Aaj ki Taaja Khabar, Delhi Protest: इंडिया गठबंधन राजधानी नई दिल्ली में लगातार तीसरे दिन ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़कों पर है। गुरुवार को मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्षी सांसदों के लिए कनॉट प्लेस में फिर लंच का आयोजन किया। इसके बाद वे सभी बसों में सवार होकर राजघाट पहुंचे।
राजधाट रवाना होने से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सभी सांसद राजघाट पर बापू से प्रार्थना करेंगे कि वो पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह को सद्बुद्धि दें। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि विपक्षी सांसद शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना चाहते हैं लेकिन दिल्ली पुलिस उन्हें लगातार रोक रही है।
राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि बुधवार को उनके लोगों को दिल्ली पुलिस द्वारा पीटा गया।इससे पहले बुधवार और मंगलवार को भी विपक्षी दलों के सांसद ने दिल्ली में ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर प्रदर्शन किया था। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित कई सांसदों को हिरासत में लिया था।
यह भी पढ़ें: राजघाट पर धारा 163 लागू । बेंगलुरु में CJP के प्रदर्शन में क्या हुआ । मुरली मनोहर जोशी की मोदी सरकार को सलाह
बापू को श्रद्धांजलि देने के बाद निकले राहुल गांधी
राहुल गांधी राजघाट पर बापू को श्रद्धांजलि देने के बाद वहां से निकल गए हैं।
राजघाट पर विपक्षी सांसद
राजघाट पहुंचे विपक्षी नता
विपक्षी सांसद राजघाट पहुंच गए हैं। राहुल, प्रियंका और मल्लिकार्जुन खड़गे इस समय बापू को श्रद्धांजलि अर्पित करने जा रहे हैं।
देश तीन दिनों से राहुल गांधी की अराजकता से परेशान- प्रदीप भंडारी
प्रदीप भंडारी ने कहा- इस समय आप राहुल गांधी और विपक्ष को राजघाट पर देख रहे हैं। देश के लोकतंत्र में विश्वास रखने वाला हर व्यक्ति पिछले तीन दिनों से राहुल गांधी की अराजकता और गुंडागर्दी से परेशान है। इस समय विपक्ष राजघाट गया है। अगर बापू जीवित होते, तो वे कम से कम कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी को कुछ सद्बुद्धि जरूर देते।
क्या अपनी बात को कहना अराजकता है? - देवेंद्र यादव
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा- क्या अपनी बात रखना अराजकता है? क्या संवैधानिक तरीके से ECI तक पहुँचना अराजकता है? अगर जंतर-मंतर तक शांतिपूर्ण और संवैधानिक मार्च करना और वहाँ विरोध-प्रदर्शन करना असंवैधानिक या बर्बर है, तो भी यह जारी रहेगा। हम मज़बूती से अपनी आवाज़ उठाते रहेंगे और अपनी बात रखते रहेंगे।
क्या यह भारत-पाकिस्तान बॉर्डर है? यहां तैनात पैरामिलिट्री फोर्स को देखिए- जेबी माथर
कांग्रेस सांसद जेबी माथर ने कहा- हम महात्मा गांधी से प्रेरणा लेने राजघाट जा रहे हैं, जिन्होंने अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ी, आज़ादी और न्याय के लिए संघर्ष किया... यह संविधान और देश की रक्षा के लिए भी एक आज़ादी की लड़ाई है। राहुल गांधी इसकी अगुवाई कर रहे हैं और हम सब उनके साथ हैं... क्या यह भारत-पाकिस्तान बॉर्डर है? यहाँ तैनात पैरामिलिट्री फ़ोर्स को देखिए... क्या वे हमारे साथ नागरिकों जैसा बर्ताव कर रहे हैं या आतंकवादियों जैसा?
उन्होंने राहुल- प्रियंका पर हमला किया- वामसी कृष्णा गड्डम
सांसद वामसी कृष्णा गड्डम ने कहा- उन्होंने हमारे लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी जी पर हमला किया है। हमारे साथी सांसदों पर लाठीचार्ज किया गया। हम बस शांतिपूर्ण तरीके से लोकतंत्र को बनाए रखने की मांग कर रहे हैं। आज उन्होंने CEC ज्ञानेश कुमार को Z सिक्योरिटी दी है। हम उनसे इस्तीफ़े की मांग कर रहे हैं।
राजघाट की तरफ आगे बढ़ रहे कांग्रेस समर्थक
विपक्षी सांसद बसों में सवार होकर राजघाट की तरफ बढ़ रहे हैं। इन बसों के साथ कांग्रेस के समर्थक भी राजघाट जा रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने राजघाट की तरफ जाने वाले सभी रास्तों की सुरक्षा बढ़ाई हुई है।
हम गांधी स्मारक पर धरना देंगे - मल्लिकार्जुन खड़गे
बुधवार को कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम गांधी स्मारक पर धरना देंगे। उन्होंने कहा कि वो प्रार्थना करेंगे की पीएम मोदी और अमित शाह को भगवान सद्बुद्धि दे।
पीएम मोदी के खिलाफ एक्शन होगा- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा- तकरीबन तीस सौ सांसद शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना चाहते हैं। दो दिन से हमें प्रदर्शन नहीं करने दिया जा रहा है। हमारे लोगों को पीटा गया। पीएम मोदी, शाह औऱ ज्ञानेश कुमार ने संविधान को नष्ट किया है, वोट चोरी है। राहुल गांधी ने कहा कि यह हमारी गारंटी है कि इनके खिलाफ एक्शन होगा।
'ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा होगा, होकर रहेगा'- पवन खेड़ा
कांग्रेस पार्टी के नेता पवन खेड़ा ने कहा कि हमारा एजेंडा वही है, ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा होगा, होकर रहेगा। भारत देश की मांग पर इंडिया गठबंधन सड़कों पर हैं।
अभिषेक बनर्जी लंच के लिए पहुंचे
टीएमसी के सांसद अभिषेक बनर्जी मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा आयोजित लंच के लिए पहुंच गए हैं।
महिला पुलिस कर्मियों को जान-बूझकर निशाना बनाया जा रहा- सृष्टि पांडे
हाल के विरोध प्रदर्शनों पर दिल्ली पुलिस की DCP सृष्टि पांडे ने कहा- विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं और वायरल हो रहे वीडियो से पता चलता है कि कई तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं। एक बात बहुत साफ है: महिला पुलिस अधिकारियों और कॉन्स्टेबलों के साथ-साथ नीली टोपी और नीले रंग की डोरी (लैनयार्ड) पहने अधिकारियों को जान-बूझकर निशाना बनाया जा रहा है।
DCP सृष्टि पांडे ने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके ख़िलाफ़ बदनाम करने वाले अभियान चलाए जा रहे हैं, जो वीडियो में साफ तौर पर दिख रहा है। हालाँकि, दिल्ली पुलिस एक बहुत ही प्रोफेशनल और ऊँचे हौसले वाली फ़ोर्स है; हम पूरी तरह से प्रेरित हैं। जैसे हमने पहले समाज की सेवा की है, वैसे ही हम इस स्थिति को भी अच्छे से संभालेंगे और भविष्य में भी समाज की सेवा करते रहेंगे।
पुंछ में एलओसी के पास सेना ने बारूदी सुरंग को नष्ट किया
भारतीय सेना के जवानों ने जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले के मेंढर उपमंडल में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास बृहस्पतिवार को एक बारूदी सुरंग का पता लगाकर उसे नष्ट कर दिया।
राजघाट पर सजा कांग्रेस का मंच
राजघाट पर कांग्रेस पार्टी का मंच सज गया है। यहां कांग्रेस और विपक्ष के सांसदों थोड़ी देर बाद पहुंच सकते हैं।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
कांग्रेस के धरना - प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी है। पढ़िए पूरी रिपोर्ट
जम्मू में कांग्रेस पार्टी का प्रदर्शन
जम्मू में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता चुनाव आयोग और बीजेपी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।
अमित शाह से मिलने के लिए मणिपुर के सीएम सरकारी आवास पर पहुंचे
मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करने के लिए उनके सरकारी आवास पहुंचे।
राजद नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व में INDIA गठबंधन का पटना में विरोध मार्च
बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व में INDIA गठबंधन ने पटना में एक बड़ा विरोध मार्च निकाला और राजभवन की ओर कूच किया। यह प्रदर्शन वोट चोरी के आरोपों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन का हिस्सा है।
GST काउंसिल की बैठक में कई राज्यों के सीएम मौजूद
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज GST काउंसिल की 57वीं बैठक की अध्यक्षता कर रही हैं। इस बैठक में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री शामिल हो रहे हैं।
GST काउंसिल की 57वीं बैठक दिल्ली में शुरू
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में 57वीं GST काउंसिल बैठक दिल्ली के भारत मंडपम में शुरू हो गई। इसमें कई मुद्दों पर चर्चा हो रही है।
तेजस्वी यादव, मीसा भारती समेत कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया
बिहार में SIR के विरोध में महागठबंधन के नेताओं ने तेजस्वी यादव की अगुवाई में पटना में राजभवन मार्च किया। पुलिस ने तेजस्वी यादव, मीसा भारती समेत कई राजद नेताओं को हिरासत में ले लिया। प्रदर्शन को देखते हुए शहर में पांच लेयर की बैरिकेडिंग के साथ RAF, बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और वाटर कैनन की तैनाती की गई। तेजस्वी को हिरासत में लिए जाने के बाद उनके वाहन के आसपास राजद कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई। कुछ कार्यकर्ता वाहन पर चढ़ गए और उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।
दिल्ली के जंतर-मंतर और आसपास सुरक्षा कड़ी की गई
दिल्ली के जंतर-मंतर और आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। INDIA ब्लॉक के विपक्षी सांसद आज मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। वहीं, CEC और ओडिशा के स्कूल एवं जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड के इस्तीफे की मांग को लेकर राज्य में बंद का आह्वान किया गया है।
पारिवारिक विवाद में युवक ने लगाई नाले में छलांग, मौत
नोएडा के ADCP अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि पारिवारिक विवाद के बाद 29 वर्षीय रवि ने सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास नाले में छलांग लगा दी। पुलिस, फायर, NDRF और SDRF की टीमों ने उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
खड़गे 'इंडिया' गठबंधन के नेताओं को आज फिर देंगे भोज, उसके बाद प्रदर्शन
विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के नेता बृहस्पतिवार को फिर से दिल्ली के एक रेस्तरां में दोपहर के भोज पर मिलेंगे, जिसके बाद निर्वाचन आयोग मामले में प्रदर्शन की संभावना है। सूत्रों ने बताया कि विपक्षी सांसद और नेता दोपहर करीब एक बजकर 45 मिनट पर कनॉट प्लेस स्थित मोएट्स रेस्तरां में दोपहर का भोज करेंगे।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर की कोट डी आइवर की यात्रा के दौरान भारत और इस पश्चिमी अफ्रीकी देश ने प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण सहित रक्षा तथा आतंकवाद रोधी क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
इंडिया मोबाइल कांग्रेस के 10वें संस्करण का उद्घाटन
दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यशोभूमि में इंडिया मोबाइल कांग्रेस के 10वें संस्करण का उद्घाटन कर रहे हैं। उनके आगमन पर केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने उनका स्वागत किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हेमंत सोरेन की मां के निधन पर शोक जताया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के निधन पर बृहस्पतिवार को शोक व्यक्त किया और आदिवासी समुदायों के सशक्तीकरण के लिए किए गए उनके कार्यों को याद किया। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का बुधवार को रांची के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया।
बिजनौर में शराब दुकान पर विवाद के बाद ट्रैक्टर से भीड़ को कुचला, तीन की मौत
यूपी के बिजनौर जिले में शराब की दुकान पर बुधवार देर रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर भीड़ पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार मौके से भागने के दौरान ट्रैक्टर पलटने से ट्रैक्टर चालक भी घायल हो गया।
MMDR संशोधन कानून 2026 वापस लेने को लेकर आज ओडिशा बंद
भुवनेश्वर में INDIA गठबंधन के नेता और कार्यकर्ता आज ओडिशा बंद कर रहे हैं। वे MMDR संशोधन कानून 2026 वापस लेने, शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
