पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार में रविवार तड़के एक आवासीय इमारत में आग लगने से दो परिवारों के कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई।
पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी के विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती 4 मई को होगी। कोलकाता में मतगणना से एक दिन पहले मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के बाहर भारी सुरक्षा की तैनाती की गई है।
भवानीपुर स्थित सखावत मेमोरियल गवर्नमेंट गर्ल्स हाई स्कूल के स्ट्रांगरूम के बाहर मतगणना से पहले भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है।
मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में बरगी बांध में हुए क्रूज हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। जद (यू) नेता निशांत कुमार ने रविवार को बिहार में अपना पहला जनसंपर्क कार्यक्रम शुरू किया है। उन्होंने कहा, “हमने इसका नाम सद्भाव यात्रा रखा है। इसका अर्थ है सबको साथ लेकर चलना। अमीर, गरीब, दलित, अत्यंत गरीब, अल्पसंख्यक, सबको साथ लेकर चलना चाहिए। सबके प्रति प्रेम भाव होना चाहिए। गांधीजी ने भी अपना पहला सत्याग्रह चंपारण की धरती से शुरू किया था। मेरे पिता ने भी अपनी सभी यात्राएं वहीं से की थीं। मैं भी अपनी यात्रा वहीं से शुरू कर रहा हूं। इसका उद्देश्य सद्भाव को मजबूत करना है।”
पुणे में चार साल की बच्ची से बलात्कार और उसकी हत्या के विरोध में सैकड़ों लोगों ने मुंबई-बेंगलुरु राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया जिसके कारण लगभग चार घंटे तक यातायात बाधित रहा।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह युद्ध समाप्त करने संबंधी ईरान के नए प्रस्ताव की समीक्षा कर रहे हैं लेकिन यदि वह कोई गलत हरकत करता है तो उसके खिलाफ सैन्य हमले फिर शुरू किए जा सकते हैं।
मेरी पार्टी पश्चिम बंगाल में किंगमेकर की भूमिका में रहेगी- हुमायूं कबीर
आम जनता उन्नयन पार्टी (एयूजेपी) के संस्थापक और रेजिनगर विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार हुमायूं कबीर ने कहा, "आम जनता उन्नयन पार्टी के जो भी उम्मीदवार विजयी होंगे, उन सभी को बरहामपुर शहर बुलाया जाएगा। वे एक होटल में इकट्ठा होंगे और मैं स्वयं उनके साथ उपस्थित रहूंगा... मुझे विश्वास है कि कल किसी भी पार्टी को पूर्ण बहुमत नहीं मिलेगा... हमारी पार्टी किंगमेकर की भूमिका निभाएगी... तृणमूल कांग्रेस या भाजपा पहले या दूसरे स्थान पर आ सकती हैं लेकिन मेरी पार्टी तीसरे स्थान पर रहेगी और किंगमेकर की भूमिका में बनी रहेगी, मुझे विश्वास है कि मेरी पार्टी के अधिकांश उम्मीदवार जीतेंगे।"
सनातन के हितों की रक्षा करने वाली सरकार आ रही है- सुवेंदु अधिकारी
पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम और भवानीपुर से भाजपा के उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "...मैंने लक्ष्मी नारायण मंदिर में पूजा-अर्चना की। ईश्वर हमारे साथ हैं। सनातन धर्म के हितों की रक्षा करने वाली सरकार आ रही है।"
सीआरपीएफ के डीआईजी भी पहुंचे स्ट्रांग रूम
सीआरपीएफ के डीआईजी एसडी पांडे ने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के सखावत मेमोरियल गवर्नमेंट गर्ल्स हाई स्कूल स्थित स्ट्रांग रूम का दौरा किया। डीआईजी ने 4 मई को होने वाली पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना से पहले सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस पर्यवेक्षक ने किया स्ट्रांग रूम का दौरा
पुलिस पर्यवेक्षक चरण सिंह मीणा ने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के सखावत मेमोरियल गवर्नमेंट गर्ल्स हाई स्कूल स्थित स्ट्रांग रूम का दौरा किया। मीणा ने कल होने वाले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना से पहले सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
भाजपा को 170-180 सीटें मिलेंगी- सुभाष सरकार
भाजपा नेता सुभाष सरकार ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर कहा, "भाजपा को निश्चित रूप से भारी बहुमत से लगभग 170-180 सीटें मिलेंगी।"
पुणे में बच्ची से दुष्कर्म-हत्या मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन
महाराष्ट्र के पुणे जिले में चार साल की बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या की जांच के लिए एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को कहा, ''दो महिलाओं सहित छह पुलिस अधिकारियों की एसआईटी गठित की गई है। यह टीम मामले की गहन जांच करेगी।'' इस मामले में 65 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है जिसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है।
पुणे में बच्ची से दुष्कर्म-हत्या मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन
महाराष्ट्र के पुणे जिले में चार साल की बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या की जांच के लिए एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को कहा, ''दो महिलाओं सहित छह पुलिस अधिकारियों की एसआईटी गठित की गई है। यह टीम मामले की गहन जांच करेगी।'' इस मामले में 65 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है जिसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है।
अमित शाह से मिलने पहुंचे सम्राट चौधरी
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर पहुंचे।
कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन पहुंचे पवन खेड़ा
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन पहुंचे। सुप्रीम कोर्ट ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी सरमा के खिलाफ कथित तौर पर झूठे आरोप लगाने से जुड़े मानहानि मामले में उन्हें अग्रिम जमानत दी है।
मतगणना में कोई गड़बड़ी नहीं होगी- पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता
पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता ने कहा, "हम पूरी तरह से तैयार हैं। मतगणना में कोई अनियमितता नहीं होगी। सुरक्षा व्यवस्था पूरी है। मतगणना के लिए सभी को प्रशिक्षित किया गया है। इसमें केंद्र सरकार के कर्मचारी और कुछ राज्य सरकार के कर्मचारी भी शामिल होंगे। कोई गड़बड़ी नहीं होगी।"
स्वतंत्रता सेनानियों की जन्मभूमि से शुरू होगी यात्रा- राम नाथ ठाकुर
जेडीयू नेता निशांत कुमार की 'सद्भाव यात्रा' पर केंद्रीय मंत्री राम नाथ ठाकुर ने कहा, "वे चंपारण से यात्रा शुरू करेंगे... यह यात्रा स्वतंत्रता सेनानियों की जन्मभूमि से शुरू होगी। वे कार्यकर्ताओं और आम लोगों से भी मिलेंगे।"
बलात्कार और हत्या के मामले में शिवसेना ने किया विरोध प्रदर्शन
नसरापुर में नाबालिग से बलात्कार और हत्या के मामले में शिवसेना की महिला कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। शिवसेना नेता सारिका पवार ने कहा, "हम शिवसेना की नेता हैं, लेकिन एक महिला होने के नाते हम राजनीति को दरकिनार रखते हुए यह देखते हैं कि तीन साल की बच्ची के साथ हुआ यह अन्याय असहनीय है। आरोपियों को फांसी दी जानी चाहिए और हम मांग करते हैं कि यह प्रक्रिया त्वरित की जाए... न तो पार्टी और न ही सत्ताधारी दल अपराध और अन्याय को बढ़ावा देते हैं।"
अग्निकांड में मारे गए लोगों के परिवारों से मिले दिल्ली बीजेपी के नेता
बीजेपी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने रविवार को विवेक विहार इलाके में एक आवासीय इमारत में लगी आग में नौ लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। सचदेवा ने कहा कि प्रभावित परिवारों के लिए यह एक अपूरणीय क्षति है। अधिकारियों ने बताया कि रविवार तड़के विवेक विहार फेज-1 स्थित एक रिहायशी इमारत में लगी आग में एक बच्चे सहित कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। आग इमारत की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल के फ्लैट में फैल गई।
पंजाब के राज्यपाल से मुलाकात के बाद पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा, "कल विधानसभा में पारित विश्वास मत पंजाब की जनता के लिए शर्मनाक था। उन्होंने आपस में ही यह कहते हुए विश्वास मत पारित किया कि मुख्यमंत्री को नशे की हालत में विधानसभा में आने की अनुमति दी गई है, शायद यह उनकी अपनी राजनीतिक सोच है। मुख्यमंत्री ने अभद्र व्यवहार किया और मुख्य सचिव को धमकाया। मैंने राज्यपाल से इस मामले में मुख्य सचिव से व्यक्तिगत रूप से पूछताछ करने का अनुरोध किया। मैंने राज्यपाल से नौकरशाही, विशेष रूप से ईमानदार अधिकारियों की सुरक्षा करने और संवैधानिक मर्यादाओं का पालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। हम इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर भी उठाएंगे, क्योंकि यह केवल एक राजनीतिक मुद्दा नहीं बल्कि संविधान से जुड़ा मुद्दा है। मैंने हाल ही में रिहा हुए भ्रष्ट व्यक्तियों को सुरक्षा प्रदान करने का मुद्दा भी उठाया, क्योंकि इससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का संदेश जाता है।"
यह चुनाव जनता बनाम ममता बनर्जी का- भाजपा नेता कीया घोष
पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग द्वारा 165 अतिरिक्त मतगणना पर्यवेक्षकों और 77 पुलिस पर्यवेक्षकों की तैनाती पर भाजपा नेता कीया घोष ने कहा, “पश्चिम बंगाल में चुनाव नहीं, बल्कि युद्ध चल रहा है। चार अन्य राज्यों में भी चुनाव हो रहे हैं, लेकिन पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग के खिलाफ ही युद्ध चल रहा है। यह चुनाव जनता बनाम ममता बनर्जी का है। चूंकि ममता बनर्जी ने युद्ध छेड़ दिया है, इसलिए पर्याप्त मतगणना पर्यवेक्षकों और पुलिस पर्यवेक्षकों की तैनाती जरूरी है।”
कोलकाता: कोलकाता पोर्ट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार राकेश सिंह ने मंदिर में की पूजा अर्चना
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के मतों की मतगणना से पहले कोलकाता पोर्ट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार राकेश सिंह ने कोलकाता के एक मंदिर में प्रार्थना की।
कोलकाता: टीएमसी कार्यकर्ताओं का बड़ा आरोप
कोलकाता में टीएमसी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कोलकाता में भाजपा का लोगो लगी एक सफेद कार को बिना जांच के ही स्ट्रांग रूम में प्रवेश करने दिया गया। एक टीएमसी कार्यकर्ता ने बताया, "कार अंदर गई। वह सफेद रंग की कार थी, जिसके आगे भाजपा का लोगो लगा था और पीछे 'आर्मी' लिखा था। पुलिस ने कार की जांच नहीं की। भला किसी भी कार को अंदर कैसे जाने दिया जा सकता है?"
सिद्धार्थ नगर: टंकी से नीचे गिरकर एक लड़के की मौत, दो घायल
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में एक पानी की टंकी की सीढ़ी टूटने से नीचे गिरकर एक लड़के की मौत हो गई तथा दो अन्य घायल हो गए जबकि दो अन्य को सेना के हेलीकॉप्टर की मदद से नीचे उतारा गया।
पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में बारिश
चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में रविवार को भारी बारिश हुई जिससे न्यूनतम तापमान में गिरावट आई। चंडीगढ़ में सुबह आसमान में काले बादल छाए रहे, जिसके बाद तेज हवाएं चलीं, धूल भरी आंधी आई और भारी बारिश हुई। कुछ स्थानों पर बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। मोहाली, रूपनगर और लुधियाना समेत पंजाब के कुछ हिस्सों में भी बारिश हुई।
दिल्ली में बारिश और आंधी की संभावना
दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं दिन में आंधी, बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में अगले दो दिनों के लिए 'येलो' अलर्ट जारी किया था जिसमें बारिश होने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई थी । बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना छह मई तक बनी रहेगी। सफदरजंग वेधशाला ने रविवार को न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से थोड़ा कम है।
बिहार: जेडीयू पार्टी कार्यालय से अपनी सद्भाव यात्रा शुरू करेंगे निशांत कुमार
बिहार में जेडीयू नेता निशांत कुमार पटना स्थित जेडीयू पार्टी कार्यालय से अपनी सद्भाव यात्रा शुरू करेंगे। उन्होंने कहा, “हमने इसका नाम सद्भाव यात्रा रखा है। इसका अर्थ है सबको साथ लेकर चलना। अमीर, गरीब, दलित, अत्यंत गरीब, अल्पसंख्यक, सबको साथ लेकर चलना चाहिए। सबके प्रति प्रेम भाव होना चाहिए। गांधीजी ने भी अपना पहला सत्याग्रह चंपारण की धरती से शुरू किया था। मेरे पिता ने भी अपनी सभी यात्राएं वहीं से की थीं। मैं भी अपनी यात्रा वहीं से शुरू कर रहा हूं। इसका उद्देश्य सद्भाव को मजबूत करना है।”
बिहार: निशांत कुमार जमीनी हकीकत को समझेंगे- जेडीयू नेता श्रवण कुमार
निशांत कुमार की सद्भावना यात्रा पर जेडीयू नेता श्रवण कुमार ने कहा, "यह यात्रा शानदार होगी। निशांत कुमार जमीनी हकीकत को समझेंगे और अपने बहुमूल्य सुझावों से सरकार को मजबूत करेंगे। निशांत कुमार सबसे पहले बिहार को समझना चाहते हैं और जनता से संवाद स्थापित करना चाहते हैं।"
उत्तराखंड का मौसम: देहरादून में तेज आंधी और बारिश से मौसम ठंडा
उत्तराखंड के देहरादून में मौसम ने करवट बदली है। सुबह 10 बजे देहरादून में रात जैसा नजारा हो गया। अचानक तेज आंधी और बारिश से मौसम ठंडा हो गया।
बंगाल चुनाव: भवानीपुर में स्ट्रांगरूम के बाहर सुरक्षा कड़ी
भवानीपुर स्थित सखावत मेमोरियल गवर्नमेंट गर्ल्स हाई स्कूल के स्ट्रांगरूम के बाहर मतगणना से पहले भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है।
बंगाल चुनाव: मतगणना से पहले कोलकाता में भारी सुरक्षा बलों की तैनाती
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती 4 मई को होगी। वहीं कोलकाता में मतगणना से एक दिन पहले मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के बाहर भारी सुरक्षा की तैनाती की गई है।
केरल: त्रिकोणीय मुकाबले के बाद चार मई को चुनाव परिणाम पर नजर
केरल में सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ), विपक्षी दल संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के बीच नौ अप्रैल को हुए चुनावी मुकाबले के बाद अब सबकी निगाहें सोमवार को मतगणना के बाद सामने आने वाले नतीजों पर टिकी हैं। राज्य के बदलते राजनीतिक परिदृश्य में अपनी स्थिति मजबूत करने के प्रयास में लगे तीनों गठबंधनों के लिए ये चुनाव परिणाम बेहद महत्वपूर्ण हैं। केरल में कुल 2,71,42,952 मतदाता हैं, जिनमें से 79.63 प्रतिशत ने नौ अप्रैल को 140 विधानसभा क्षेत्रों में हुए चुनाव में अपने मत डाले। राज्य की 140 सीट के लिए कुल 883 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा।
कल चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के चुनाव नतीजे
कल चार राज्यों- पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, असम और एक एक केंद्र शासित प्रदेश - पुडुचेरी का चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा।
बच्ची से बलात्कार एवं हत्या का मामला: पुणे में सैकड़ों लोगों ने राजमार्ग पर किया प्रदर्शन
पुणे में चार साल की बच्ची से बलात्कार और उसकी हत्या के विरोध में सैकड़ों लोगों ने मुंबई-बेंगलुरु राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया जिसके कारण व्यस्त मार्ग पर लगभग चार घंटे तक यातायात बाधित रहा। बच्ची के परिवार के सदस्यों और अन्य प्रदर्शनकारियों ने शनिवार शाम को 'नवाले ब्रिज' क्षेत्र में पीड़िता के शव को सड़क पर रख दिया और इस मामले में गिरफ्तार 65 वर्षीय व्यक्ति को कड़ी सजा दिए जाने की मांग की। कई ऐसे वीडियो सामने आए हैं जिनमें राजमार्ग पर भारी यातायात जाम दिख रहा है।
