आज की बड़ी खबरों की बात करें तो मुख्य तौर पर देश की संसद चर्चा में रह सकती है। विपक्षी दल लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला सकते हैं। अध्यक्ष के खिलाफ नोटिस कब दिया जाए, इस पर आज फैसला लिया जाएगा। बीजेपी की महिला सांसदों ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को एक लेटर लिखकर उनसे अपील की है कि वे उन विपक्षी सांसदों के खिलाफ नियमों के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई करें, जिन्होंने सदन परिसर में ऐसे घिनौने काम किए हैं और हमारे लोकतांत्रिक संस्थानों को बदनाम किया है।

इसके अलावा मंगलवार शाम 4:30 बजे संसद की विदेश मामलों की स्टैंडिंग कमेटी की बैठक होगी। इस बैठक में शशि थरूर ने विदेश सचिव और वाणिज्य सचिव को बुलाया है। दोनों से ट्रेड डील और रूस से तेल खरीद पर सवाल किया जा सकता है। वहीं पश्चिम बंगाल में SIR प्रक्रिया पर सुप्रीम कोर्ट में आज भी सुनवाई होगी। राज्य में SIR की प्रक्रिया नवंबर 2025 में शुरू हुई थी।

Live Updates
20:21 (IST) 10 Feb 2026

सत्तापक्ष व्यवधान पैदा न कर सके, इसलिए बजट पर राहुल ने चर्चा शुरू नहीं की: सूत्र

विपक्ष के कई नेता चाहते थे कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में राहुल गांधी बजट पर चर्चा की शुरुआत करें, लेकिन उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसा करने से सत्तापक्ष की ओर से ''सुनियोजित व्यवधान'' पैदा किया जा सकता है और इससे इस महत्वपूर्ण बहस चर्चा पर असर पड़ सकता है। कांग्रेस सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार, गांधी बुधवार को केंद्रीय बजट पर बोल सकते हैं। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के संसद परिसर स्थित कक्ष में हुई विपक्षी नेताओं की बैठक में विभिन्न विपक्षी दलों के नेताओं ने अपनी रणनीति पर विचार-विमर्श किया।

20:03 (IST) 10 Feb 2026

अमिताभ बच्चन ने पड़ोसी को 'जलसा' में आमंत्रित किया

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन ने अपने पड़ोसी व प्रशंसक निर्मित जेसरानी को अपने घर आमंत्रित कर चौंका दिया। निर्मित एक वायरल वीडियो में अपनी बालकनी से अमिताभ बच्चन का अभिवादन करते हुए नजर आए थे, जिसमें बाद उन्हें यह आमंत्रण मिला। निर्मित ने सोमवार को 'इंस्टाग्राम' पर अमिताभ बच्चन के साथ एक तस्वीर साझा की और कहा कि इस अवसर के लिए वह बेहद आभारी हैं। उन्होंने कहा, "विश्वास ही नहीं हो रहा कि ऐसा हुआ। अमिताभ बच्चन जी से मिलने का सौभाग्य मिला। इस अवसर और उनके इस प्यारे व्यवहार के लिए मैं बहुत आभारी हूं। उनके घर से 'संडे दर्शन' का सीधा प्रसारण देखा और वाह। ऊर्जा तो बिल्कुल अद्भुत थी। सचमुच अविस्मरणीय।"

19:03 (IST) 10 Feb 2026

दिल्ली सरकार की कर्ज देने वाली एजेंसी डीएफसी बंद

दिल्ली सरकार ने बढ़ते घाटे के चलते कर्ज देने वाली एजेंसी दिल्ली वित्त निगम (डीएफसी) को बंद कर दिया है और इसकी परिसमापन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए नौ सदस्यीय समिति का गठन किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। डीएफसी के परिसमापन की अधिसूचना वित्त विभाग ने छह फरवरी को जारी की थी। अधिकारियों ने बताया कि पिछले महीने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक में इस संस्थान को बंद करने का निर्णय लिया गया था। मझोली, लघु और सूक्ष्म परियोजनाओं को ऋण प्रदान करने वाली डीएफसी को जिन 'गंभीर वित्तीय कठिनाइयों' का सामना करना पड़ रहा था, उन्हें पिछले वर्ष नवंबर में इसके निदेशक मंडल के सदस्यों की बैठक में उजागर किया गया था।

17:52 (IST) 10 Feb 2026

अगर नट्स और ड्राय फूड अमेरिका से आयात होंगे तो हमारा नुकसान होगा: उमर अब्दुल्ला

भारत-अमेरिका ट्रेड डील से राज्य को नुकसान होने पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि, " अगर नट्स, ड्राय फ्रूट्स, ताजे फल, डेयरी ड्यूटी फ्री आयात किए जाएंगे तो नुकसान होगा। हमारा और है ही क्या? हमारा कोई सी फूड नहीं है हमारा मेवा, अखरोट, बादाम, जाफरान, सेव, कीवी हैं। अगर ये अमेरिका से ड्यूटी फ्री आएंगी तो नुकसान होना ही होना है... हमें इस डील से कोई फायदा नहीं है नुकसान ही नुकसान है।"

17:50 (IST) 10 Feb 2026

फ्रांस के राष्ट्रपति 17 से 19 फरवरी तक भारत यात्रा पर रहेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बुलावे पर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों 17-19 फरवरी 2026 को भारत की आधिकारिक यात्रा पर आएंगे।

17:44 (IST) 10 Feb 2026

लाडली योजना की जगह दिल्ली लखपति बिटिया योजना लाएंगी सीएम रेखा गुप्ता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "हम लाडली योजना को बंद कर देंगे और इसकी जगह नई योजना खोलेंगे जिसका नाम होगा दिल्ली लखपति बिटिया योजना। जिसमें हम हर बच्ची को जो दिल्ली की निवासी है जिसका परिवार दिल्ली में रहता होगा उनके घर की 2 बच्चियों को लाभ देंगे। इसमें 20 हजार की राशि बढ़ाई जाएगी। पहले जो 36000 था उसे हमने 56000 किया है। 12वीं में पहुंचने पर नहीं ग्रेजुएशन करने पर आपको ये मैच्योरिटी मिलती है जिसमें कम से कम 1 लाख मिलेंगे। हमारा प्रयास रहेगा कि दिल्ली की सभी बेटियां जो इसमें आती हैं उन्हें इसमें जोड़ा जाए। हम कुछ शर्ते लगाएंगे। 18 साल से पहले अगर मां-बाप उसकी शादी करते हैं तो इस योजना का लाभ उसे नहीं मिलेगा।"

17:30 (IST) 10 Feb 2026

मथुरा में एक ही परिवार के पांच सदस्य मृत मिले

उत्तर प्रदेश में मथुरा के खप्परपुर गांव में एक ही परिवार के 5 सदस्य, जिसमें पति, पत्नी और उनके 3 बच्चे शामिल थे, मृत पाए गए। एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है।

16:00 (IST) 10 Feb 2026

शरद पवार के स्वास्थ्य में सुधार

सीने में संक्रमण के बाद यहां एक निजी अस्पताल में भर्ती कराये गये एनसीपी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार तेजी से ठीक हो रहे हैं। राज्यसभा के 85 वर्षीय सदस्य शरद पवार ने सांस लेने में तकलीफ और लगातार खांसी की शिकायत की थी जिसके बाद उन्हें सोमवार दोपहर पुणे जिले के बारामती कस्बे स्थित उनके आवास से रूबी हॉल क्लिनिक लाया गया था। डॉ. साइमन ग्रांट ने बताया कि शरद पवार तेजी से ठीक हो रहे हैं। उन्होंने कहा, ''उनके सभी महत्वपूर्ण पैरामीटर सामान्य सीमा के भीतर हैं। उनकी ​​स्थिति स्थिर है और वह तेजी से ठीक हो रहे हैं।''

15:11 (IST) 10 Feb 2026

कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मानहानि का मुकदमा- हिमंता बिस्वा

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेताओं द्वारा हाल में एक प्रेस वार्ता में लगाए गए आरोपों को मंगलवार को दुर्भावनापूर्ण करार दिया। सीएम ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ 500 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दायर किया है।

14:34 (IST) 10 Feb 2026

पप्पू यादव को जमानत

गिरफ्तार सांसद पप्पू यादव को पटना सिविल कोर्ट से जमानत मिल गयी है। उन्हें 31 साल पुराने केस में बेल मिली है।

14:08 (IST) 10 Feb 2026

लोकसभा में बजट पर चर्चा जारी

लोकसभा में बजट पर चर्चा जारी है। दो बजे तक सदन स्थगित रहने के बाद अब कार्यवाही शुरू हो गयी है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर लोकसभा में बोल रहे हैं।

13:56 (IST) 10 Feb 2026

ओम बिरला को पद से हटाने के लिए प्रस्ताव

लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को ''बोलने की इजाजत नहीं देने'' और अन्य कुछ मुद्दों की पृष्ठभूमि ने विपक्ष ने अध्यक्ष ओम बिरला को पद से हटाने के लिए प्रस्ताव लाने संबंधी नोटिस मंगलवार को लोकसभा महासचिव को सौंपा।

12:48 (IST) 10 Feb 2026

नेतृत्व के मुद्दे पर कोई भ्रम नहीं- शिवकुमार

कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने मंगलवार को कहा कि मुख्यमंत्री सिद्धरमैया से जुड़े नेतृत्व मामले को लेकर उन्हें कोई भ्रम नहीं है। उन्होंने पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री बदलने को लेकर कोई टिप्पणी न करने की चेतावनी भी दी। शिवकुमार ने पार्टी नेताओं और विधायकों को याद दिलाया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पहले ही कह चुके हैं कि सभी को मौन रहना है और अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। नेतृत्व विवाद पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ''कोई भ्रम नहीं है। दूसरों को भ्रम हो सकता है, मुझे नहीं है।

12:10 (IST) 10 Feb 2026

Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: विपक्षी हंगामे के बीच फिर स्थगित लोकसभा की कार्यवाही

लोकसभा में आज फिर विपक्ष दलों का भारी हंगामा देखने को मिला है। पहले 11 बजे जब कार्यवाही शुरू हुई तो कुछ ही मिनटों में भारी हंगामे के चलते स्थगित कर दी गई। दूसरी बार जब 12 बजे फिर से कार्यवाही शुरू हुई तो महज 7 मिनट में ही कार्यवाही स्थगित कर दी गई।

10:47 (IST) 10 Feb 2026

Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: बीजेपी की महिला सांसदों ने विपक्षी सांसदों की शिकायत - किरेन रिजिजू

महिला भाजपा सांसदों द्वारा लोकसभा अध्यक्ष को लिखे पत्र पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि भाजपा सांसदों, विशेषकर महिला सांसदों ने कांग्रेस सांसदों के व्यवहार के खिलाफ लोकसभा अध्यक्ष से कड़ी शिकायत दर्ज कराई है। कांग्रेस सांसद सत्ता पक्ष की ओर चले गए। वे प्रधानमंत्री की सीट पार करके सत्ता पक्ष की ओर बढ़ गए और लगभग पूरे क्षेत्र को घेर लिया। हमें अपने भाजपा एनडीए सांसदों को नियंत्रित करना पड़ा। भाजपा की महिला सांसद कांग्रेस सांसदों के इस व्यवहार से बहुत नाराज थीं। हमने अपने सांसदों को शारीरिक टकराव से रोका। इसके बाद ये सांसद अध्यक्ष कक्ष में गए और अध्यक्ष को धमकी दी। भाजपा की महिला सांसदों ने शिकायत दर्ज कराई है। देखते हैं अध्यक्ष क्या कार्रवाई करते हैं और आगे क्या कदम उठाते हैं।

10:16 (IST) 10 Feb 2026

Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: BSF ने जब्त किए हेरोइन के पैकेट

अमृतसर में भारत पाकिस्तान सीमा से बीएसएफ ने 2 पैकेट हेरोइन बरामद किए। बीओपी शाहपुर से ये बरामदगी हुई है। बीएसएफ की 117 बटालियन की तरफ से ये बड़ी कार्रवाई गई है। पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हेरोइन आई। पूरे इलाके में बीएसएफ की तरफ से सर्च ऑपरेशन जारी है।

10:04 (IST) 10 Feb 2026

Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: ममता बनर्जी पर दिलीप घोष ने उठाए सवाल

BJP नेता दिलीप घोष ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ऐसे कई केस हैं जो करप्शन के हैं, दूसरा NIA का एंटी-नेशनल एक्टिविटी का केस है. I-PAC को भी इस केस से जोड़ा गया है, इसलिए कोर्ट में सुनवाई होगी. उन्होंने कहा, लेकिन I-PAC के ऑफिस पर रेड के बारे में, जिस तरह से ममता बनर्जी खुद वहां गईं और चीजें छिपाने की कोशिश की, उससे लगता है कि वहां कोई बहुत बड़ा राज या स्कैम छिपा है.

08:31 (IST) 10 Feb 2026
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: SIR पर आज भी होगी सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

पश्चिम बंगाल में SIR प्रक्रिया पर सुप्रीम कोर्ट में आज भी सुनवाई होगी। राज्य में SIR की प्रक्रिया नवंबर 2025 में शुरू हुई थी। ममता सरकार इसके खिलाफ है।

08:29 (IST) 10 Feb 2026

Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: विदेश मामलों की संसदीय समिति की होगी बैठक

आज शाम 4:30 बजे संसद की विदेश मामलों की स्टैंडिंग कमेटी की बैठक होगी। इस बैठक में शशि थरूर ने विदेश सचिव और वाणिज्य सचिव को बुलाया है। दोनों से ट्रेड डील और रूस से तेल खरीद पर सवाल किया जा सकता है।

18:05 (IST) 9 Feb 2026

मुरादाबाद: राजकीय बाल सुधार गृह से पांच कैदी फरार हुए, बाद में दो पकड़े गये

मुरादाबाद जिले में एक राजकीय बाल सुधार गृह से पांच कैदी दीवार फांदकर फरार हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि उनमें से दो को बाद में पकड़ लिया गया है। उसने बताया कि इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में दो अनुबंधित कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया है।

17:48 (IST) 9 Feb 2026

ओडिशा के लिए निराशाजनक बजट, एक बार फिर राज्य की अनदेखी हुई : बीजद

राज्यसभा में सोमवार को बीजू जनता दल (बीजद) के सदस्य मुजीबुल्ला खान ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि अगले वित्तवर्ष का बजट ओडिशा के लिए निराशाजनक है और एक बार फिर केंद्र ने राज्य की अनदेखी की है। उच्च सदन में वित्त वर्ष 2026-27 के बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए बीजद सदस्य ने कहा कि बजट में कई घोषणाएं की गईं लेकिन उनमें ओडिशा को शामिल नहीं किया गया। उन्होंने 'स्पीड रेल कॉरिडोर' का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें भी उनके राज्य को शामिल नहीं किया गया। इसी प्रकार बौद्ध सर्किट में भी ओडिशा की अनदेखी की गयी।

17:04 (IST) 9 Feb 2026

शरद पवार अस्पताल में भर्ती, चिकित्सकों ने सीने में संक्रमण की पुष्टि की

शरद पवार को खांसी और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद सोमवार को बारामती में उनके आवास से पुणे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। रूबी हॉल क्लिनिक के मुख्य हृदय रोग विशेषज्ञ और प्रबंध न्यासी डॉ. परवेज ग्रांट ने बताया कि सीटी स्कैन जांच में छाती में संक्रमण पाया गया है।

17:04 (IST) 9 Feb 2026

निकाय, पंचायत चुनाव जल्द से जल्द कराए जाएंगे लेकिन एसईसी का पद अब भी खाली: उमर

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को कहा कि सरकार शहरी स्थानीय निकायों और पंचायतों के चुनाव जल्द से जल्द कराने के लिए आवश्यक व्यवस्था कर रही है लेकिन केंद्र शासित प्रदेश में निर्वाचन आयुक्त का पद फिलहाल रिक्त है। अब्दुल्ला ने विधानसभा में कांग्रेस विधायक तारिक हमीद कर्रा के एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि जम्मू-कश्मीर पंचायती राज अधिनियम, जम्मू-कश्मीर नगर निगम अधिनियम और जम्मू-कश्मीर नगर निगम अधिनियम, 2000 के तहत मतदाता सूची तैयार करने और चुनाव कराने का अधीक्षण, निर्देशन और नियंत्रण राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) के पास है।

15:55 (IST) 9 Feb 2026

प्रधानमंत्री सच्चाई का सामना नहीं कर सकते: राहुल

राहुल गांधी ने सोमवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सदन में आने से डरे हुए हैं क्योंकि वह उस सच्चाई का सामना नहीं कर सकते जिसे वह (राहुल) पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे की पुस्तक के एक अंश को उद्धृत करते हुए सामने रखना चाहते थे। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के साथ सदन में किसी विपक्षी सदस्य द्वारा ''हमला करने'' का कोई सवाल ही नहीं उठता तथा यदि कोई ऐसी हरकत कर दे तो प्राथमिकी दर्ज करके उसे तत्काल गिरफ्तार किया जाए।

15:51 (IST) 9 Feb 2026

मिर्जापुर में मोटरसाइकिल पेड़ से टकराया, दो युवकों की मौत

मिर्जापुर जिले के जमालपुर थानाक्षेत्र में रानीबाग-जमालपुर लिंक रोड पर जयपत्ती गांव के पास एक मोटरसाइकिल के पेड़ से टकरा जाने से उसपर सवार दो लोगों की मौत हो गई।

CO (चुनार) मंजरी राव ने सोमवार को बताया कि जमालपुर के विवेक मौर्य (22) और हसनैन (23) रविवार रात नारायणपुर में एक दोस्त की सगाई समारोह में शामिल होने के बाद एक ही मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान, जयपत्ती गांव के पास, मोटरसाइकिल अचानक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई।

15:25 (IST) 9 Feb 2026

बस में आग लगने से कंडक्टर की मौत

दिल्ली के विकासपुरी इलाके में रविवार को एक बस से एक कंडक्टर का जला हुआ शव मिलने के मामले में पुलिस ने संदेह जताया है कि बस में आग अगरबत्ती से चिंगारी उठने के कारण लगी होगी। पुलिस ने सोमवार को बताया कि मृतक की पहचान सुनील (25) के रूप में हुई है। सुनील रात में बस में ही सोता था और मच्छरों को भगाने के लिए अगरबत्ती जलाता था। पुलिस के मुताबिक आग से बस को भारी नुकसान पहुंचा है। बस का आंतरिक हिस्सा पूरी तरह जल गया है और सीटों के केवल लोहे के ढांचे ही बचे हैं। सुनील का शव पोस्टमार्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल में रखा गया है।

14:34 (IST) 9 Feb 2026

ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर क्या बोलीं प्रियंका गांधी

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाने पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "मैंने पहले ही कहा है कि अध्यक्ष का अपमान किया गया है और उन पर इतना दबाव है कि उन्हें खुद बयान देने पड़ रहे हैं। महिला सांसद प्रधानमंत्री पर हाथ नहीं उठा सकतीं। मेरे समेत 11 कांग्रेस सांसद हैं और सभी बहुत गंभीर हैं। यह बयान बेहद गलत है और सरकार के दबाव में दिया गया है। प्रधानमंत्री में सदन में आने का साहस नहीं था इसलिए अध्यक्ष को उनकी ओर से ऐसा बयान देना पड़ा, जो गलत है।"

14:11 (IST) 9 Feb 2026

लोकसभा कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित

राहुल गांधी को न बोलने देने के मुद्दे पर बवाल के चलते लोकसभा की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी।

13:55 (IST) 9 Feb 2026

उप्र विधानसभा राज्यपाल अभिभाषण

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार समस्याओं को समाधान तक पहुंचाने में विश्वास रखती है और इसी रास्ते पर चलते हुए उत्तर प्रदेश को विकास को आगे बढ़ाने में सफलता मिली है। उत्तर प्रदेश विधानमंडल के बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विधानसभा के सभागार में विधान परिषद और विधानसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए सरकार की उपलब्धियों का ब्योरा दिया।

13:22 (IST) 9 Feb 2026

ओम बिरला को कांग्रेस की महिला सासंदों ने लिखा पत्र

महिला सांसदों ने अपने पत्र में कहा कि उन्हें इसलिए निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि वो लगातार मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ लड़ती रही हैं।

यहां पढ़िए पूरी खबर