8 February Highlights: खबरों के लिहाज से आज का दिन अहम है। पीएम मोदी का मलेशिया दौरे का आज दूसरा दिन है। इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार से लेकर डिफेंस के बीच कई अहम मुद्दों पर द्विपक्षीय वार्ता हो सकती है। जापान में नई सरकार के गठन के लिहाज से दिन अहम है क्योंकि जापान में आज आम चुनाव को लेकर वोटिंग शुरू हो गई है। दूसरी ओर आज ही थाईलैंड में भी आम चुनाव हैं, जिसमें अपनी नई सरकार का चुनाव करने के लिए मतदान करेगी। इसके अलावा बांग्लादेश में चुनाव से पहले एक बुजुर्ग हिंदू नेता की न्यायिक हिरासत के दौरान मौत हो गई है। वहीं आज दिल्ली में बीजेपी सरकार बने साल भर पूरा हो गया है। इस मौके पर दिल्ली में कई तरह के सरकारी और बीजेपी के कार्यक्रम होने की संभावना है।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: देश-विदेश से जुड़ी सभी अहम खबरों के लाइव अपडेट्स के लिए जुड़े रहें jansatta.com के लाइव ब्लॉग के साथ...
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: भारत-अमेरिका ट्रेड डील सकारात्मक- संजय झा
जेडीयू सांसद संजय कुमार झा ने कहा कि अगले 5 वर्षों में हम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बिहार को विकसित राज्यों की सूची में लाने के सपने की ओर कदम बढ़ाएंगे। अमेरिका-भारत व्यापार समझौता बहुत ही सकारात्मक खबर है। इसके विवरण जल्द ही सामने आएंगे, लेकिन यह भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए बहुत ही सकारात्मक खबर होगी। न केवल अमेरिका, बल्कि भारत ने यूरोपीय संघ, न्यूजीलैंड सहित कई देशों के साथ व्यापार समझौते किए हैं।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: प्रियंका चतुर्वेदी ने उठाए भारत-यूएस ट्रेड डील पर सवाल
भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते पर शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि यह कोई भरोसेमंद व्यापार समझौता नहीं है। यह एक विश्वासघाती समझौता है, जिसमें अमेरिका ने एक फरमान जारी कर यह तय किया है कि भारत को किस तरह का समझौता करना चाहिए... उन्होंने हमारे राष्ट्रीय हित और राष्ट्रीय नीति को पूरी तरह से अमेरिका के हवाले कर दिया है... यह विश्वासघात है, और यह किस मजबूरी में किया गया? आज सरकार को इस व्यापार समझौते पर चर्चा करने के लिए संसद के पटल पर आना होगा... क्या सरकार पर दबाव डाला गया था, और इसके क्या कारण थे? इन सभी मुद्दों पर संसद के मंच पर चर्चा होनी चाहिए।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: गोगोई के खिलाफ होनी चाहिए कार्रवाई- AIUDF विधायक
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा द्वारा कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई और उनकी पत्नी एलिजाबेथ गोगोई पर दिए गए बयान पर एआईयूडीएफ के महासचिव और विधायक रफीकुल इस्लाम ने कहा कि अगर गौरव गोगोई और एलिजाबेथ गोगोई के पाकिस्तान से संबंध हैं, तो उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। वे दो साल से क्यों इंतजार कर रहे हैं?... गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री मोदी उनके भाषण सुनते रहते हैं। मुझे नहीं लगता कि यह सिर्फ एक राजनीतिक बयानबाजी है।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: मलेशिया-भारत के बीच बढ़ा निवेश - पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, "पिछले कुछ वर्षों में हमारे संबंधों ने एक नई गति पकड़ी है। मेरे मित्र, प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम का इसमें विशेष योगदान रहा है। ऊर्जा, अवसंरचना और विनिर्माण क्षेत्रों में हमारे बीच सहयोग मजबूत हुआ है। डिजिटल अर्थव्यवस्था, जैव प्रौद्योगिकी और आईटी में आपसी निवेश बढ़ा है। पर्यटन और जन-संबंध भी गहरे हुए हैं। इन उपलब्धियों से प्रेरणा लेते हुए, हमने अपनी साझेदारी में अभूतपूर्व गति और गहराई लाने का निर्णय लिया है।"
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: मेरी 2026 की पहली विदेश यात्रा है मलेशिया
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "पिछले साल मैं आसियान शिखर सम्मेलन के लिए मलेशिया नहीं आ सका था, लेकिन मैंने अपने प्रिय मित्र से वादा किया था कि मैं जल्द से जल्द मलेशिया आऊंगा। 2026 की अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए मैं मलेशिया आया हूं।"
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: पीएम मोदी ने बताई भारत के लिए मलेशिया की अहमियत
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "भारत-मलेशिया संबंध वास्तव में विशेष हैं। हम समुद्री पड़ोसी हैं। सदियों से हमारे दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे संबंध रहे हैं। आज, मलेशिया दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा देश है जिसकी आबादी भारतीय मूल की है। हमारी सभ्यताएं साझा सांस्कृतिक विरासत और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़ी हुई हैं।"
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: भारत-मलेशिया के बीच द्विपक्षीय वार्ता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम की उपस्थिति में भारत और मलेशिया के बीच समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान हुआ।
