दिल्ली के जनपथ में विपक्षी सासंदों के साथ लंच के बाद राहुल गांधी ने जंतर – मंतर जाने का ऐलान किया था लेकिन पुलिस ने उनकी बसों को बीच में ही रोक दिया। इस समय सेंट्रल दिल्ली की सड़कों जमकर हंगामा देखने को मिल रहा है।
दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी को डिटेन कर लिया है और उन्हें जबरन बस में बैठा दिया है। दूसरी तरफ प्रियंका गांधी सड़क पर लेट गई है। उन्होंने कहा कि सांसदों के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है।
इससे पहले बुधवार को लंच के बाद राहुल गांधी ने कहा कि वो बसों में सवार होकर जंतर मंतर जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना ही होगा। उन्होंने ज्ञानेश कुमार को वैध चुनाव आयुक्त मानने से इनकार करते हुए इस्तीफे की मांग की। राहुल ने कहा, “मेरे पास 45 FIR हैं और मेरा लक्ष्य है कि मुझे 100 FIR चाहिए। हर FIR मेरे लिए एक मेडल है।”
दिल्ली पुलिस ने पहले ही बढ़ा दी थी सुरक्षा- जैसे ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्षी सांसदों को लंच का न्योता भेजा, दिल्ली पुलिस ने सीपी और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी थी। न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, नई दिल्ली जिले के कई हिस्से किले में तब्दील कर दिए गए। यहां कई स्थानों पर बैरिकेड लगा दिए गए हैं। दिल्ली पुलिस, रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) सहित अन्य बलों के कर्मियों की भारी तैनाती की गई है।
राहुल-प्रियंका पर FIR को लेकर रुद्रप्पा लामाणी का बयान- हम डरने वाले नहीं
कर्नाटक के हावेरी में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ दर्ज FIR को लेकर राज्य मंत्री रुद्रप्पा लामाणी ने कहा कि कांग्रेस किसी भी FIR से डरने वाली नहीं है और न ही इससे दबाव में आएगी। उन्होंने कहा कि न्याय सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है। लामाणी ने गरीबों, अल्पसंख्यकों और दलितों समेत सभी लोगों से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि यदि लोग मतदान नहीं करेंगे तो वे पीछे रह जाएंगे और अपने अधिकारों से वंचित हो सकते हैं।
‘इस सरकार को हटाने के अलावा कोई रास्ता नहीं’... प्रियंका गांधी का तीखा वार
कांग्रेस ने X पर प्रियंका गांधी का एक बयान साझा करते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। पोस्ट में प्रियंका गांधी के हवाले से कहा गया, "कायरों की सरकार है, इस सरकार को हटाने के अलावा और कोई रास्ता नहीं है।"
https://twitter.com/INCIndia/status/2107863284712141002?s=20
राहुल-प्रियंका की हिरासत पर भड़के रेवंत रेड्डी, बोले- ‘ऐसा सुलूक मंजूर नहीं’
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दिल्ली में INDIA ब्लॉक के प्रदर्शन और विपक्षी नेताओं की हिरासत को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस द्वारा X पर साझा किए गए बयान में रेड्डी ने आरोप लगाया कि मोदी चुनाव जीतने के लिए चुनाव आयोग का इस्तेमाल कर रहे हैं और इसी वजह से CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशभर में विरोध हो रहा है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र बचाने की कोशिश कर रहे विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है और मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी समेत सांसदों के साथ 'आतंकवादियों जैसा सुलूक' किया जा रहा है। रेड्डी ने कहा कि यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है और विपक्ष सड़क से संसद तक अपनी आवाज उठाता रहेगा।
https://twitter.com/INCIndia/status/2107862633424761319?s=20
संविधान पर कांग्रेस का ‘हुंकार’, कहा- एक आंच नहीं आने देंगे
कांग्रेस ने अपने संघर्ष को संविधान की रक्षा से जोड़ते हुए सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला किया है। https://twitter.com/INCIndia/status/2107859644471480791?s=20
‘भारत, संविधान और वोट के अधिकार की लड़ाई’, कांग्रेस ने PM मोदी पर साधा निशाना
कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए विपक्ष के आंदोलन को भारत, संविधान और मताधिकार की लड़ाई बताया है। पार्टी ने कहा कि उसके नेता देश और संविधान के लिए संघर्ष कर रहे हैं और लोगों के वोट देने के अधिकार की रक्षा के लिए आवाज उठा रहे हैं।
https://twitter.com/INCIndia/status/2107858811939955171?s=20
दिल्ली पुलिस मोबाइल फोन पर शूट किए गए कई वीडियो की जांच कर रही है। इन वीडियो में जंतर-मंतर के पास कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान महिला अधिकारियों और कॉन्स्टेबल समेत पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।
दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सरकारी कर्मचारियों पर हमला करने, उनके काम में बाधा डालने और अन्य संबंधित प्रावधानों से जुड़ी भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत FIR दर्ज की जाएगी।
'पुलिस ने हमें पीटा, घसीटकर गाड़ी में डाला', हिरासत से रिहा होने के बाद बोले जॉन ब्रिटास
दिल्ली में INDIA ब्लॉक के प्रदर्शन के दौरान CPI(M) सांसद जॉन ब्रिटास ने पुलिस पर सांसदों के साथ बदसलूकी और मारपीट का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों को पुलिस की कथित बर्बरता का सामना करना पड़ा और सांसदों को हिरासत में लेकर वाहन में ले जाया गया।
ब्रिटास ने कहा कि अब उन्हें रिहा कर दिया गया है, लेकिन दबाव के बावजूद वे पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि वे दिल्ली की सड़कों पर अपना प्रदर्शन जारी रखेंगे और यह संघर्ष देश में आंदोलनों के इतिहास में एक नया अध्याय लिखेगा।
'जनता कभी माफ नहीं करेगी', राजेंद्र पाल गौतम का BJP पर वार
दिल्ली में INDIA ब्लॉक के प्रदर्शन के दौरान यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों से लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त, मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति तक सभी को अधिकार संविधान से मिले हैं, ये उनकी निजी शक्तियां नहीं हैं। गौतम ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर चुनाव आयोग को बीजेपी की ‘बी टीम’ में बदलने और देश के लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की लड़ाई लोकतंत्र बचाने की है। उन्होंने दावा किया कि जैसे अंग्रेजों को लगता था कि उनका शासन कभी खत्म नहीं होगा, वैसे ही बीजेपी भी ऐसा सोच रही है, लेकिन उसके अंत की शुरुआत हो चुकी है। उन्होंने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जनता सब देख रही है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को भविष्य में जनता कभी माफ नहीं करेगी।
जंतर-मंतर कूच पर हिरासत में लिए गए राहुल गांधी अब रिहा, INDIA ब्लॉक सांसदों के साथ थे
दिल्ली में जंतर-मंतर की ओर बढ़ने के दौरान हिरासत में लिए गए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को पुलिस ने रिहा कर दिया है। राहुल गांधी को हिरासत में लेकर बाराखंभा थाने ले जाया गया था।
राहुल गांधी को बाराखंभा थाने, प्रियंका गांधी को छत्रसाल स्टेडियम ले गई पुलिस
दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े मुद्दे को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए जा रहे INDIA ब्लॉक सांसदों को पुलिस ने हिरासत में लिया। हिरासत के बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को बाराखंभा थाने ले जाया गया, जबकि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया।
हिरासत में राहुल गांधी ने मीडिया को दिखाया विक्ट्री साइन
दिल्ली में जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को पुलिस ने अन्य INDIA ब्लॉक सांसदों के साथ हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने के दौरान राहुल गांधी ने मीडिया की ओर हाथ हिलाया और विक्ट्री साइन दिखाया।
‘बेरहमी से हुआ लाठीचार्ज’, हिरासत में लिए गए मनोज झा का आरोप
दिल्ली में INDIA ब्लॉक के विरोध प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए जाने के वक्त RJD सांसद मनोज कुमार झा ने पुलिस कार्रवाई पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शनकारियों पर 'बेरहमी से लाठीचार्ज' किया गया और इसके लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जिम्मेदार ठहराया।
मनोज झा ने इसे 'बर्बरता की हद' बताते हुए कहा कि उन्होंने कई वर्षों बाद ऐसे दृश्य देखे हैं। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस कार्रवाई से उसकी स्थिति उजागर हो गई है।
जंतर-मंतर के पास राहुल गांधी समेत INDIA ब्लॉक के कई सांसद हिरासत में
दिल्ली में जंतर-मंतर के पास प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत INDIA ब्लॉक के कई सांसदों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद राहुल गांधी और अन्य विपक्षी सांसदों को मौके से ले जाया गया। यह कार्रवाई उस समय हुई जब INDIA ब्लॉक के सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे थे।
प्रियंका गांधी सड़क पर लेटी, बोलीं- हमारे साथ गलत व्यवहार हुआ
कांग्रेस पार्टी की सांसद प्रियंका गांधी प्रदर्शन के दौरान सड़क पर लेट गई हैं। न्यूज एजेंसी के अनुसार, शायद उनकी तबीयत सही है।
सड़क पर लेटे-लेटे प्रियंका गांधी ने कहा कि पुलिस गलत व्यवहार कर रही।
प्रियंका के समर्थन में कई अन्य सांसद सड़क पर लेट गए हैं।
‘ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए हम साथ हैं’- CPI(M) सांसद जॉन ब्रिटास
दिल्ली में INDIA ब्लॉक के सांसदों की बस से उतरते हुए CPI(M) सांसद जॉन ब्रिटास ने कहा कि इस विरोध में अलग-अलग राज्यों और समुदायों के लोग एकजुट होकर शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा, "मलयाली, कश्मीरी, सभी यहां हैं। ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए सभी एकजुट हैं। हम सब साथ हैं।"
प्रदर्शन हमारा लोकतांत्रिक अधिकार है- पवन खेड़ा
कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा - यह हमारा लोकतांत्रिक अधिकार है; हम इस अधिकार के लिए लड़ रहे हैं। अनुच्छेद 19 हमें इस तरह से विरोध करने की इजाज़त देता है और जंतर-मंतर इसके लिए तय की गई जगह है; अगर हम यहाँ विरोध नहीं कर सकते, तो और कहाँ करेंगे?.
बस रोके जाने पर भड़कीं प्रियंका गांधी, बोलीं- ‘क्या यही तरीका है?’
दिल्ली में INDIA ब्लॉक के सांसदों की बस को पुलिस द्वारा जंतर-मंतर जाने से रोके जाने का दावा सामने आया है। बस से उतरते समय कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "क्या यही तरीका है? आप देख सकते हैं कि ये क्या कर रहे हैं।" वहीं INDIA ब्लॉक के सांसदों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनकी बस रोक दी है और उन्हें जंतर-मंतर की ओर आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जा रही है। इस दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी प्रियंका गांधी के साथ मौजूद थे।
हम चुनाव आयोग के दफ्तर जाना चाहते हैं- चरणजीत सिंह चन्नी
कांग्रेस पार्टी के संसद चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा- हम चुनाव आयोग के दफ्तर जाना चाहते हैं। यह सरकार गुंडागर्दी पर उतर आई है। यहां कोई लोकतंत्र नहीं है... हमें रोका जा रहा है।
‘FIR बाद की बात, पहले SIR का जवाब दे सरकार’, रेणुका चौधरी का BJP पर तीखा हमला
दिल्ली में आकाशवाणी भवन में प्रवेश को लेकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ FIR दर्ज किए जाने के मुद्दे पर कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “FIR बाद की बात है, पहले SIR का जवाब दे सरकार।”
जंतर-मंतर की ओर बढ़े राहुल गांधी, साथ दिखी INDIA ब्लॉक के सांसदों की बड़ी भीड़
दिल्ली में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी बड़ी संख्या में INDIA ब्लॉक के सांसदों और सुरक्षा कर्मियों के साथ जंतर-मंतर की ओर बढ़ते नजर आए। इस दौरान उनके साथ विपक्षी दलों के कई सांसद मौजूद रहे।
दिल्ली में कांग्रेस सांसद धर्मवीर गांधी ने सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष देश की करीब 60 फीसदी जनता का प्रतिनिधित्व करता है, लेकिन निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सड़क पर उतरकर आवाज उठाने के अधिकार से वंचित किया जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि विपक्षी सांसदों को कल मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) से मिलने की अनुमति भी नहीं दी गई। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता बताते हुए सरकार के रवैये पर सवाल उठाए।
सांसदों का जोश देखिए- अमर सिंह
कांग्रेस पार्टी के सांसद अमर सिंह ने कहा कि इन सांसदों का जोश देखिए, यह मोदी जी का राज है और पुलिस हमें रोक रही है। हमें कहीं तो प्रदर्शन करने दो।
उन्होंने सवाल किया- ज्ञानेश कुमार हमसे क्यों नहीं मिल सकते।
कांग्रेस पार्टी के चार सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, दीपेंद्र हुड्डा, इमरान प्रतापगढ़ी और इमरान मसूद बसों की छत पर चढ़ गए। इस दौरान उन्होंने एक-दूसरे के हाथ पकड़कर एकजुटता का प्रदर्शन किया।
मतदाता सूची से नाम हटाने पर मल्लू रवि का सवाल- 'क्या यही लोकतंत्र है?'
दिल्ली में चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची में बदलाव को लेकर विपक्ष का विरोध जारी है। कांग्रेस सांसद मल्लू रवि ने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मुद्दे पर सवाल उठाते हुए कहा, “मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए, क्या यही लोकतंत्र है?” उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। विपक्षी दल SIR के दौरान मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं और चुनाव आयोग से पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं।
https://twitter.com/PTI_News/status/2107785720488480825?s=20
जंतर-मंतर कूच के दौरान रोके गए INDIA ब्लॉक सांसद, औजला बोले- 'लोगों के अधिकार छीन लिए गए'
दिल्ली में CEC और SIR के मुद्दे पर INDIA ब्लॉक के सांसदों का विरोध प्रदर्शन जारी है। जंतर-मंतर की ओर जा रही सांसदों की बस को रोके जाने पर कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि उन्हें आगे बढ़ने से रोका जा रहा है। उन्होंने मांग की कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ FIR दर्ज हो, क्योंकि उन्होंने लोगों के अधिकार छीन लिए हैं। औजला ने कहा कि पूरा देश सड़कों पर उतर रहा है और राहुल गांधी ने हर जगह ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए विपक्ष लगातार आवाज उठा रहा है।
जंतर-मंतर की ओर बढ़े INDIA ब्लॉक के सांसद, CEC और SIR के खिलाफ जारी है विरोध
दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) और SIR के मुद्दे को लेकर INDIA ब्लॉक के सांसदों का विरोध प्रदर्शन जारी है। राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में INDIA ब्लॉक के सांसदों को ले जा रही बस जंतर-मंतर की ओर बढ़ने की कोशिश करती नजर आई। विपक्षी सांसद CEC से जुड़े मुद्दे और SIR के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं और अपनी मांगों को लेकर सरकार तथा चुनाव आयोग पर दबाव बना रहे हैं।
'मेरे पास 45 FIR, लक्ष्य 100 का, हर FIR मेरे लिए मेडल'- राहुल गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर INDI गठबंधन के सांसदों के विरोध के बीच केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्षी सांसद चुनाव आयुक्त से मिलने गए थे, लेकिन उन्होंने मुलाकात नहीं की और दिल्ली पुलिस ने उन्हें प्रदर्शन करने से रोक दिया। उन्होंने कहा कि अब जंतर-मंतर पर बैठकर देश को बताया जाएगा कि उनके लिए ज्ञानेश कुमार देश के वैध चुनाव आयुक्त नहीं हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार ने देश के लोकतंत्र को खत्म किया है और कहा कि उन्हें इस्तीफा देना पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों ने यह काम किया है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। राहुल गांधी ने अपने खिलाफ दर्ज मामलों का जिक्र करते हुए कहा, “मेरे पास 45 FIR हैं और मेरा लक्ष्य है कि मुझे 100 FIR चाहिए। हर FIR मेरे लिए एक मेडल है।”
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: राहुल गांधी पहुंचे सागर रत्ना
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बुधवार को दिल्ली के सागर रत्ना रेस्टोरेंट पहुंचे. यहां विपक्षी सांसदों का लंच हो रहा है.
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: झारखंड में डीजीपी की नियुक्ति को लेकर सुप्रीम कोर्ट गया मामला
झारखंड में DGP की नियुक्ति के खिलाफ केंद्र सरकार सुप्रीम कोर्ट पहुंची है। केंद्र सरकार का कहना है कि राज्य ने प्रकाश सिंह मामले में दिए गए निर्देशों की पूरी तरह से अनदेखी की है।
Aaj ki Taaja Khabar LIVE: ओपी राजभर के मंत्री ने कसा राहुल-प्रियंका पर तंज
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य सांसदों के खिलाफ दर्ज FIR पर उत्तर प्रदेश के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि यह सही कदम है। अगर कोई जबरदस्ती सरकारी संस्थान में घुसता है और तोड़-फोड़ करता है, तो गिरफ्तारी होगी और मामला दर्ज किया जाएगा।
