांच कर रही  SIT को सुप्रीम कोर्ट ने दान ‘चोरी’ के विवाद की जांच पर स्टेटस रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। अब इस मामले की सुनवाई 20 जुलाई को होगी। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।

अन्य बड़ी खबरें: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सड़क व परिवहन मंत्री नितिन गडकरी यूपी के उन्नाव में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। खबरों में बांकीपुर और दतिया उपचुनाव भी छाया रहेगा। दतिया में जहां नरोत्तम मिश्रा के समर्थक बीजेपी द्वारा आशुतोष तिवारी को टिकट देने से नाराज हैं तो वहीं बांकीपुर में बीजेपी द्वारा प्रत्याशी बदलने पर प्रशांत किशोर जीत के दावे कर रहे हैं।

नजर पंजाब पर भी रहेगी, जहां सतलुज मूवी को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। सूबे में जगह-जगह इस फिल्म की स्क्रीनिंग तो की ही जा रही है, साथ ही सियासी दल भी चुनावी साल को देखते हुए इससे भरपूर फायदा लेने की कोशिश कर रहे हैं।

Live Updates
22:28 (IST) 13 Jul 2026

पटना पहुंचे नितिन नवीन

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के संबंध में बैठक के लिए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन हवाई अड्डे पहुंचे। बीजेपी के लिए बांकीपुर चुनाव अब प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है।

21:39 (IST) 13 Jul 2026

27 जुलाई तक बढ़ी राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के आरोपियों की हिरासत

राम मंदिर दान में कथित चोरी का मामले में सभी 8 आरोपियों की न्यायिक हिरासत 14 दिन और बढ़ा दी गई है। आरोपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश हुए, वे अब 27 जुलाई को पेश होंगे।

21:38 (IST) 13 Jul 2026

राम मंदिर चंदा चोरी को लेकर अधिवक्ताओं ने दिया पुलिस को अल्टीमेटम

राम मंदिर चंदा चोरी को मामले को लेकर अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल आज भी राम जन्मभूमि थाने पहुंचा था। फैजाबाद बार एसोसिएशन ने FIR दर्ज न होने की स्थिति में थाने के घेराव का किया है। वकीलों की मांग है कि चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के नाम FIR में शामिल किए जाएं। वकीलों ने चेतावनी दी है कि अगर 24 घंटे के भीतर FIR दर्ज नहीं होती है तो आंदोलन किया जाएगा।

17:31 (IST) 13 Jul 2026

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी हमले, तीन पुलिसकर्मियों की मौत

पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सोमवार को अलग-अलग आतंकी हमलों में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, टैंक-वजीरिस्तान मुख्य मार्ग पर मशाह जान बंगले के पास पुलिस के एक बख्तरबंद वाहन को लक्ष्य कर किए गए 'आईईडी' विस्फोट में एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) समेत दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

16:27 (IST) 13 Jul 2026

बांकीपुर उपचुनाव : प्रशांत किशोर और भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा ने नामांकन दाखिल किया

जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा ने बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बांकीपुर सीट से विधायक थे, लेकिन राज्यसभा के लिये चुने जाने के बाद उनके इस्तीफे की वजह से यह सीट रिक्त हुई थी, जिसके कारण इस सीट पर उपचुनाव की जरूरत पड़ी। पूर्व चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने अपनी पत्नी जाह्नवी दास की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल किया।

16:16 (IST) 13 Jul 2026

खुदरा मुद्रास्फीति जून में बढ़कर 4.38 प्रतिशत पर, मई में यह 3.93 प्रतिशत के स्तर पर थी : सरकारी आंकड़े।

खुदरा मुद्रास्फीति जून में बढ़कर 4.38 प्रतिशत पर, मई में यह 3.93 प्रतिशत के स्तर पर थी : सरकारी आंकड़े।

15:53 (IST) 13 Jul 2026

प.बंगाल में 60 रथ यात्रा समितियों को पांच-पांच लाख रु की सहायता देगी सरकार

पश्चिम बंगाल सरकार इस साल 16 जुलाई को होने वाले रथ यात्रा उत्सव से पहले राज्य की 60 रथ यात्रा समितियों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को यह घोषणा की। अधिकारी ने कहा, ''शहर में हर साल कई रथ यात्रा समारोह आयोजित किए जाते हैं। लेकिन पिछली सरकार केवल पुलिसकर्मियों की तैनाती करके अपनी जिम्मेदारी पूरी कर देती थी। हमारी सरकार ने इसमें भागीदारी करने का फैसला किया है। सरकार 60 प्रतिष्ठित रथ यात्रा समितियों को पांच-पांच लाख रुपये का अनुदान देगी।''

15:36 (IST) 13 Jul 2026

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर बातचीत जारी

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर दोनों देशों की टीम लगातार बातचीत कर रही हैं। गोयल ने कहा कि दोनों पक्ष ऐसे संतुलित और व्यावसायिक दृष्टि से सार्थक समझौते के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिससे कारोबार, किसानों, श्रमिकों और उपभोक्ताओं को ठोस लाभ मिले।

15:33 (IST) 13 Jul 2026

जयपुर में जन्मदिन पार्टी कर रहे युवकों में झगड़ा, एक युवक की मौत

जयपुर में जन्मदिन की पार्टी के दौरान झगड़े में एक युवक की कथित तौर पर चाकू लगने से मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को बताया कि इस घटना के सिलसिले में मुख्य आरोपी समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

मृतक की पहचान धौलपुर जिले के अन्नू गुर्जर के तौर पर हुई है।

रविवार देर रात मानसरोवर के आतिश मार्केट के एक क्लब में पार्टी के दौरान बहस के बाद उस पर कथित तौर पर रसोई में काम आने वाले चाकू से हमला किया गया।

मानसरोवर के थानाधिकारी लखन खटाना ने बताया कि अनुज गुर्जर ने आकाश गुर्जर, हनी गुर्जर और गजेंद्र गुर्जर समेत अन्य लोगों के साथ मिलकर अन्नू गुर्जर पर कथित तौर पर हमला किया और उसे जानलेवा चोटें पहुंचाईं।

पीड़ित को जयपुरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

इस कथित पार्टी में उम्रकैद की सजा काट रहे दो कैदी -- कुलदीप गुर्जर उर्फ कुल्लू गुर्जर और राजेश गुर्जर -- भी शामिल हुए थे। ये दोनों जयपुर आने से पहले भरतपुर खुली जेल से कथित तौर पर भाग गए थे।

15:22 (IST) 13 Jul 2026

हंगामे के बाद छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित

छत्तीसगढ़ विधानसभा में सोमवार को मानसून सत्र के पहले दिन विपक्षी दल कांग्रेस ने अयोध्या में राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले को लेकर चर्चा की मांग की और खूब हंगामा मचाया जिसके बाद सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई।

छत्तीसगढ़ विधानसभा का मॉनसून सत्र आज से शुरू हुआ। शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए विपक्ष के नेता चरण दास महंत ने कहा कि उन्होंने राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर चर्चा के लिए कार्य स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है।

महंत ने दावा किया कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के साथ धोखा हुआ है। उन्होंने कहा कि लोगों ने राम मंदिर के लिए अपनी मेहनत की कमाई दान की थी लेकिन उनकी आस्था और भरोसे के साथ धोखा हुआ है।

भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने सदन में यह मुद्दा उठाए जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि हालांकि यह आस्था का मामला है, लेकिन यह ऐसा मुद्दा नहीं है जिस पर छत्तीसगढ़ विधानसभा में चर्चा की जाए।

15:21 (IST) 13 Jul 2026

Aaj ki Taaja Khabar LIVE: पालमू में जादू-टोने के संदेह में भतीजे की हत्या करने वाला व्यक्ति गिरफ्तार

झारखंड के पलामू जिले में सोमवार को एक व्यक्ति ने अपने 12 वर्षीय भतीजे की कथित तौर पर चाकू घोंपकर और गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी को संदेह था कि बच्चे की मां 'डायन' है (जादू-टोना करती है) और इसी वजह से उसकी पत्नी का बार-बार गर्भपात हो रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी अनिल बैठा (40) को गिरफ्तार कर लिया गया है।

14:17 (IST) 13 Jul 2026

किसानों के प्रदर्शन के मद्देनजर चंडीगढ़ के कई हिस्सों में यातायात प्रतिबंध

चंडीगढ़ में किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए सोमवार को शहर के कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लगाए गए हैं। भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू-राजेवाल) प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और अन्य मुद्दों के विरोध में वाहन रैली निकाल रही है। चंडीगढ़ पुलिस ने सोमवार को सुबह 10 बजकर 30 मिनट से दोपहर तीन बजे तक शहर की कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रतिबंध लागू किए हैं। प्रभावित मार्गों में सेक्टर 51/52 लाइट प्वाइंट से आईएसबीटी सेक्टर 43 चौक तक का मार्ग तथा सेक्टर 34-35/43-44 जंक्शन (साउथ एंड चौक) से सेक्टर 21-22/34-35 जंक्शन (पिकाडली चौक) तक का मार्ग शामिल है। इसमें हिमालयन मार्ग स्थित अरोमा लाइट प्वाइंट भी शामिल है। चंडीगढ़ पुलिस की यातायात संबंधी सलाह के अनुसार, दक्षिण मार्ग पर पिकाडली चौक से सेक्टर 20/21-33/34 जंक्शन तक के मार्ग पर भी प्रतिबंध लागू रहेंगे। इसमें किसान भवन चौक और सेक्टर 20/30-32/33 जंक्शन शामिल हैं।

14:12 (IST) 13 Jul 2026

अरुणाचल में फिर से बाढ़ और भूस्खलन के, 97 हजार से अधिक लोग प्रभावित

अरुणाचल प्रदेश में लगातार बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन से सोमवार को कई जिलों में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी देते हुए बताया गया है कि सड़क संपर्क बाधित होने के साथ ही सार्वजनिक ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है। बयान के अनुसार, राज्य में जारी बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में सात लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 97 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।

13:47 (IST) 13 Jul 2026

मेटा के बाल यौन शोषण सामग्री से जुड़े विज्ञापनों पर जवाब की समीक्षा कर रही सरकार: आईटी सचिव

आईटी सचिव एस. कृष्णन ने सोमवार को कहा कि सोशल मीडिया मंच 'इंस्टाग्राम' पर बाल यौन शोषण सामग्री (सीएसएएम) से जुड़े विज्ञापनों को लेकर जारी सरकारी नोटिस पर मेटा का जवाब मिल गया है। मंत्रालय फिलहाल इसकी समीक्षा कर रहा है और जांच के बाद इस पर उचित कार्रवाई की जाएगी। केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने पिछले दिनों मेटा को नोटिस जारी कर इंस्टाग्राम पर सशुल्क विज्ञापनों के जरिए बाल यौन शोषण सामग्री को बढ़ावा देने वाले सभी विज्ञापनों और सामग्रियों को तुरंत हटाने का निर्देश दिया था। साथ ही, कंपनी से एक निश्चित समयसीमा के भीतर इस पर विस्तृत स्पष्टीकरण मांगा था।

12:59 (IST) 13 Jul 2026

राम मंदिर दान मामला: सुप्रीम कोर्ट ने SIT से जांच रिपोर्ट सौंपने को कहा

सोमवार सुप्रीम कोर्ट में श्रीराम मंदिर दान मामले में जांच से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई हुई। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को नोटिस जारी किया है। सुप्रीम कोर्ट ने यूपी SIT को राम मंदिर दान में 'चोरी' के विवाद की जांच पर स्टेटस रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। अब इस मामले की सुनवाई 20 जुलाई को होगी।

12:54 (IST) 13 Jul 2026

मणिपुर के कांतो सबल में आगजनी की घटना बेहद दुखद - भाजपा विधायक

मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले के कांतो सबल इलाके में हुई आगजनी की घटना को भाजपा विधायक हाइखम डिंगो सिंह ने सोमवार को 'बेहद दुखद' करार दिया। सिंह उस इलाके के दौरे पर पहुंचे थे, जहां कुछ दिन पहले एक समुदाय के तीन परित्यक्त घरों को दूसरे समुदाय की करीब 600 लोगों की भीड़ ने कथित रूप से आग के हवाले कर दिया था। उन्होंने बताया कि शनिवार को हुई इस घटना के सिलसिले में दो-तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, पड़ोसी कांगपोकपी जिले से रैली निकालकर आई करीब 600 लोगों की भीड़ कांतो सबल पहुंची थी और कई स्थानों पर सड़क अवरोध के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर इन परित्यक्त घरों को जला दिया।

12:07 (IST) 13 Jul 2026

राजस्थान में कमजोर होगा मानसून

राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून का पहला चरण कमजोर पड़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले एक सप्ताह तक मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है। विभाग ने बताया कि इस दौरान प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के ज्यादातर क्षेत्रों में पूरे सप्ताह बारिश की गतिविधियां कम रहने की संभावना है।

12:06 (IST) 13 Jul 2026

बलिया में पुलिस की पिटाई से मौत के आरोप में थाना प्रभारी लाइन हाजिर

बलिया जिले के रेवती थाना क्षेत्र के गायघाट गांव में एक व्यक्ति की पुलिस पिटाई से मौत के आरोप के मामले में थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इससे पहले आरोपी उपनिरीक्षक और कांस्टेबल को निलंबित किया जा चुका है। मामले में पुलिस उपनिरीक्षक, आरक्षी और ग्राम प्रधान सहित छह लोगों के खिलाफ हत्या और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

12:06 (IST) 13 Jul 2026

खान सर को अग्रिम जमानत

पटना की एक अदालत ने कोचिंग संस्थान में गोलीबारी के मामले में खान सर के नाम से मशहूर शिक्षक फैजल खान और संस्थान के तीन कर्मचारियों को अग्रिम जमानत दी।

11:24 (IST) 13 Jul 2026

Aaj ki Taaja Khabar LIVE: दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल ने पत्नी की गोली मारकर हत्या की

दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल ने पूर्वी दिल्ली के विनोद नगर इलाके में अपने आवास पर कथित तौर पर अपनी पत्नी की सोमवार को गोली मारकर हत्या कर दी। कांस्टेबल वाहन चोरी रोधी दस्ते (एएटीएस) में तैनात था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि घटना की वजह बनी परिस्थितियों की जांच की जा रही है और अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है

11:22 (IST) 13 Jul 2026

CJI सूर्य कांत ने सुप्रीम कोर्ट में भूटान के 2 लॉ क्लर्कों का स्वागत किया।

CJI ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में दो युवा लॉ क्लर्क का स्वागत किया। ये दोनों भूटान से हैं। CJI ने कहा, "भूटान के साथ हमारी प्रतिबद्धता और न्यायिक सहयोग के तहत, हमने एक MoU किया है। आज दो युवा इसमें शामिल हुए हैं। लॉ क्लर्क के तौर पर उन दोनों का स्वागत है।"

11:19 (IST) 13 Jul 2026

Aaj ki Taaja Khabar LIVE: भोजशाला मामले की सुनवाई करेगा सुप्रीम कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के उस फैसले को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई के लिए लिस्ट करने पर सहमति जताई है, जिसमें विवादित भोजशाला परिसर को देवी सरस्वती को समर्पित मंदिर माना गया था।

11:17 (IST) 13 Jul 2026

Aaj ki Taaja Khabar LIVE: सपा संग गठबंधन पर इमरान मसूद का बड़ा बयान

इमरान मसूद ने कहा कि सपा के साथ गठबंधन पार्टी नेतृत्व तय करेगा। मैं कांग्रेस, राहुल गांधी और प्रियंंका गांधी का सिपाही हूं। पार्टी मुझे जो भी करने के लिए कहेगी मैं वो करूंगा। अखबारों में या बयानों के माध्यम से गठबंधन-गठबंधन चिल्लाना सही नहीं है। जो भी होना है, वो बैठकर तय होना चाहिए।

11:03 (IST) 13 Jul 2026

Aaj ki Taaja Khabar LIVE: बंगाल के मदरसों के शिक्षकों की याचिकाएं खारिज

सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल के मान्यता प्राप्त मदरसों के 350 से ज्यादा शिक्षकों और नॉन-टीचिंग कर्मचारियों की कई याचिकाओं को खारिज कर दिया है। इन कर्मचारियों ने अपनी नियुक्तियों को रद्द किए जाने को चुनौती दी थी और राज्य की ग्रांट-इन-एड स्कीम के तहत वेतन की मांग की थी। 13 प्रतिनिधि मामलों की जांच करने के बाद, कोर्ट को राहत देने का कोई आधार नहीं मिला और उसने सभी याचिकाएं खारिज कर दीं।

10:55 (IST) 13 Jul 2026

Aaj ki Taaja Khabar LIVE: नरोत्तम मिश्रा के स्वभाव के ठीक उलट हैं कांग्रेस उम्मीदवार- दिग्विजय सिंह

दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए नॉमिनेशन और नरोत्तम मिश्रा से जुड़े विवाद पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा- दतिया उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार और दतिया के पूर्व शाही परिवार के सदस्य घनश्याम सिंह बहुत समझदार और शांत स्वभाव के हैं। वे नरोत्तम मिश्रा से बिल्कुल अलग हैं, जिनकी पहचान आतंक, अन्याय और अत्याचार से रही है। कांग्रेस के घनश्याम  किसी का बुरा नहीं सोचते, किसी को नुकसान नहीं पहुंचाते और एक भले इंसान हैं। वे अपना सारा समय जन-कल्याण में लगाते हैं। इसलिए, नरोत्तम मिश्रा के बजाय नए उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को समझदार नेतृत्व मिलना चाहिए। ये लोग भांडेर के रहने वाले हैं, जबकि वे डबरा से थे। इसीलिए किसी स्थानीय व्यक्ति को टिकट दिया जाना चाहिए। घनश्याम जी एक जाने-माने चेहरे हैं; असल में, पूरी जनता उनके परिवार को जानती है और दतिया की पहचान उनके नाम से ही है।

10:50 (IST) 13 Jul 2026

Aaj ki Taaja Khabar LIVE: पुणे में शोभायात्रा में घुसा ट्रक

महाराष्ट्र के पुणे जिले में वारकरी (भगवान विट्ठल के भक्तों) की शोभायात्रा में ट्रक घुस गया। इस हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत की खबर है।

10:48 (IST) 13 Jul 2026

Aaj ki Taaja Khabar LIVE: प्रमोद नौटियाल गिरफ्तार

उत्तराखंड पुलिस ने बद्रीनाथ मंदिर में चढ़ावे के प्रबंधन में अनियमितताओं का आरोपी प्रमोद नौटियाल गिरफ्तार कर लिया है।

10:46 (IST) 13 Jul 2026

Aaj ki Taaja Khabar LIVE: सब एकता से रहेंगे तो नफरत खत्म हो जाएगी- यासूब अब्बास

योग गुरु रामदेव के 'हिंदू राष्ट्र' वाले बयान पर ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के मौलाना यासूब अब्बास ने कहा, "यह सही है... हम सभी इंसान हैं... अगर सभी इंसान एकता, भाईचारे और प्यार से रहें, तो देश में नफरत का माहौल खत्म हो जाएगा और नई दोस्ती पनपेगी।"

10:45 (IST) 13 Jul 2026

Aaj ki Taaja Khabar LIVE: आशुतोष तिवारी के नामंकन में शामिल होंगे नरोत्तम मिश्रा

मध्य प्रदेश बीजेपी के नेता नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि वो दिल्ली गए थे लेकिन बीजेपी के किसी बड़े नेता से नहीं मिले। उन्होंने कहा कि वो आशुतोष तिवारी के नामांकन में शामिल होंगे।

10:43 (IST) 13 Jul 2026

Aaj ki Taaja Khabar LIVE: सुप्रीम कोर्ट आस्था को ठेस पहुंचाने वालों पर कार्रवाई करेगा- फखरुल हसन चांद

राम मंदिर दान मामले पर समाजवादी पार्टी के नेता फखरुल हसन चांद ने कहा - राम मंदिर का निर्माण सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों पर हुआ था। समिति के सदस्यों का चयन भी सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के आधार पर किया गया था। अब उम्मीद है कि सुप्रीम कोर्ट आस्था को ठेस पहुंचाने वालों पर कार्रवाई करेगा।